खेल

CWG 2022: जानें सौरव गांगुली ने ऐसा क्या कह दिया जिस पर मच रहा है इतना बवाल, जमकर हो रहे ट्रोल

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में भारतीय महिलाओं को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 9 विकेट से हार का सामन करना पड़ा। इसके चलते भारत एक गोल्ड मेडल जीतने से चूक गया। राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार महिला क्रिकेट को शामिल किया गया था। इससे पहले साल 1998 में मेन्स क्रिकेट को कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल किया गया था। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई और इसके साथ ही वह ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए।

गांगुली ने दी बधाई
गांगुली ने अपने ट्वीट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए लिखा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सिल्वर मेडल जीतने की ढेर सारी शुभकामनाएं। लेकिन वे निराश होकर घर जाएंगी, आज रात उनका खेल ही ऐसा था।' इस पर ट्रोलर्स गांगुली पर भड़क गए और उन्हें आड़े हाथों लेते हुए उनकी जमकर क्लास लगा दी। एक यूजर ने लिखा कि महिला टीम को गर्व महसूस करना चाहिए, उन्हें निराश नहीं होना चहिए। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि एक शक्तिशाली बोर्ड का अध्यक्ष होकर ऐसा मैसेज करना ठीक नहीं है।

मुकाबले का हाल
भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीमों के बीच कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का फाइनल मुकाबला खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 161 रन बनाए। बेथ मूने ने सर्वाधिक 65 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 152 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑफ स्पिनर एश्ले गार्डनर ने 3 ओवरों में 16 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने 65 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया ने 9 रन से मुकाबले को जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया, वहीं भारत की झोली में सिल्वर मेडल आया।

भारत ने जीते 61 पदक
बर्मिंघम में 28 जुलाई से शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत का सफर पुरुष हॉकी टीम के फाइनल मुकाबले के साथ 8 अगस्त को खत्म हुआ था। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के कुल मेडल की संख्या 61 रही। इनमें 22 स्वर्ण पदक, 16 सिल्वर मेडल और 23 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। पदक तालिका में भारत कुल 61 मेडल के साथ चौथे स्थान पर रहा। वहीं पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया 178 मेडल के साथ काबिज है। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे अधिक 67 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। वहीं दूसरे स्थान पर मेजबान इंग्लैंड रहा, जिसके खाते में 176 मेडल आए। इनमें 57 गोल्ड शामिल हैं। तीसरे स्थान पर कनाडा 92 मेडल के साथ है। इनमें 26 गोल्ड शामिल हैं। चौथे पर भारत और पांचवे स्थान पर न्यूजीलैंड, जिसने कुल 49 मेडल हासिल किए।
 

 

Leave Your Comment

Click to reload image