फीफा विश्व कप : जापानी खिलाड़ियों ने जीता मैच, दर्शकों ने जीता दुनिया का दिल...
दोहा/नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। फीफा विश्व कप 2022 में बुधवार को बड़ा उलटफेर हो गया। दोहा खलीफा इंटरनेशनल स्टेडियम में बुधवार को जापान ने ग्रुप E के मैच में जर्मनी को 2-1 से हराकर चौंका दिया। अर्जेंटीना पर सऊदी अरब की जीत के बाद कतर वर्ल्ड कप में एक और बड़ा उलटफेर है। जर्मनी ने 33वें मिनट पर पेनल्टी हासिल कर पहला गोल किया था। लेकिन दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए जापान ने पहले बराबरी की और फिर 83वें मिनट पर एक और गोल दाग कर बढ़त बना ली, जिसे उन्होंने अंतिम सिटी बजते तक कायम रखा। मैच में इलक्या गुंडोगं (Ilkay Gundogan) द्वारा स्कोरिंग की शुरुआत के बाद चार बार की चैंपियन टीम के लिए ये एक बड़ा झटका है।
इस मैच में पहले जापान के खिलाड़ियों ने अपने खेल से सभी का दिल जीता फिर जापानी फैंस ने अपनी अच्छी आदत से पूरी दुनिया को दीवाना बना दिया। यह मैच खत्म होने के बाद सभी फैंस स्टेडियम से निकल गए, लेकिन जापान के फैंस रुके रहे। उन्होंने नीले रंग के कचरे के बैग निकाले और उनमें पानी की खाली बोतलों के साथ स्टेडियम में नीचे गिरा हुआ खाना और बाकी कचरा भरने लगे। चंद मिनट के अंदर पूरा स्टेडियम फिर से चमचमा रहा था और नए मैच की मेजबानी के लिए तैयार दिख रहा था।
वहीं, जापान के खिलाड़ियों ने भी अपना ड्रेसिंग रूम पूरी तरह से साफ किया। फीफा ने इसकी फोटो अपने ट्विटर पर शेयर कर बताया कि जापान के खिलाड़ियों ने अपना ड्रेसिंग रूम पूरी तरह से साफ और व्यवस्थित करके छोड़ा।
जापानी फैंस की सफाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दुनियाभर में जापान के फैंस और वहां की संस्कृति की तारीफ हो रही है। फीफा विश्व कप की मेजबानी के जरिए कतर अपनी संसकृति और धर्म को दुनियाभर में दिखाना चाह रहा है और अपनी अच्छी छवि बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जापान के फैंस ने कुछ मिनट की मेहनत कर अपनी संस्कृति की छाप पूरी दुनिया पर छोड़ी है।
जापान की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला ने कहा "हम कभी नहीं छोड़ते, जापानी कभी कचरा नहीं छोड़ते। हम जगह का सम्मान करते हैं।” यह वीडियो उमर फारूक नाम के एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि वे लाइमलाइट हासिल करने के लिए ऐसा नहीं करते हैं। यह वीडियो शेयर करते हुए फारूक ने उरबी में लिखा "कुछ ऐसा जो आपने विश्व कप के उद्घाटन से नहीं देखा है।"

