खेल

2024 और 2028 ओलंपिक के लिए तैयारियां शुरू : अनुराग ठाकुर

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को खेलों के क्षेत्र में आगे ले जाने का सपना देखा है और आज खेलो इंडिया युवा खेल इस मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया युवा खेल खिलाड़ियों के लिए एक बड़े मंच के रूप में उभरा है, जिससे युवा खिलाड़ियों को चैंपियन बनने का मौका मिला है और भविष्य में ये खिलाड़ी ओलंपिक में पदक जीत कर देश और राज्य का नाम रौशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दर्शक इन खेलों के प्रति उत्साह दिखा रहे हैं वह निश्चित रूप से खेलो इंडिया युवा खेल की लोकप्रियता को दर्शाता है।

अनुराग ठाकुर पंचकूला में खेलो इंडिया युवा खेल-2021 के दौरान हरियाणा और महाराष्ट्र राज्यों के बीच लड़कियों के कबड्डी के फाइनल मैच को देखने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2024 और 2028 ओलंपिक के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इन खेलों में मिशन ओलंपिक समिति के कुछ पदाधिकारी मौजूद हैं, जो खिलाड़ियों का चयन करेंगे और उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेलों के लिए प्रशिक्षण देने का काम करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस तरह हरियाणा ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक खेलों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया है, उसी तरह अन्य राज्यों को भी पालन करना चाहिए और खेलों के बुनियादी ढांचे की स्थापना करनी चाहिए ताकि केंद्र और राज्य दोनों संयुक्त रूप से खेलों को बढ़ावा देने के मिशन को साकार कर सकें।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर भारत को खेलों में आगे बढ़ना है तो ओलंपिक खेलों के साथ-साथ पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा देना होगा। श्री ठाकुर ने कहा कि इसी बात को साकार करते हुए इस बार खेलो इंडिया युवा खेल-2021 में गतका, कलारीपयट्टू, थांग-टा, मल्लखंब और योगासन जैसे पांच पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पंचकूला में इन खेलों में, 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो पांच पारंपरिक खेलों सहित 25 खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image