खेल

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आगाज 6 अक्टूबर से

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में 14 प्रकार के पारंपरिक खेल होंगे

 महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक गांव से लेकर राज्य स्तर तक 6 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 6 जनवरी तक चलेगा।

राजीव युवा मितान क्लब के विधानसभा संयोजक रेखराज पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पारंपरिक खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने, उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने व खेल भावना का विकास करने के लिए मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2022-23 का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है। प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक फिर 18-40 वर्ष आयु सीमा तक, वहीं तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है। प्रतियोगिता में महिला व पुरुष दोनों वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल स्पर्धा दलीय व एकल श्रेणी में होगी। ओलम्पिक 2022-23 में 14 प्रकार के पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इसमें दलीय श्रेणी खेल विधा में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसे खेल शामिल किए गए हैं। वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद शामिल है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन 6 स्तर में निर्धारित किए गए हैं। इन स्तरों के अनुसार ही खेल प्रतियोगिता के चरण होंगे। इसमें सर्वप्रथम गांव में सबसे पहला स्तर राजीव युवा मितान क्लब का होगा। वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। फिर विकासखंड और नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

Leave Your Comment

Click to reload image