खेल

T10 लीग में बांग्ला टाइगर्स के कप्तान होंगे शाकिब अल हसन, श्रीसंत निभाएंगे मेंटर का रोल

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बांग्लादेश T20I टीम के कप्तान शाकिब अल हसन अबू धाबी T10 लीग के पांचवें संस्करण में बांग्ला टाइगर्स टीम का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। 35 वर्षीय ऑलराउंडर एक आइकन खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल हुए और फाफ डू प्लेसिस से ये जिम्मेदारी संभालेंगे। फाफ ने पिछले साल दस में से छह मैच जीतकर टीम को तीसरे स्थान पर लाने में मदद की थी।

शाकिब के साथ, पूर्व भारतीय गेंदबाज एस श्रीसंत टीम मेंटर के रूप में टीम में शामिल होंगे। खेल से संन्यास लेने के बाद, यह पहली बार है जब 39 वर्षीय श्रीसंत खिलाड़ी कोचिंग की भूमिका में किसी टीम में शामिल होंगे। वह बांग्लादेश के पूर्व ऑलराउंडर आफताब अहमद के साथ काम करेंगे, जिन्हें टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। नजमुल आबेदीन फहीम को टीम का सहायक कोच नियुक्त किया गया है।

शाकिब के साथ, न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो, सलामी बल्लेबाज एविन लुईस टीम में शामिल होंगे। लुईस को प्लेटिनम खिलाड़ी के रूप में अनुबंधित किया गया है जबकि मुनरो 'ए श्रेणी' का हिस्सा थे। मोहम्मद आमिर, मथीशा पथिराना के साथ पेस अटैक का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। मथीशा पथिराना को क्रिकेट की दुनिया में 'बेबी मलिंगा' के नाम से भी जाना जाता है।

बांग्ला टाइगर अबू धाबी टी10 लीग में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए जाना जाता है। क्लब के मालिक मोहम्मद यासीन चौधरी के अनुसार एक बांग्लादेशी को टीम का कप्तान बनाना इसलिए उचित था। शाकिब की तारीफ करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि 35 वर्षीय आगे से टीम का नेतृत्व करेंगे।

एफएमसी समूह के अध्यक्ष ने कहा, "यह उचित है कि शाकिब बांग्ला टाइगर्स के लिए खेलते हैं। वह बांग्लादेश क्रिकेट के शानदार एंबेसडर हैं। पहले दिन से हम उन्हें टीम में शामिल करने के इच्छुक थे, लेकिन राष्ट्रीय टीम का व्यस्त कार्यक्रम था।"

उन्होंने कहा, "वह एक गतिशील, अनुभवी, समर्पित, भावुक और प्रेरित खिलाड़ी होने के साथ-साथ एक प्रेरणादायक कप्तान भी हैं, जो निश्चित तौर पर आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व करेंगे।"

यह टूर्नामेंट 23 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर, 2022 तक चलेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image