लंदन (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बोरिस जॉनसन के इस्तीफा देने के बाद लिज ट्रस को ब्रिटेन का 56वां प्रधानमंत्री घोषित किया गया है। भारतवंशी उम्मीदवार ऋषि सुनक से अंतिम बाजी जीतने के तुरंत बाद लिज ट्रस को पूरी दुनिया से बधाई मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान नेताओं ने @LizTruss हैंडल को टैग करके यूके की प्रधानमंत्री को अपनी प्रतिक्रियाएं और शुभकामनाएं भेजीं। लेकिन ये शुभकामनाएं ब्रिटिश पीएम को नहीं बल्कि किसी और महिला को मिल रही थीं।
गलत ट्विटर हैंडल को कर दिया टैग
दरअसल कई नेताओं ने जिस महिला को शुभकामना भेजते हुए टैग किया वह लिज ट्रस नहीं बल्कि लिज ट्रससेल नाम की एक महिला है। ट्विटर यूजर्स के लिए ये मौका जैसे खास लम्हा लेकर आया जिसका उन्होंने जमकर आनंद उठाया और मजेदार कमेंट्स किए। गलत ट्विटर हैंडल को संदेश भेजने में स्वीडिश पीएम भी रहीं। स्वीडिश प्रधानमंत्री मेगदालेना एंडरसन ने @trussliz को टैग करके यूके की नई प्रधानमंत्री को बधाई दी।
ट्रससेल ने दिया मजेदार जवाब
मेगदालेना एंडरसन ने जिस ट्विटर हैंडल को बधाई भेजी वह लिज ट्रससेल मिली। ट्रससेल ने भी जवाब देने में देर नहीं लगाई। उसने लिखा- "जल्द ही एक यात्रा करना चाहती हूं! मीटबॉल्स तैयार रखें"। इसी तरह जब ब्रिटिश सांसद कैरोलिन लुकास ने लिज की तुलना बोरिस जॉनसन से करते हुए उनके चुनाव को नाउम्मीदी करार दिया तो इसमें भी इस महिला ने मजेदार जवाब दिया।
पांच साल पहले डोनाल्ड ट्रम्प ने की थी गलती
ट्रससेल आम लोगों की लंबी कतार में नया नाम हैं जिन्हें उनके नाम और विशेष रूप से सोशल मीडिया यूजर नामों के कारण हाई-प्रोफाइल व्यक्ति समझ लिया गया। यह पहली बार नहीं है जब गलत ट्विटर पहचान के मामले में किसी ब्रिटिश प्रधानमंत्री का नाम शामिल रहा हो। पांच साल पहले 2017 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तत्कालीन पीएम थेरेसा मे को एक ट्वीट में टैग करना था, लेकिन इसके बजाय उन्होंने @theresamay, 40 साल की एक ब्रिटिश महिला को टैग कर दिया जिसके मुश्किल से 6 ट्विटर फॉलोअर थे।
चुनचुन कर विरोधियों को ठिकाने लगा रही ट्रस
पीएम पद की शपथ लेने के बाद लिज ट्रस अपने विरोधियों को चुन-चुन कर ठिकाने लगाती जा रही हैं। उन्होंने सभी अहम पदों पर अपने लोगों को बैठाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में लिज ट्रस ने अपनी कैबिनेट में भारतीय मूल की इकलौती सांसद सुएला ब्रेवरमैन को भी जगह दी है। 47 साल की ट्रस ने ब्रेवरमैन को गृह मंत्रालय सौंपा है और इससे पहले जॉनसन कैबिनेट में प्रीति पटेल के पास यह विभाग था। 42 साल की सुएला ब्रेवरमैन भारत के गोवा की रहने वाली हैं और इस समय अटॉर्नी जनरल हैं। ब्रेवरमैन, ट्रस की सबसे बड़ी समर्थक हैं।