खेल

पीवी सिंधु ने लगाया गोल्डन शॉट, राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार जीता स्वर्ण पदक

 बर्मिंघम/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत लिया है। उन्होंने सोमवार (आठ अगस्त) को महिला एकल के फाइनल में कनाडा की मिशेल ली को हरा दिया। सिंधु ने यह मुकाबला 21-15, 21-13 से अपने नाम किया। वह पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहीं। इससे पहले 2018 गोल्ड कोस्ट में उन्हें मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण मिला था। तब एकल में वह साइना नेहवाल के खिलाफ फाइनल हार गई थीं।

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का बैडमिंटन में यह पहला स्वर्ण पदक हैं। देश को अब तक 19 स्वर्ण, 15 रजत और 22 कांस्य मिल चुके हैं। भारत अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। बैडमिंटन में सिंधु के बाद अब लक्ष्य सेन से पुरुष एकल में स्वर्ण की उम्मीद है।

पहले गेम का रोमांच
पीवी सिंधु ने पहले गेम में शानदार शुरुआत की। उन्होंने 4-2 से बढ़त बना ली थी, लेकिन मिशेल ली ने तुरंत वापसी की और स्कोर को बराबरी पर ला दिया। उसके बाद दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले गेम में ब्रेक तक सिंधु 11-10 से आगे थीं। ब्रेक के बाद सिंधु ने तुरंत ही पांच अंकों की बढ़त हासिल कर ली। स्कोर 17-12 हो गया। मिशेल ली ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु लगातार आक्रामक शॉट लगा रही थीं। उन्होंने पहले गेम को 21-15 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में दिखा सिंधु का पावर
दूसरे गेम में मिशेल ली ने पहला अंक हासिल किया। उसके बाद सिंधु ने वापसी की। उन्होंने अपनी ताकत का इस्तेमाल करके दो-तीन जबरदस्त स्मैश लगाए। ली के पास इसका कोई जवाब नहीं था। वह ब्रेक तक 11-6 से आगे हो गईं। इसके बाद सिंधु और ज्यादा आक्रामक हो गईं। उन्होंने ली को कोई मौका नहीं दिया और दूसरे गेम को 21-13 से अपने नाम कर लिया।

Leave Your Comment

Click to reload image