पीके ने सीएम का उड़ाया मजाक, कुर्सी पर फेवीकोल लगाकर बैठे हैं नीतीश
पटना (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बिहार के सीएम नितीश कुमार का राजनीतज्ञ प्रशांत किशोर ने बड़ा मजाक उड़ाया है। प्रशांत किशोर ने कहा, अगर ये सरकार 1-2 साल में अगर 5-10 लाख नौकरियां दे देती है, तो मैं इनके समर्थन में अपना अभियान वापस ले लूंगा। प्रशांत ने मुख्यमंत्री नितीश कुमार के 20 लाख नौकरी के वादे का मजाक उड़ाया है।
नीतीश कुमार ने कहा था कि बिहार में कम से कम 10 लाख सरकारी नौकरियां और अतिरिक्त 10 लाख 'रोजगार के अवसर' पैदा किए जाएंगे। नीतीश के नौकरी के वादे पर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर सरकार अगले दो से तीन वर्षों में 5 से 10 लाख के बीच भी रोजगार के अवसर सृजित करती है तो वह अपना जन सूरज अभियान समाप्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें (नीतीश कुमार) नेता मान लूंगा।
अभी कई बार बिहार की राजनीति घूमेगी :
अपने जन सुराज अभियान के तहत समस्तीपुर पहुंचे प्रशांत किशोर ने बुधवार को महागठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो नियोजित शिक्षक स्कूलों में पढ़ा रहे हैं, उन्हें तो समय पर सरकार वेतन दे नहीं पा रही और नई नौकरियां कहां से दे पाएगी। प्रशांत किशोर ने दावा करते हुए कहा कि आने वाले समय में राजनीतिक उठापटक अभी और होगी। अभी हमको आए हुए 3 महीने ही हुए और बिहार की राजनीति 180 डिग्री घूम गई। अगला विधानसभा चुनाव आते-आते अभी कई बार बिहार की राजनीति घूमेगी।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार 'फेवीकोल' लगाकर अपनी कुर्सी पर बैठ गए हैं और बाकी की पार्टियां कभी इधर तो कभी उधर होती रहती हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता ने इस सरकार को वोट नहीं दिया था। ये सरकार जुगाड़ पर चल रही है, इसे जनता का विश्वास प्राप्त नहीं है।

