न्यूयॉर्क (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एक तरफ रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध ने दुनिया को टेंशन में डाल रखा है। वहीं, दूसरी चीन और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। दुनिया का अधिकांश देश परमाणु संपन्न होना चाहता है। ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु मसले को लेकर विवाद रहता है। वहीं, नॉर्थ कोरिया अमेरिका और साउथ कोरिया पर परमाणु हमला करने की चेतावनी दे रहा है। ऐसे समय संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस (UN chief Antonio Guterres) ने परमाणु विध्वंस को लेकर बड़ी बात कह दी है।
दुनिया में परमाणु खतरा बढ़ रहा है
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने दुनिया को अगाह किया है कि हम सब परमाणु विध्वंस से महज एक कदम की दूर पर खड़े हैं। उन्होंने खासतौर से यूक्रेन में युद्ध और पश्चिम एशिया तथा एशिया में संघर्षों में परमाणु हथियारों के खतरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया तथा एशिया ''विनाश की ओर बढ़'' रहे हैं।
फिर परमाणु युद्ध हुआ तो क्या होगा
बता दें कि, विश्व में बढ़ रहे परमाणु खतरा को लेकर संयुक्त राज्य अमेरिका, जापान, जर्मनी, संयुक्त राष्ट्र के परमाणु प्रमुख और अन्य वक्ताओं ने अपनी-अपनी बात रखी।वहीं, गुतारेस ने परमाणु अप्रसार संधि की समीक्षा करने के लिए महीने भर चलने वाले सम्मेलन में भाग ले रहे कई मंत्रियों, अधिकारियों और राजनयिकों से कहा कि यह बैठक हमारी सामूहिक शांति एवं सुरक्षा के लिए एक अहम वक्त में हो रही है।
दुनिया को परमाणु मुक्त करना होगा
एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि, यह सम्मेलन बड़े आपदाओं को रोकने तथा मानवता को परमाणु मुक्त दुनिया की ओर अग्रसर करने की दिशा में अहम रोल अदा कर सकता है।
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका, जापान चिंतित
वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि उत्तर कोरिया अपना सातवां परमाणु परीक्षण करने की तैयारी कर रहा है, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने में असमर्थ रहा है। उन्होंने इस दौरान रूस, यूक्रेन के बीच जारी जंग से उत्पन्न विकट परिस्थितियों का जिक्र किया। वहीं, जापानी प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा ने भी दुनिया में बढ़ते परमाणु संकट का जिक्र करते हुए रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, मॉस्को ने यूक्रेन में जिन परिस्थितियों को पैदा किया है, उससे पूरी दुनिया चिंतित है।