मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अभिनेत्री पायल रोहतगी और पहलवान संग्राम सिंह की प्रेम कहानी चर्चा में रही है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।आखिरकार दोनों ने शनिवार को शादी रचा ली। इस कपल की शादी आगरा में पारंपरिक तरीके से हुई।आगरा के जेपी पैलेस में सात फेरे लेने के बाद पायल और संग्राम ने अपने जीवन का नया सफर शुरू कर दिया है। उनकी शादी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं।
पायल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शादी की तस्वीरें शेयर की हैं।साथ ही उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘पायल के संग्राम।’शेयर की गई तस्वीरों में पायल और संग्राम बेहद खुश नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री पायल लाल रंग के लहंगे में किसी परी से कम नहीं लग रही हैं।वहीं ‘कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट’ संग्राम शेरवानी में गजब ढा रहे हैं। दोनों की तस्वीरों ने फैंस का दिल जीत लिया है।
संग्राम और पायल में पिछले 12 सालों से डेटिंग चल रही थी। दोनों पहली बार रियलिटी शो ‘सर्वाइवर इंडिया’ के सेट पर मिले थे। इसी शो में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी।अपने हालिया इंटरव्यू में संग्राम ने पायल की तारीफ में कई तरह की बातें कही थीं।कहा जाता है कि 2014 में इस कपल ने अहमदाबाद में सगाई कर ली थी। अब इन दोनों ने अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है।