सुधा सिंह पुणे हाफ मैराथन के तीसरे सीजन के लिए बनी ब्रांड एंबेसडर
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बजाज आलियांज पुणे हाफ मैराथन का तीसरा संस्करण 27 नवंबर को होगा। पूर्व एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुधा सिंह को इस प्रतियोगिता का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। 3000 मीटर स्टीपलचेज इवेंट में दो बार ओलंपिक में शामिल होने वाली सुधा ने अपने 13 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में पद्मश्री पुरस्कार भी जीता है। उन्होंने भारत के लिए कई पदक जीते हैं।
कोरोना की वजह से यह इवेंट पिछेल साल नहीं हो सका था। दो साल बाद आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में हाफ मैराथन श्रेणी में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले पुरुष और महिलाओं को 10 लाख रुपये इनाम के रूप में दिए जाएंगे। इस प्रतियोगिता के बारे में बताते हुए एपीजी रनिंग और फिटपेज के सीईओ विकास सिंह ने कहा, बीएपीएचएम के लिए इस साल अपने ब्रांड एंबेसडर के रूप में भारत की सबसे बड़ी धावकों में से एक सुधा सिंह का होना वास्तव में एक सम्मान की बात है।
बीएपीएचएम एक समान अवसर की दौड़ है और हमें यकीन है कि सुधा की भागीदारी कई और महिलाओं को आगे आने और करियर के रूप में इसे चुनने के लिए प्रेरित करेगी। इससे भी बेहतर होगा अगर वह करियर बीएपीएचएम में शुरू होता है।

