भारत के आर्थिक विकास की गाथा का एक अनिवार्य हिस्सा रहे स्ट्रीट वेंडर : हरदीप एस. पुरी
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आवास और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यहां नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (एनएएसवीआई) की 16वीं बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि स्ट्रीट वेंडर शहरी अनौपचारिक अर्थव्यवस्था के साथ मजबूत संबंधों के बल पर, हमेशा भारत के आर्थिक विकास की गाथा का एक अनिवार्य हिस्सा रहे हैं और हमेशा रहेंगे। आवास और शहरी कार्य मंत्री ने कहा कि आज की बैठक का विषय अतिक्रमणकारियों से स्व-नियोजित तक बहुत उपयुक्त है, क्योंकि हम रेहड़ी-पटरी वालों की सराहना करते हैं।
उन्होंने कहा कि वे अतिक्रमण करने वाले नहीं हैं, वे स्व-नियोजित हैं, हमारे न्यू इंडिया' के सामूहिक सपने में योगदानकर्ता हैं। श्री पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महामारी के दौरान, 1 जून 2020 को पीएम स्वनिधि योजना का शुभारंभ करते हुए कहा था, पीएम स्वनिधि योजना 'स्वरोजगार, स्वावलंबन, स्वाभिमान' प्रदान करने के लिए है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता के लिए उसे जनांदोलन बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन कुछ अन्य योजनाएं हैं जिन्हें लोगों की भागीदारी से बड़ी सफलता मिली है। श्री पुरी ने कहा कि जब हम स्वतंत्रता के 75 वर्ष का उत्सव मना रहे हैं, हमने सभी राज्यों, नगर पालिकाओं, शहरी स्थानीय निकायों को देश भर में स्ट्रीट वेंडर्स की सक्रिय भागीदारी के साथ स्वनिधि महोत्सव मनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी वालों की सफलता की कहानियां और भारत के आर्थिक विकास में उनके योगदान को भी जनता के सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडरों के सबसे बड़े समर्थक हैं।

