खेल

खेल जगत की हस्तियों ने नाडा विधेयक की सराहना की

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्यसभा ने राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी विधेयक 2022 पारित कर दिया। इस विधेयक को 17 दिसंबर, 2021 को लोकसभा में पेश किया गया और 27 जुलाई, 2022 को पारित किया गया। यह विधेयक राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी एजेंसी (नाडा) को खेल में डोपिंग-रोधी गतिविधियों को विनियमित करने के लिए एक वैधानिक निकाय के रूप में स्थापित करने का प्रावधान प्रदान करता है। साथ ही, यह ऐतिहासिक अवसर भी है जब भारत उन चुनिंदा 30 देशों के समूह में शामिल हो जाता है, जिनके पास अपना राष्ट्रीय डोपिंग-रोधी कानून है।

देश में खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों ने विधेयक की सराहना करते हुए कहा कि इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धा करने वाले खिलाड़ियों के बीच उच्चतम स्तर की एकजुटता सुनिश्चित करते हुए खेलों को स्वच्छ बनाने की दिशा में भारत की प्रतिबद्धता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

बर्मिंघम से विधेयक के बारे में, एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष और पूर्व एथलीट आदिले सुमरिवाला ने कहा, मुझे यह सुनकर बहुत खुशी हुई कि डोपिंग-रोधी विधेयक पारित किया गया है। यह लगभग 6 साल पहले शुरू किया गया था। इस विधेयक को संसद में लाने के लिए मैं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को धन्यवाद देना चाहता हूं।

इस विधेयक को पारित करना सही दिशा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है। क्योंकि, हम डोपिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस के साथ खेल को यथासंभव स्वच्छ रखना चाहते हैं। इससे माननीय प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप भारत में एक खेल पावरहाउस बनाने के साथ-साथ ओलंपिक खेलों के लिए प्रयास में जुटने में मदद मिलेगी।

विधेयक का स्वागत करते हुए, सुमरिवाला ने यह भी कहा, इससे भारत दुनिया के उन शीर्ष देशों में शामिल हो जाएगा, जो डोपिंग के खतरे से लड़ने के लिए तैयार हैं।

 

Leave Your Comment

Click to reload image