नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संसद के मानसून सत्र के दौरान सोमवार को महंगाई पर चर्चा की गई। इस दौरान लोकसभा में टीएमसी सांसद बैंगन लेकर पहुंची, जहां बैंगन खाते हुए उन्होंने कहा था कि ईंधन नहीं मिलता इसलिए बैंगन कच्चा खा जाती हूं। टीएमसी सांसद काकोली घोष का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, लेकिन उनके महंगाई पर दिए जोशीले भाषण के बीच कुछ ऐसा भी हुआ, जिसको भी सोशल मीडिया यूजर ने पकड़ लिया।
फिर निशाने पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा
सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर अब टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा आ चुकी हैं। दरअसल, सोमवार को जब लोकसभा के अंदर काकोली घोष महंगाई पर अपना भाषण दे रही थी, उसी वक्त पार्टी की दूसरी सांसद महुआ मोइत्रा ने अपना लुईस वुइटन बैग को छुपा लिया था, जिसका वीडियो अब जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
बैग छुपाते हुए वीडियो वायरल
ऐसे में सवाल यह है कि क्या तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने लोकसभा में महंगाई पर चल रही चर्चा के दौरान अपना बैग छुपाया था? बाज जैसी नजर रखने वाले नेटिजन्स का मानना है कि ऐसा हुआ है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें टीएमसी सांसद काकोली घोष लोकसभा में बोल रही हैं और मोइत्रा उनके बगल में बैठी हैं। जैसे ही काकोली ने महंगाई का मुद्दा उठाया, इधर मोइत्रा को देखकर ऐसा लगा कि उन्होंने फौरन अपना लुई वुइटन बैग टेबल के नीचे रख दिया।
सांसद ने बैग बेंच के नीचे खिसकाया
इस वीडियो को अजीत दत्ता ने ट्विटर पर शेयर किया है। उन्होंने इस कैप्शन के साथ वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "जैसे ही महंगाई का मुद्दा उठाया जाता है, किसी का लुई वुइटन बैग जल्दी से बेंच के नीचे खिसक जाता है।" अब इस वीडियो क्लिप ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया। इतना ही नहीं #LouisVuitton भी ट्विटर ट्रेंड लिस्ट में आ चुका है। बैग को बेंच के नीचे रखने का वीडियो अब जंगल में आग की तरह इंटरनेट पर फैल रहा है। यूजर वीडियो शेयर करते हुए टीएमसी सांसद को ट्रोल करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
जानिए बैग की कीमत?
यूजर्स सवाल पूछ रहे है कि आखिर महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने वाली टीएमसी सांसद इतना महंगा बैग कैसे अपने साथ लेकर आ सकती हैं। वायरल वीडियो में टीएमसी सांसद जिस लुइस वुइटन पर्स के साथ नजर आ रही हैं, उसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए है। यह काफी महंगा ब्रांड है, जिसको बॉलीवुड एक्ट्रेस भी कैरी करती हैं। बता दें कि मानसून सत्र की शुरुआत से ही विपक्षी दल महंगाई, बढ़ती कीमत और जीएसटी के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर घेरने का काम कर रही है।