हिंदुस्तान

हुबली-धारवाड़ नगर निगम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का किया अभिनंदन

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्नाटक में धारवाड़ में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के नए परिसर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने भारत को विश्व गुरु बनाने में ज्ञान समाज की भूमिका पर जोर दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि ट्रिपल आईटी जैसे संस्थान युवाओं को कंप्यूटर साइंस, डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑगमेंटेड रियलिटी, डेटा साइंस, डिजिटलाइजेशन, नैनो टेक्नोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में शिक्षा से अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ा सकते हैं।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि केंद्र  की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति उच्च शिक्षा संस्थानों को अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं को शिक्षित करने के लिए तैयार करती है। उन्होंने चौथी औद्योगिक क्रांति में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय कोयला और खान मंत्री प्रह्लाद जोशी और ट्रिपल आईटी की अध्यक्ष सुधा मूर्ति भी उपस्थित थे।

इससे पहले, उत्तरी कर्नाटक में हुबली-धारवाड़ नगर निगम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिनंदन किया। राष्ट्रपति ने इसे सभी देशवासियों का सम्मान बताते हुए कहा कि हुबली-धारवाड़ के लोगों ने आज ओडिशा के एक साधारण परिवार से आने वाली महिला को सम्मानित किया और यह देश की सभी महिलाओं के सम्मान करने जैसा है। उन्होंने आह्वान किया कि  आजादी का अमृत महोत्सव के शुभ अवसर पर देश के सभी नागरिक आत्म निर्भर भारत के लिए कार्य करें। उत्तरी कर्नाटक में हुबली और धारवाड़ शहरों के शैक्षिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व के बारे में राष्ट्रपति ने कहा कि ये दोनों शहर कन्नड़ और मराठी लोगों के बीच भाषाई सद्भाव बनाते हैं। उन्‍होंने इसे प्राचीन के साथ आधुनिक का मिलन बिंदु बताया। 

कन्नड़ कवि और लेखक दत्‍तात्रेय रामचन्‍द्र बेन्‍द्रे तथा विनायक कृष्‍ण गोकाक, पंडित भीमसेन जोशी, पंडित बसवराज राजगुरु जैसे शास्त्रीय गायक यहीं से हैं। संत बसवेश्वर और सिद्धरुदा महाराज ने भी इसी जगह से आध्यात्मिक यात्रा की थी। स्वतंत्रता सेनानी नरगुंडा और रानी चेन्नम्मा ने मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। आज हुबली और धारवाड़ शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। राष्ट्रपति ने इस क्षेत्र के लोगों से देश की भलाई के लिए काम करने का आह्वान किया। केंद्रीय कोयला और खान मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राष्ट्रपति के धारवाड़ दौरे पर आने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राष्ट्रपति की सादगी और विनम्रता को रेखांकित किया।

Leave Your Comment

Click to reload image