रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इंडियन नेशनल आर्मी के योद्धा मेजर ईश्वर लाल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित स्मृति सभा में इंडियन नेशनल आर्मी के योद्धा मेजर ईश्वर लाल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षामंत्री ने उनके अस्थि कलश पर फूल चढ़ाये। श्री राजनाथ सिंह ने लगभग तीन वर्ष पहले मेजर ईश्वरलाल सिंह के साथ सिंगापुर में हुई मुलाकात का स्मरण किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि इंडियन नेशलन आर्मी के सैनिकों और उनका नेतृत्व करने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।
श्री सिंह ने कहा कि नेताजी मूल्यों और आदर्शों के प्रतिमान थे और उन्होंने स्वतंत्रता के मूल्य पर कभी समझौता नहीं किया। रक्षा मंत्री ने महात्मा गांधी के प्रति नेताजी की अगाध श्रद्धा का भी उल्लेख किया। सिंगापुर निवासी मेजर ईश्वर लाल सिंह ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में इंडियन नेशनल आर्मी में अपनी सेवाएं दी थीं। 92 वर्षीय मेजर सिंह का पांच अगस्त को निधन हो गया था।

