खेल

प्रधानमंत्री 44वें शतरंज ओलिम्पियाड की ऐतिहासिक मशाल रिले की करेंगे शुरूआत VNS June 19, 2022

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 जून को  नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में 44वें शतरंज ओलंपियाड की ऐतिहासिक मशाल रिले की शुरूआत करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर लोगों को संबोधित भी करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ ने ओलंपिक मशाल की तरह इस वर्ष पहली बार शतरंज ओलंपियाड मशाल की शुरुआत की है। भारत विश्व का पहला देश होगा जहां शतरंज ओलंपियाड रिले आयोजित की जाएगी। शतरंज में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों और देश में शतरंज संस्कृति के सम्मान में शतरंज ओलंपियाड रिले अब से हमेशा भारत से रवाना होगी और सभी महाद्वीपों की यात्रा करते हुए मेजबान देश पहुंचेगी।

अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ के अध्यक्ष अरकैडी द्वोरकोविच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मशाल सौंपेंगे। इसके बाद श्री मोदी ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनन्द को मशाल देंगे। यह मशाल 40 दिन की यात्रा में 75 शहरों से गुजरते हुए चेन्नई के निकट महाबलिपुरम पहुंचेगी। प्रत्येक शहर में उस राज्य के शतरंज ग्रैंडमास्टर्स मशाल प्राप्त करेंगे।

44वां शतरंज ओलंपियाड 28 जुलाई से 10 अगस्त तक चेन्नई में होगा। 1927 से खेली जा रही यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता भारत में पहली बार और एशिया में 30 वर्ष बाद आयोजित की जा रही है। इस ओलंपियाड में एक सौ 89 देश भाग ले रहे हैं और किसी शतरंज ओलंपियाड में सबसे अधिक देशों की भागीदारी होगी।

Leave Your Comment

Click to reload image