जिला स्तरीय छत्तीसगढिय़ां ओलम्पिक का आयोजन लालबाग में 17 व 18 नवम्बर को
जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर चंदन ने लालबाग मैदान में जिला स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम को सफल संचालन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रतियोगिता में 1459 ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विकासखंड स्तरीय विजेता प्रतिभागी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कलेक्टर ने सभी विकासखंड से आने वाले प्रतिभागियों के परिवहन, पेयजल, भोजन तथा खेलकूद में उपयोग की जाने वाली सामग्री की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को आपातकालीन सेवा के लिए एंबुलेंस और आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम दिनेश नाग, एसडीएम जगदलपुर नन्दकुमार चौबे, सहायक संचालन खेल व युवा कल्याण राजेन्द्र डेकाटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ शासन की ओर से पहली बार पारंपरिक खेलों के संरक्षण के लिए छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। जिसमें सभी आयु वर्ग के महिला और पुरूष बड़ी संख्या में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर और नगरीय क्षत्रों में वार्ड स्तर पर खेलों की शुरुआत हुई प्रतियोगिता में सभी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए। छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में 14 खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें गिल्ली-डंडा, लंगड़ी दौड़, पि_ूल, संखली, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी (कंचा), गेड़ी दौड़, फुगड़ी, भौंरा, 100 मीटर दौड़, लंबी कूद और बिल्लस शामिल हैं। यह प्रतियोगिता 3 वर्गों में आयोजित की जा रही है। पहला वर्ग 18 साल तक की आयु, दूसरा 18 से 40 साल तक की आयु और तीसरा वर्ग 40 साल से अधिक उम्र के खिलाडिय़ों के लिए है।

