भारत की स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली ने मृत्यु दर को कम करने में दक्षता दिखाई : डॉ. भारती
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने कहा, भारत की स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली ने न केवल नैदानिक और प्रबंधन सुविधाएं प्रदान करने में बल्कि मृत्यु दर को कम करने और अधिकतम स्वास्थ्य लाभ में भी दक्षता दिखाई है। डा. पवार ने नई दिल्ली में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, नई दिल्ली के 67 वें स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही।
डॉ. भारती प्रवीण पावर ने अनुसंधान श्रेणी में एम्स की रैंकिंग शीर्ष 10 शैक्षिक संस्थानों में होने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने यह भी कहा कि यह एकमात्र संस्थान है जो अनुसंधान के अलावा रोगी देखभाल करता है। उन्होंने सराहना की कि यह बहुत गर्व की बात है कि लगातार पांचवें वर्ष, एम्स, नई दिल्ली को शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी किए गए राष्ट्रीय संस्थान रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) के अनुसार चिकित्सा संस्थानों में पहला स्थान दिया गया है।
उन्होंने अधिकारियों से आने वाले वर्षों में रैंकिंग को बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, सफल होना एक यात्रा से अधिक है, एक गंतव्य नहीं। हमें न केवल उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए, बल्कि नई विशेष उपलब्धियां हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी और इन्हें हासिल करने के लिए प्रयास करना होगा।

