नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रॉबिन उथप्पा ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि अपने देश और अपने राज्य कर्नाटक को रिप्रजेंट करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। लेकिन हर अच्छी चीज का अंत जरूर होता है। इसलिए अभार के साथ मैंने फैसला लिया है कि मैं भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेता हूं।
सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा नोट शेयर करते हुए उथप्पा ने अपना अनुभव शेयर किया, साथ ही कई लोगों के प्रति आभार भी जताया। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा- प्रोफेशनल क्रिकेट को शुरू किए 20 साल हो चुके हैं। सम्मान की बात होगी कि मुझे अपने देश और राज्य का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। यह एक शानदार सफर था जिसमें कई उतार चढ़ाव थे। लेकिन हर अच्छी चीज का अंत जरूर होता है, इसलिए मैंने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है। अब मैं अपना समय अपने परिवार के साथ बिताऊंगा और जीवन के एक नए पड़ाव की शुरुआत करूंगा।
इस मौके पर मैं बीसीसीआई अध्यक्ष, सचिव और अन्य अधिकारियों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मेरे पूरे क्रिकेट करियर के दौरान मेरा सपोर्ट किया और मुझे प्रोत्साहित किया। इसके अलावा मैं कर्नाटक क्रिकेट स्टेट एसोसिएशन, सौराष्ट क्रिकेट एसोसिएशन और केरला क्रिकेट एसोसिएशन का धन्यवाद करना चाहता हूं। इसके साथ ही मैं आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस, आरसीबी, पुणे वॉरियर्स और राजस्थान रॉयल्स को धन्यवाद कहना चाहूंगा। कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स का मैं विशेष आभारी हूं।