नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में 10 विकेट से शिकस्त देने के बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत को पटखनी दी है। एशिया कप 2022 के सुपरफोर मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत के बाद पाकिस्तानी मीडिया लगातार भारतीय खिलाड़ियों पर निशाने साध रहा है। भारत के सबसे अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को अब तक एशिया कप में खेलने का मौका नहीं मिला।
हफीज से पूछा गया अश्विन को लेकर सवाल
पाकिस्तानी चैनल पर बात करते हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने आर अश्विन को लेकर पुरानी बातों का जिक्र किया। जब उनसे पूछा गया कि आखिर क्या कारण हो सकता है कि भारत ने अश्विन जैसे अनुभवी स्पिनर को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया। इस पर हफीज ने कुछ ऐसा कहा जिसे शायद ही कोई भारतीय फैंस सुनना पसंद करेगा।
शाहिद अफरीदी की वजह से नहीं खेलते हफीज
इस सवाल का जवाब देते हुए मोहम्मद हफीज ने कहा कि इसका कारण साफ है, अश्विन को पुराने परफॉर्मेंस की वजह से खेलने का मौका नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि मैं धन्यवाद देता हूं शाहिद अफरीदी को। बहुत-बहुत शुक्रिया शाहिद भाई। वो 2014 में एशिया कप में आपने जो दो छक्के लगाकर मैच फिनिश किया ये उसका असर है। इस वजह से अश्विन को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का चांस नहीं दिया जाता।
श्रीलंका से होगा भारत का अगला मुकाबला
भारतीय टीम एशिया कप में अब अपना अगला मैच श्रीलंका के खिलाफ मंगलवार 6 सितंबर को खेलेगी। एशिया कप के फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को हर हाल में इस मुकाबले को जीतना होगा। श्रीलंका के बाद टीम को अपना अगला मैच गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है। अगर भारत ये दोनों मुकाबले जीतने में सफल हो जाती है तो फिर वह फाइनल में अपनी जगह बना सकती है।