खेल

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे नीरज चोपड़ा

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ दर्पण)। ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा अमेरिका के युगेन में शुक्रवार से शुरू हो रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एतिहासिक पदक जीतने के लिए बेहतरीन फॉर्म और मौजूदा सत्र में प्रदर्शन में निरंतरता पर निर्भर करेंगे। तीस जून को स्टॉकहोम डाइमंड लीग में 89.94 मीटर का सत्र का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने के बाद 24 साल के चोपड़ा विश्व चैंपियनशिप में पदक के दावेदारों में शामिल हैं। विश्व चैंपियनशिप में पदक के साथ चोपड़ा एक और इतिहास रचेंगे क्योंकि अगर वह पदक जीतते हैं तो विश्व चैंपियनशिप में ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय ट्रैक एवं फील्ड खिलाड़ी और देश के पहले पुरुष खिलाड़ी बनेंगे।
लंबी कूद की खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज 2003 में पेरिस में कांस्य पदक के साथ विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं थी। अमेरिका के चुला विस्टा में अपने ट्रेनिंग केंद्र से चोपड़ा ने आनलाइन बातचीत के दौरान कहा, तैयारी अच्छी रही है और मेरा आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। मैंने जिन तीन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया उनमें से दो में निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और एक में खिताब जीता। तीनों टूर्नामेंट में मेरे प्रदर्शन में निरंतरता रही।

उन्होंने कहा, मैं बेहतर कर सकता हूं (और 90 मीटर की दूरी को पार कर सकता हूं), स्टॉकहोम डाइमंड लीग में 90 मीटर से सिर्फ छह सेंटीमीटर पीछे रहा। इसलिए उम्मीद करता हूं कि विश्व चैंपियनशिप में मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा।

Leave Your Comment

Click to reload image