खेल

राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे 215 एथलीट

नई दिल्ली  (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) की बैठक में राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए भारत की तैयारियों की समीक्षा की। आगामी राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 215 एथलीट भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

एमओसी की बैठक में लम्बी कूद की पूर्व खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज, पूर्व हॉकी खिलाड़ी वीरेन रसकिन्हा, पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी मोनालिसा बरुआ, पूर्व पहलवान योगेश्वर दत्त तथा पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुर्गंडे उपस्थित थीं।
 
श्री ठाकुर ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा, एथलीटों की तैयारी जोरों से चल रही है। मुझे खुशी है कि ओलंपिक के बाद प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की गति बढ़ी है और हम ओलंपिक और पैरालंपिक के बाद निरंतर सफलता की उम्मीद कर सकते हैं।

समीक्षा के दौरान भारत की तैयारी के कई पहलू सामने आए। टोक्यो 2020 ओलंपिक के बाद एथलीट फिर से पूर्ण प्रशिक्षण पर हैं, जिनमें राष्ट्रीय शिविरों में प्रशिक्षण एवं कई अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताएं शामिल हैं। अब तक, भारत सरकार ने उन खेलों में 111 एक्सपोज़र ट्रिप की सुविधा प्रदान करने में मदद की है, जिनमें भारत बर्मिंघम 2022 में मुकाबला करेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image