दुनिया-जगत

अमेरिका नहीं रहा सपनों का देश? बड़ी संख्या में देश छोड़ यूरोप पलायन करने लगे लोग, वजह ये है


वाशिंगटन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अमेरिका को सपनों का देश कहा जाता है। भारत से भी सबसे अधिक लोग इसी देश जाकर बसते हैं। दुनिया के करोड़ों लोगों का सपना अमेरिकन ड्रीम्स को जीना है लेकिन फिर भी अमेरिकी लोग, अपने देश से पलायन कर यूरोप बस रहे हैं। जी हां। आप सही पढ़ रहे हैं। अमेरिकी लोगों को अब, दुनिया का सबसे ताकतवर देश रास नहीं आ रहा है। रिटायर होकर लोग अब स्पेन, पुर्तगाल, इटली, ग्रीस, फ्रांस जैसे देशों में जाकर बसने लगे हैं। बीते एक साल में यह आंकड़ा 45 फीसदी बढ़ चुका है।

अमेरिका में अपराध बेलगाम
इस पलायन के पीछे की मुख्य वजह अमेरिकी लोगों में असुरक्षा बताई जा रही है। अमेरिका का गन कल्चर अब लोगों को रास नहीं आ रहा है। अमेरिका में अपराध, विकासशील और पिछड़े देशों से भी ज्यादा है। वहां अपराध बेलगाम है और लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं। आए दिन अमेरिका में फायरिंग की घटनाएं सामने आती हैं। साल 2020 में हत्या के आंकड़े 30 फीसदी तक बढ़ गए थे। उसके बाद से ये हर साल बढ़ते ही जा रहे हैं।

यूरोप में माहौल बेहतर
सीडीसी रिपोर्ट 2020 में दावा किया गया है कि अमेरिका में कुल 79 फीसदी अपराध की वजह हथियार हैं। अगर दूसरे देशों से इसकी तुलना की जाए तो कनाडा में गन कल्चर की वजह से 37 फीसदी अपराध होते हैं। ऑस्ट्रेलिया में यह आंकड़ा 13 फीसदी है, वहीं ब्रिटेन में यह महज 4 फीसदी है। आंकड़े बताते हैं कि क्यों यूरोपीय देश लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।

अमेरिका में इलाज महंगा
इसके अलावा देश में महंगी शिक्षा, इलाज, डॉलर का मजबूत होना भी पलायन की वजह बताई जा रही है। डॉलर मजबूत होने के कारण वे दूसरे देशों में अधिक खर्च कर सकते हैं। वहीं, अमेरिका में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहद उन्नत हैं, लेकिन सामान्य लोगों के लिए पहुंच से बाहर हैं। लोग चेकअप तक नहीं करवा पा रहे हैं। यूरोपीय देशों में वे कम पैसों में अपना इलाज करा सकते हैं।

यूरोप में कल्याणकारी योजनाएं
अमेरिका में बच्चों को पढ़ाना भी बेहद महंगा सौदा है। इसलिए कई लोग उच्च शिक्षा नहीं ले पाते हैं। दूसरे देशों में ये अपेक्षाकृत बेहद सस्ता है। एक सर्वे के मुताबिक अमेरिकी लोगों का मानना है कि अमेरिका में महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है, इसके बाद सबसे बड़ा मुद्दा गन कल्चर है। वहीं, यूरोपीय देशों की बात करें तो यहां अपराध कम हैं। कल्याणकारी योजनाएं अधिक हैं। अमेरिका की तुलना में बेहद कम कीमत पर घर मिल जाते हैं। कोरोना के बाद रिमोट वर्क कल्चर ने भी अमेरिकी लोगों को दूसरे देशों में शिफ्ट करना आसान बना दिया है। कई ऐसे लोग हैं जो यूरोपीय देशों में रहकर अमेरिकी कंपनियों का काम कर रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image