रांची (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भारत और दक्षिण अफ्रिका (India vs South Africa) के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। पहले मैच में 9 रनों से हार झेलने के बाद भारतीय टीम की कोशिश दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज में बराबरी करने की होगी। भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने खासतौर पर कप्तान शिखर धवन ने पहले मुकाबले में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया था।
जानिए कैसा रहेगा रांची का मौसम
पहले वनडे मैच में बारिश के कारण खेल को छोटा किया गया था। पहला मुकाबला 40-40 ओवरों का खेला गया था, ऐसे में फैंस के मन में यह सवाल जरूर उठ रहा होगा कि क्या दूसरे मैच में भी बारिश खेल बिगाड़ सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 9 अक्टूबर यानी रविवार के दिन मैच के दूसरे हाफ में बारिश की थोड़ी-बहुत संभावनाएं हैं। लेकिन इससे मुकाबले पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। भले ही कम ओवर का ही सही पर फैंस को यह मैच देखने का भरपूर मौका मिलेगा।
टॉस फिर होगा अहम
इस मुकाबले में टॉस का महत्व काफी होगा। क्योंकि रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम गेंदबाजी की मददगार पिच मानी जाती है। तेज गेंदबाजों को इस पिच से खास फायदा मिल सकता है। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज इसका पूरा फायदा उठाना चाहेंगे। टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले गेंदबाजी कर सामने वाली टीम को कम से कम स्कोर पर रोकने का प्रयास करेगी।
बल्लेबाजों को करनी होगी वापसी
शिखर धवन, शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़ और इशान किशन जैसे बल्लेबाजों को दूसरे मुकाबले में रन बनाने होंगे। पहले मैच में संजू सैमसन ने अकेले दम पर मैच को आखिरी तक ले जाने का काम किया था। लेकिन वह टीम को जीत दिलाने से चूक गए। वहीं श्रेयस अय्यर ने भी टीम के लिए अर्धशतक जड़ा था। जबकि शार्दुल ठाकुर के बल्ले से भी टीम के लिए अहम रन निकले थे।
ऐसी हो सकती है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, रुतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, अवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका: जेनमैन मालन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, तबरेज़ शम्सी।