हिंदुस्तान

मैनपुरी में डिंपल यादव की ऐतिहासिक जीत, मुलायम परिवार हुआ एकजुट, चाचा शिवपाल ने दिया बड़ा बयान

 लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने भारी मतों से जीत दर्ज की है। हालांकि चुनाव आयोग ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन डिंपल यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य पर ढाई लाख से अधिक मतों की निर्णायक बढ़त बना ली है।


खतौली विधानसभा उपचुनाव में सपा के सहयोगी रालोद प्रत्याशी मदन भैया ने मतगणना के ताजा आंकड़ों में भाजपा उम्मीदवार राजकुमारी सैनी पर 13 हजार 471 मतों से बढ़त बना ली है।

रामपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के शुरुआती बढ़त के बाद सपा के आसिम राजा भाजपा के आकाश सक्सेना से 11803 मतों से पीछे हो गये हैं।

समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक और पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को बेहद मजबूत बढ़त मिलने के बाद सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि परिवार एकजुट होकर लड़ा इसलिए पार्टी को 'बड़ी जीत' मिली है।


संवाददाताओं से बातचीत में शिवपाल ने कहा नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और समाजवादी सरकार ने मैनपुरी में जो विकास किया है उसकी वजह से बड़ी जीत हुई है। यहां आज भी नेता जी का जलवा कायम है।

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में डिंपल यादव के पक्ष में प्रचार करने वाले शिवपाल ने कहा परिवार में सभी लोग एक साथ रहेंगे। अब जो भी चुनाव होगा, हमारा पूरा परिवार एक होकर ही लड़ेगा। हमारी बहू (डिंपल) की जीत की वजह परिवार का एक होकर लड़ना है।

Leave Your Comment

Click to reload image