मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दक्षिण भारतीय अभिनेता प्रभास और अनुष्का शेट्टी की जोड़ी पर्दे पर हिट रही है। ‘बाहुबली’ में इन दोनों ने अपने अभिनय का शानदार नमूना पेश किया था।फैंस से लेकर समीक्षकों तक ने उनकी बॉन्डिंग को पसंद किया था।अब एक ऐसी खबर आ रही है, जिसे जानकर प्रभास के फैंस झूम उठेंगे। चर्चाओं का बाजार गर्म है कि प्रभास और अनुष्का एक बार फिर एक फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं।
प्रभास और अनुष्का एक फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। खबरों की मानें तो ये दोनों निर्देशक मारुति की अगली फिल्म में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।यह एक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें दोनों कलाकार अलहदा अंदाज में नजर आएंगे।सूत्र ने बताया कि फिल्म की घोषणा इस साल दशहरा के आसपास होगी। ऐसी चर्चा है कि इस फिल्म का शीर्षक ‘राजा डीलक्स’ रखा जा सकता है।
इस साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। रिपोर्ट की मानें तो अनुष्का के अलावा इस प्रोजेक्ट में दो और हिरोइनों को शामिल किया जाएगा।इसका मतलब है कि फिल्म में तीन अभिनेत्रियां मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म को प्रोड्यूसर डीवीवी दनय्या प्रोड्यूस करेंगे।फिल्म की शूटिंग की बात करें तो इसे तीन शेड्यूल में फिल्माने की योजना बनाई गई है। इस खबर के सामने आने के बाद प्रभास के फैंस का उत्साह बढ़ गया है।