फीफा फुटबॉल विश्व कप में फ्रांस अंतिम 16 में पहुंचने वाली पहली टीम बनी
कतर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। फीफा फुटबॉल विश्व कप में ग्रुप सी में अर्जेंटीना ने मैक्सिको 2-0 से हरा दिया। अर्जेंटीना के लिए लियोनल मैसी ने 64वें मिनट में गोल किया, जबकि एन्जो फर्नांडिस ने 88वें मिनट में दूसरा गोल कर अर्जेंटीना की अंतिम 16 में पहुंचने की उम्मीदों को बरकरार रखा। इससे पहले दो बार की विश्व चैंपियन अर्जेंटीना को सउदी अरब से हार का सामना करना पड़ा था।
एक अन्य मैच में ग्रुप डी में फ्रांस ने डेनमार्क को 2-1 से पराजित किया। इसके साथ ही फ्रांस अंतिम 16 में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। एमबापे ने 61वें मिनट में गोल कर मौजूदा चैंपियन फ्रांस को बढ़त दिलाई। हालांकि डेनमार्क की ओर से एंड्रिस क्रिश्चिन ने 68वें मिनट में गोल कर बराबरी कर ली। इसके बाद एमबापे ने 86वें मिनट में दूसरा गोल कर फ्रांस को नॉकआउट चरण में पहुंचा दिया। अपने पहले मैच में फ्रांस ने ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से पराजित किया था।
ऑस्ट्रेलिया और पोलैंड ने अपने-अपने मुकाबले जीते। ग्रुप डी में ऑस्ट्रेलिया ने ट्यूनिशिया को 1-0 से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल ड्यूक ने 23वें मिनट में गोल किया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने नॉकआउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है। एक अन्य मैच में ग्रुप सी में पोलैंड सउदी अरब को 2-0 से हराकर शीर्ष पर पहुंच गया है। पोलैंड के लिए जेलेंस्की ने 39वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि रॉबर्ट लियोनडोवोस्की ने दूसरे हाफ में गोल कर पोलैंड को निर्णायक जीत दिलाई।

