नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज एऱोन फिंच ने रविवार 11 सितंबर को अपना आखिरी वनडे मैच खेला। एरोन फिंच की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में 3-0 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। अपने आखिरी वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ एरोन फिंच 5 रन बनाकर आउट हो गए, लिहाजा उनकी वनडे क्रिकेट की यह आखिरी पारी यादगार नहीं बन पाई।
ऑस्ट्रेलिया ने 25 रन से जीता मुकाबला
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट खोकर 267 रन बनाए। स्टीव स्मिथ ने शतक जड़ा वहीं मार्नस लाबुस्चगने ने अर्धशतक जड़ा। स्टीव स्मिथ ने इस सीरीज के तीनों ही मुकाबले में बल्ले से दम दिखाया है। जबकि एरोन फिंच के लिए यह दौरा कुछ खास नहीं गुजरा। 268 रनों का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 242 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले को 25 रन से जीतने में कामयाबी हासिल की।
एरोन फिंच के सम्मान में खिलाड़ियों ने किया यह काम
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में एरोन फिंच के सम्मान में खिलाड़ियों ने ताली बजाई। न्यूजीलैंड की टीम ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी शुरू होने से पहले एक साथ खड़े होकर फिंच के लिए तालियां बजाई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है फैंस इसे खासा पसंद कर रहे हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने भी फिंच को एक खास कैप देकर आखिरी मुकाबले में उनकी शानदार विदाई की।
वनडे क्रिकेट में ऐसा रहा है प्रदर्शन
एरोन फिंच ने ऑस्ट्रेलिया के टोटल 146 वनडे में हिस्सा लिया है। इस दौरान उनके बल्ले से 5406 रन निकले हैं। इस दौरान फिंच की बल्लेबाजी औसत करीब 39 का रहा। उन्होंने वनडे फॉर्मेट में 17 शतक और 30 अर्धशतक लगाए हैं। पिछले एक साल से फिंच का बल्ला पूरी तरह से फ्लॉप रहा है। विस्फोटक शुरुआत दिलाने वाले फिंच टीम के लिए रन बनाने के लिए बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए, जिस वजह से उन्होंने वनडे क्रिकेट को छोड़ने का फैसला किया।