शारदीय नवरात्र का पहला दिन : देशभर के मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शारदीय नवरात्रि का आज (सोमवार) पहला दिन है। 26 सितंबर से नवरात्र की शुरुआत हो गई है। इस दिन से नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ शक्ति रूपों की पूजा की जाएगी। सोमवार को मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। नवरात्र के पहले दिन देवी के नाम से कलश की स्थापना की जाती है। नौ दिन तक भक्त दुर्गा जी के अलग-अलग रूपों की पूजा करते हैं।
नवरात्र के पहले दिन दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु लोग पूजा-अर्चना करने पहुंचे हैं। महाराष्ट्र के मुंबई में मुंबा देवी मंदिर में नवरात्र के पहले दिन सुबह-सुबह 'आरती' की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त लोगों ने मां दुर्गा के दर्शन किए। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक खास तरह का पंडाल बनाया गया है। स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के अवसर पर स्वतंत्रता के बाद से जारी किए गए हजारों स्मारक सिक्कों से यह पंडाल बनाया गया है। कोलकाता के बाबूबगन सरबजनिन दुर्गोत्सव समिति ने इस खास दुर्गा पूजा पंडाल को बनाया है।

