खेल

सैमसन बोले, मैं किसी भी नंबर पर बैटिंग कर सकता हूं, मुझे एक रोल के लिए खेलने वाला नहीं कह सकते

 

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। टी20 विश्वकप लिए बीसीसीआई ने हाल ही में 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया था। इस स्क्वॉड में संजू सैमसन को मौका नहीं मिला था। उनके फैंस इस बात से खासे नाराज हो गए थे। इसके बाद न्यूजीलैंड ए के खिलाफ संजू सैमसन को भारत ए की कप्तानी सौंपी गई थी। अब संजू सैमसन ने कहा है कि उन्होंने पिछले कुछ सालों में खुद को ऐसे तैयार किया है कि कोई उन्हें एक रोल के लिए खेलने वाला खिलाड़ी नहीं कह सकता है।

मैं फ्लेक्सिबल हूं
सैमसन ने बुधवार को कहा, "मैंने पिछले कई सालों से कई रोल निभाने पर काम किया है। मैं बैटिंग ऑर्डर में किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने को लेकर कॉन्फिडेंट हूं।" उन्होंने कहा कि सफल होने के लिए किसी भी खिलाड़ी का फ्लेक्सिबल होना जरूरी है। उन्होंने कहा, "आपको खुद को एक ही स्थान पर समेटकर नहीं रखना चाहिए। आप लोगों को यह नहीं कह सकते कि मैं सलामी बल्लेबाज हूं या मैं फिनिशर हूं। पिछले तीन-चार सालों में कई रोल में खेलते हुए मेरे खेल में नया आयाम जुड़ गया है।"

अब तक खेले 16 टी20
संजू सैमसन 19 जुलाई 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 27 साल के सैमसन ने अपने करियर में अब तक 16 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 21.14 की औसत और 135.15 के स्ट्राइक रेट से 296 रन बनाए हैं। क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में उन्होंने एक अर्धशतक भी जड़ा है।

इंडिया में सिलेक्शन चुनौतीपूर्ण
टीम इंडिया में सिलेक्शन के सवाल के जवाब में सैमसन ने कहा, यह वास्तव में चुनौतीपूर्ण हो गया है। भारतीय टीम में जगह तलाशना वास्तव में चुनौतीपूर्ण है। टीम में शामिल खिलाड़ियों के बीच आपस में काफी कॉम्पिटिशन है। जब ये चीजें होती हैं तो खुद पर ध्यान लगाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने साथ ही कहा, मैं जिस तरह से प्रदर्शन कर रहा हूं, उससे खुश हूं। मैं सुधार करना चाहता हूं। सैमसन गुरुवार से न्यूजीलैंड ए के खिलाफ लिस्ट ए के तीन मैचों में भारत ए की कप्तानी करेंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image