नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एशिया कप 2022 के अपने दूसरे मुकाबले में बुधवार को भारत का सामना हांगकांग से होगा। यह मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस मैच में भारत की प्लेइंग 11 में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मैच से पहले भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए। जडेजा ने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ ऋषभ पंत को प्लेइंग 11 में क्यों शामिल नहीं किया गया था।
प्रेशर तो हमेशा रहता है
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जडेजा ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ स्पिनर्स ने अच्छी गेंदबाजी की, हालांकि उन्हें विकेट नहीं मिले। टी20 क्रिकेट में ऐसा होता है। तेज गेंदबाजों को बाउंसर पर विकेट मिल जाती है तो स्पिनर्स को छोटी गेंद पर। एक बॉलिंग यूनिट के रूप में सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया। जब हमें विकेट की जरूरत थी तो तेज गेंदबाजों ने विकेट निकालकर दिया। स्पिनर्स ने भले ही विकेट ना लिया हो पर उन्होंने एक्सट्रा रन भी नहीं दिए। प्रेशर तो हमेशा रहता है भारत के लिए खेलने पर। आपको ऐसी परिस्थिति में बॉलिंग या बैटिंग मिलती है जहां मैच फंसा होता है।
खबर आई थी कि मैं मर गया
मैं परिस्थिति के हिसाब से खेलता हूं। टी20 में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं होती है। आपको बस जाना है और रन करने हैं और अगर जरूरत है तो विकेट लेने हैं। मेरे बारे में कई तरह की खबरें आती रहती हैं। बीच में खबर आई थी कि मैं मर गया हूं। मैं खबरों के बारे में ज्यादा नहीं सोचता हूं। नेट्स में मैं प्रैक्टिस करता हूं, अपने में सुधार करता हूं, यही चीज फील्ड पर मेरे काम आती है। हमारे पास ऐसे बल्लेबाज हैं जो सभी गेम खेल सकते हैं। लास्ट के ओवर में हर गेंदबाज प्रेशर में रहता है। हमारी कोशिश थी कि 19वें ओवर में ज्यादा से ज्यादा रन बनाए, ताकि आखिरी ओवर में ज्यादा रन ना बचें। काफी हद तक हम इसमें कामयाब भी रहे।
पंत को क्यों नहीं मिली जगह
हमारा माइंडसेट काफी पॉजिटिव था। हम अभी हांगकांग के खिलाफ खेल की तैयारी कर रहे हैं। कभी-कभी मौसम का आपके प्रदर्शन पर फर्क पड़ता है। मौसम तो सभी खिलाड़ियों के लिए एक ही रहता है। कई बार प्रेशर के कारण भी बॉडी में क्रैम्स आ जाते हैं। वहीं पहले मैच में ऋषभ पंत को प्लेइंग 11 में क्यों शामिल नहीं किया गया इस सवाल के जवाब में जडेजा ने कहा कि मुझे इस बारे में बिल्कुल भी जानकारी नहीं हैं, यह मेरी जानकारी के बाहर वाला प्रश्न है।