छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक : जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 से
धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 23 नवम्बर के बीच किया जाएगा, जिसमें ब्लॉक स्तर पर विजयी टीमें अपनी खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगीं। 21 दिसम्बर से जिला स्तर पर शुरू होने वाले खेल आयोजनों की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका महोबिया ने गुरुवार को खेल परिसर का मुआयना किया। उन्होंने छ.ग. ओलम्पिक के लिए निर्धारित स्थल स्थानीय डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में स्थित एकलव्य खेल परिसर का अवलोकन एवं निरीक्षण कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, साथ ही इसके सफल आयोजन के लिए टिप्स भी दिए। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग खेलों के लिए निर्धारित खेल मैदान, उनके ठहरने व भोजन और पेयजल की व्यवस्था, मेडिकल टीम, परिवहन व्यवस्था आदि की जानकारी लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त विनय पोयाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बताया गया कि तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न आयुवर्ग में प्रदेश के पारम्परिक खेल कबड्डी, रस्साकसी, बिल्लस, संखली, गिल्ली-डण्डा, फुगड़ी, बांटी, भंवरा और पिटठुल खेलों पर प्रतिस्पर्धा कराई जाएगी। इसी तरह अगले दिन 22 नवंबर को खो-खो, 100 मीटर दौड़, गेड़ी दौड़, लंगड़ी दौड़ और लम्बी कूद का आयोजन किया जाएगा।

