खेल

भारतीय राष्ट्रमंडल खेल टीम अब तक की सबसे अच्छी एवं सबसे मजबूत टीम : अनुराग

नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने  नई दिल्ली में बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेल (सीडब्ल्यूजी) 2022 के लिए भारतीय टीम के प्रस्‍थान समारोह में भाग लिया। इस समारोह का आयोजन भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) द्वारा किया गया, जो भारत में ओलंपिक खेलों के लिए शासी निकाय या संचालक मंडल है।

टोक्यो 2020 ओलंपिक के पदक विजेता बजरंग पुनिया, पीआर श्रीजेश, मनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह और लवलीना बोरगोहेन 215 खिलाडि़यों की मजबूत टीम की ओर से इस समारोह में मौजूद कुछ स्टार सदस्य थे। इस अवसर पर उपस्थित कुछ अन्य प्रमुख खिलाडि़यों में ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक, स्प्रिंट स्टार दुती चंद एवं हिमा दास, एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता शिव थापा एवं मुक्केबाज अमित पंघाल, इत्‍यादि शामिल थे।
 
इस समारोह में टीम के लिए आधिकारिक किट का अनावरण भी किया गया।  आईओए ने जेएसडब्ल्यू इंस्पायर से करार किया है, जो यात्रा और खेल किट के लिए किटिंग पार्टनर के रूप में टीम के प्रमुख प्रायोजक भी हैं। मान्यवर को औपचारिक किटिंग पार्टनर के रूप में शामिल किया गया है, जबकि एडिडास इस टीम के आधिकारिक प्रदर्शन फुटवियर पार्टनर है।

उन्होंने यह भी कहा, यह भारतीय राष्ट्रमंडल खेल टीम निश्चित रूप से हमारी अब तक की सबसे अच्छी एवं सबसे मजबूत टीम है और मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे सभी खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर भारत को फिर से गौरवान्वित करेंगे, चाहे वे जितने भी पदक जीतें। हम सभी को उन पर गर्व है और पूरा देश निरंतर उनके साथ रहेगा, चाहे जीत हो या हार। हम आप सभी को शुभकामनाएं देते हैं।
 
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि वह इस बात से अत्‍यंत प्रसन्‍न हैं कि राष्ट्रमंडल खेल टीम ने महिला-पुरुष संतुलन हासिल कर लिया है, जिसमें 108 पुरुष खिलाड़ी और 107 महिला खिलाड़ी हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image