मेहुली घोष और शाहू तुषार ने विश्व कप निशानेबाजी में दूसरा स्वर्ण पदक जीता
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मेहुली घोष और शाहू तुषार माने की जोडी ने आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप में भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया है। दोनों निशानेबाजों ने दस मीटर एयर राइफल मिक्सड टीम इवेंट के फाइनल में हंगरी के ईस्ज्टर मेसजारोस और ईस्टवन पेन की जोडी को 17-13 से पराजित किया।
भारत के ही पलक और शिवा नारवाल की जोडी ने दस मीटर एयर पिस्टल मिक्सड इवेंट में तीसरे स्थान के मुकाबले को जीतकर कांस्य पदक हासिल किया। सीनियर लेवल पर तुषार का यह पहला स्वर्ण पदक है जबकि मेहुली ने दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता है। उन्होने काठमांडू में 2019 के दक्षिण एशियाई खेलों में पहली बार गोल्ड मैडल जीता था।
सोमवार को अर्जुन बबूता ने पुरुषों की एयर राइफल स्पर्धा में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता था। भारत पदक तालिका में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर आ गया है। सर्बिया पहले नम्बर पर है।

