एशियाई ईलाइट मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शिव थापा फाइनल में पहुंच गए
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जॉर्डन के अम्मान में कल ए.एस.बी.सी. एशियाई ईलाइट मुक्केबाजी चैंपियनशिप में छह बार के एशियाई पदक विजेता शिव थापा 63 दशमलव पांच किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में 2019 के एशियाई चैंपियन ताजिकिस्तान के बाखुदुर उसमानोव को हराया। कल फाइनल में शिव थापा का मुकाबला उज़्बेकिस्तान के अब्दुल्लाएव रुसलान से होगा।
भारत के सुमित और गोविंद कुमार साहनी सेमी फाइनल में हार गये और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। एक अन्य मुक्केबाज नरेन्दर को भी सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा और उन्हें कांस्य पदक ही मिल पाया। 57 किलोग्राम वर्ग में मोहम्मद हसमुद्दीन कल रिंग में उतर नहीं सके और उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। पिछले मुकाबले में उनकी दाहिनी आंख में चोट लग गयी थी।
75 किलोग्राम वर्ग में लवलीना बोरगोहाइन और 63 किलोग्राम वर्ग में परवीन सहित भारत की पांच महिला मुक्केबाज आज टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक के लिए खेलेंगी। फाइनल में पहुंचने वाली अन्य महिला मुक्केबाज हैं- 81 प्लस किलोग्राम वर्ग में अल्फिया पठान, 81 किलोग्राम वर्ग में साविटी और 52 किलोग्राम वर्ग में मीनाक्षी। साविटी का मुकाबला कजाखिस्तान की गुलसाया यरझान से होगा। आज महिलाओं के फाइनल मुकाबलों के बाद कल पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

