दक्षिण कोरिया में एशियन एयरगन प्रतियोगिता में भारत ने चार स्वर्ण पदक जीते
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कोरिया के दायगू में एशियाई एयरगन चैंपियनशिप में कल दूसरे दिन भारतीय पिस्टल निशानेबाज़ों ने चार स्वर्ण पदक जीते। इसके साथ ही चैंपियनशिप में भारत के कुल 22 स्वर्ण पदक हो गए हैं। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रिदम सांगवान ने भारत की ही पलक को 16-8 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। जूनियर वर्ग में मनु भाकर ने भारत की ही ईशा सिंह को 17-15 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा किया।
पुरुषों की दस मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में सीनियर और जूनियर दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीते। शिव नरवाल, नवीन और विजयवीर सिंधु की सीनियर पुरुष टीम ने दक्षिण कोरिया को 16-14 से हराया। सागर डांगी, सम्राट राणा और वरुण तोमर की भारतीय पुरुष जूनियर टीम ने उज्बेकिस्तान को 16-2 से मात दी। चैम्पियनशिप में भारत के 22 स्वर्ण, 8 रजत और चार कांस्य सहित कुल 34 पदक हो गये हैं। प्रतियोगिता कल समाप्त होगी।

