छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

कांग्रेस के षड्यंत्रों का जवाब जनता कमल खिलाकर देगी: ब्रम्हानंद नेताम

 कच्चे (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कच्चे में भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत के साथ जन जन तक कमल छाप में वोट डालने की अपील की। ब्रह्मानंद नेताम ने कच्चे के हर घर का दौरा किया।


महिलाओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश करते हुए कहा कि हमारा घर अभी तक अधूरा का अधूरा है जब से भूपेश बघेल कि सरकार बनी है तब से योजना के नाम पर हमे सिर्फ ठगा गया है। नेताम ने करीब दो दर्जन गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा, डोर टू डोर जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं से मिलते हुए कोड़ेखुरसे साप्ताहिक बाजार पहुंचे जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कोड़ेखुरसे में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विशाल जनसभा को संबोधित किया।

ब्रम्हानंद नेताम ने कोड़ेखुरसे की विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भूपेश सरकार पर जमकर बरसे। नेताम ने कहा कांग्रेस ने अपनी हार का अंदेशा पाते ही मेरे जैसे सीधे-साधे आदिवासी, किसान के बेटे पर इतना बड़ा लांछन लगा दिया। तरह-तरह के प्रपंच और षड्यंत्र रचकर मेरे विजय रथ को रोकने का प्रयास कर रहे है लेकिन जनता इनकी सच्चाई जान चुकी है। मैं जहां भी जाता हूं कांग्रेसियों के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा देखने मिलता है। कांग्रेसियों को गांव-गांव से भगाया जा रहा है। आदिवासी समाज आक्रोशित है। यही कारण है कांग्रेस कूटनीतिक नीचता पर उतारू होकर स्तरहीन राजनीति कर रही। इसका जवाब जनता 5 दिसंबर को कमल के फूल में बटन दबाकर देगी।

भूपेश बघेल सरकार से पूछे तीखे सवाल
ब्रम्हानंद नेताम ने कहा जनता को मुद्दों से भटकाने के लिए कार्यकर्ताओं के मनोबल को कम करने के लिए ऐसा आरोप और दुष्प्रचार किया। मैं रोज़ सुबह से शाम प्रचार जनसंपर्क और हाट बाजारों का दौरा कर रहा हुं। भारी जनसमर्थन से अभिभूत हूं। कांग्रेस चाहे कितनी भी नीचता पर उतर जाए हम सकारात्मक जनमुद्दों की राजनीति करते रहेंगे। उन्होंने कहा घटिया राजनीति करे लेकिन मेरे सवालों के जवाब भी दीजिए जनता जानना चाहती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान क्यों नही बने? घर घर नल जल क्यों नही पहुंचा? बिजली के बिल दोगुने क्यों हुए? सड़क क्यों नही बने?

 

 

और भी

विधानसभा का विशेष सत्र 1 दिसंबर से, पेश होगा आरक्षण विधेयक...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 1 दिसंबर से शुरू हो रहा है। इस दौरान आरक्षण विधेयक और अनुपूरक बजट लाया जाएगा। विशेष सत्र के पहले दिन, गुरूवार को दिवंगत विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी और पूर्व विधायक दीपक पटेल को श्रद्धांजलि दी जाएगी।


विधानसभा सचिवालय के अनुसार पहले दिन श्रद्धांजलि के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चालू वित्तीय वर्ष के द्वितीय अनुपूरक अनुमान और छत्तीसगढ़ लोक सेवा अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण संशोधन विधेयक 2022 और छत्तीसगढ़ शैक्षणिक संस्था में प्रवेश में आरक्षण संशोधन विधेयक सदन में पेश करेंगे। विधेयक पेश करने के बाद दिवंगतों के सम्मान में सदन की कार्रवाई दिनभर के लिए स्थगित किए जाने की संभावना है। सत्र के दूसरे दिन इस सभी विधेयकाें को चर्चा के बाद पारित किया जाएगा।

 

 

और भी

12 सिंचाई योजनाओं के लिए 36.41 करोड़ स्वीकृत

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रदेश के विभिन्न बारह सिंचाई परियोजनाओं के कार्यों को कराने के लिए 36 करोड़ 41 लाख 05 हजार रूपए स्वीकृत किए है।

 
जांजगीर-चांपा जिले के विकासखण्ड- मालखरौदा अंतर्गत हसदेव बांगो परियोजना के अंतर्गत पोता से जमगहन नवीन नहर निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ 45 लाख 50 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 185 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव बांगो परियोजना के खरसिया नहर से वाली कुरदा वितरक नहर तक जीर्णोद्धार कार्य के लिए तीन करोड़ 82 लाख 73 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल  सकेगी। इसी प्रकार से विकासखण्ड- अकलतरा अंतर्गत की लीलागर नदी पर अमोरा एनीकट (नवापारा बस्ती) निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ 95 लाख 98 हजार रूपयें स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 80 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।

विकासखण्ड- अकलतरा में ही कंजीनाला पर परसदा एनीकट निर्माण कार्य के लिए दो करोड़ 33 लाख 51 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 97 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। हसदेव बांगो परियोजना अंतर्गत बोकरामुण्डा वितरक नहर का सी.सी लाईनिंग एवं मिट्टी भरने कार्य के लिए तीन करोड़ 92 लाख 53 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 1690 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। हसदेव बांगो परियोजना अंतर्गत परसदा वितरक नहर का सी.सी लाईनिंग एंव मिट्टी भरने कार्य के लिए तीन करोड़ 46 लाख 16 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 192 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। हसदेव बांगो परियोजना की बोकरेल वितरक नहर का सी.सी लाईनिंग एवं मिट्टी भरने कार्य के लिए तीन करोड़ 92 लाख 7 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है।

योजना के पूरा होने से 811 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ राम वन गमन पथ का पर्यटन विकास के अंतर्गत शिवरीनारायण विद्युतीकरण सजावट एवं वाटर फाउण्डेशन कार्य के लिए छः करोड़ 12 लाख 55 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। सक्ती में तिराईन नाला पर हरेठी स्टापडेम निर्माण कार्य के लिए दो करोड़ 23 लाख 74 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 45 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। सक्ती में लोकल नाला पर परसापाल स्टापडेम निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ 67 लाख 24 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 60 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। इसी प्रकार से सक्ती के करवार नाला में बुढ़नपुर स्टापडेम निर्माण कार्य के लिए तीन करोड़ तीन लाख 13 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 90 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। सक्ती के बरभौना नाला पर मोहगांव स्टापडेम निर्माण कार्य के लिए दो करोड़ 46 लाख 36 हजार रूपये स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 78 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।

 

 

और भी

पत्रकारों के लिए आरक्षित भूमि को नजूल अधिकारी ने भू माफिया के साथ मिलकर किया आधा...

 सरगुजा प्रेस क्लब व पत्रकार गृह निर्माण समिति के सदस्यों ने जनदर्शन में की शिकायत

अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सरगुजा प्रेस क्लब के सदस्यों ने मंगलवार को जनदर्शन में सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पत्रकार गृह निर्माण समिति के लिए आरक्षित भूमि में तत्कालिन नजूल अधिकारी द्वारा षडयंत्र पूर्वक हेरफेर कर एक निजी भूमाफिया को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रस्तावित 2 एकड़ 60 डिसमिल जमीन को 1 एकड़ 4 डिसमिल कर दिए जाने का विरोध जताया है। इसके साथ ही सरगुजा प्रेस क्लब ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन मे भू माफिया के पाइप फैक्ट्री जो शासकीय भूमि में संचालित है उसकी जांच की मांग की है।


सरगुजा प्रेस क्लब व पत्रकार गृह निर्माण समिति का आरोप है कि भू माफिया मिशन चौक स्थित सीमेंट पाइप फैक्ट्री का शासकीय भूमि में अवैध रूप से करोबार कर रहा है एवं कई एकड़ शासकीय भूमि को अवैध तरीके से पटवारी,आर आई व राजस्व विभाग के बड़े अधिकारियो की मिलीभगत से अपने हिस्से में कराने की फिराक में है। जिसका सरगुजा प्रेस क्लब व पत्रकार गृह निर्माण समिति ने विरोध जताते हुए तत्कालीन नजुल अधिकारी एवं भू माफिया के पाइप फैक्ट्री की भूमि की जांच की मांग की है।

गौरतलब है कि सरगुजा प्रेस क्लब अंतर्गत पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति के सदस्य गत 8 वर्षों से प्रशासन एवं शासन से आवासीय भूमि की मांग किए थे।गत वर्ष  2013 एवं 15-16 में तत्कालीन कलेक्टर रितु सेन एवं  आर प्रसन्ना ने अंबिकापुर नगर के मिशन चौक स्थित पाइप फैक्ट्री के पीछे 3 एकड़ शासकीय भूमि आरक्षित कराया था।अभी कुछ महीने पहले ही सरगुजा प्रेस क्लब व पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति के सदस्यों ने शहर के 4 पटवारी व तीन आराई के साथ भूमि का नाप जोख करवा कर मौके पर 2 एकड़ 60 डिसमिल जमीन निकलवाया था,जिसके बाद वह भूमि अपने नाम आवंटन के लिए नजूल अधिकारी के यहां आवेदन लगाया गया था। जिसमें पहले तो तत्कालीन नजूल अधिकारी ने दावा आपत्ति तिथि बीत जाने के बाद भी एक व्यक्ति के द्वारा आपत्ति लिया उसके बाद उसके लगातार चार पांच पेशी में उपस्थित नहीं होने के बावजूद उसकी आपत्ति को खारिज नहीं किया और उल्टे पत्रकार गृह निर्माण समिति के लिए प्रस्तावित 2 एकड़ 60 डिसमिल भूमि को 1 एकड़ 4 डिसमिल करते हुए शासन के पास भेजने की तैयारी थी। जिसकी भनक पत्रकार गृह निर्माण समिति के सदस्यों को लगी तो वह मंगलवार को जनदर्शन में पहुंचकर सरगुजा कलेक्टर के समक्ष विरोध जताया और ज्ञापन सौंपते हुए तत्कालीन नजूल अधिकारी एवं भू माफिया के जमीन की जांच की मांग की है।

 

 

और भी

परसा कोल ब्लॉक शुरू कराने राहुल गांधी से मिलने इंदौर पहुंचे ग्रामीण...

कहा- परियोजना को भूमि दे चुके हैं, और अब नौकरी न मिलने से रोजी रोटी के साथ भविष्य अंधकार में

 अंबिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के इंदौर से गुजारी। राहुल गांधी की इस यात्रा में छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य जिले सरगुजा से 50 आदिवासियों का समूह उनसे मुलाकात करने इंदौर पहुंचा। जिले के उदयपुर विकासखंड में राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (आरआरवीयूएनएल) को आवंटित परसा कोयला परियोजना में आने वाले  कुल छः गांव  के ग्रामीणों ने राहुल गांधी को परियोजना शुरू कराने के लिए प्रार्थना पत्र देकर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत करवाया। सुरगुजा जिले का यह समूह इंदौर में भारत यात्रा में भी जुड़े और टीम राहुल गाँधी से बात कर अपने जिले के हित में राजस्थान की महत्वाकांक्षी योजना जल्दी से जल्द शुरू करवाने पर जोर दिया। वहीं कांग्रेस के नेतागणों ने भरोसा जताया की वह पार्टी के आलाकमान तक यह बात पहुंचाएंगे।

इसी महीने 3 नवंबर को इन्ही मांगों को लेकर परसा कोल परियोजना के आसपास के प्रभावित ग्रामों के 1700 से ज्यादा ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल और जिले के विधायक और स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव को भी प्रार्थना पत्र लिखा था। महत्वपूर्ण बात यह है की छत्तीसगढ़ और राजस्थान दोनों ही राज्यों में कांग्रेस की सरकार है और परसा खदान उनके परस्पर फायदे की परियोजना है।



ग्रामीणों ने पत्र में लिखा है कि " आरआरवीयूएनएल को वर्ष 2012 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में तीन कोयला खदान परसा ईस्ट केते बासेन, परसा और केते एक्सटेंशन का आवंटन किया गया था। जिसमें से पहली खदान का कार्य पिछले 10 वर्षों से चल रहा है। जबकि दूसरी खदान परसा कोल परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य पांच वर्ष पूर्व शुरू हुआ। जिसमें ग्राम साल्हि, जनार्दनपुर, फत्तेपुर, हरिहरपुर, तारा और घाटबर्रा के कुल 722 लोगों ने अपनी जमीन देकर मुआवजा प्राप्त कर लिया है। इसमें से 478 लोगों ने रोजगार के एवज में एकमुश्त मुआवजा ले लिया है जबकि 188 लोगों ने रोजगार का विकल्प चुना था और उनमें से अब तक 10 लोगों को नौकरी मिल चुकी है। शेष 178 लोग नौकरी पाने की प्रतीक्षा में हैं। किन्तु कुछ बाहरी गैर सरकारी संगठन द्वारा इस परियोजना के विरोध में कई तरह की भ्रांतियां फैलाने के कारण प्रभावितों इलाकों में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। जिसके दबाव में आकर तत्कालिक सरकार द्वारा परसा कोल परियोजना को रद्द करने का मन बना लिया है। इस स्थिति में एक बार फिर हमारे सामने भुखमरी की स्थिति पैदा होने लगी है। इसका कारण यह है की हमारी जमीन बिकने के बाद भी अब तक नौकरी नहीं मिल पाई है जिसका मुख्य कारण परसा कोल परियोजना का ऑपरेशन अब तक शुरू न हो पाना। इस वजह से गुजर बसर करने के लिए अब ना तो कृषि कर पा रहे हैं और न ही अब तक नौकरी मिल पाई है। इस वजह से अब हमें अपने परिवार के गुजर बसर के लिए मुआवजे की राशि खर्च करनी पड़ रही है। जो की एक तरह से हमारे परिवार के लिए भविष्य निधि की तरह है।"

क्या है राजस्थान खदान का मामला ?
सरगुजा जिले में स्थित परसा कोल परियोजना राजस्थान राज्य की विज इकाई आरआरवीयूएनएल को तत्कालीन यूपीए सरकार में आवंटित की गयी दूसरी कोयला खदान है। जिसको लेकर पिछले कुछ महीनों से रायपुर स्थित की कुछ गैर सरकारी संगठनों द्वारा विरोध किया जा रहा है। हालाँकि बड़ा स्थानीय तबका राजस्थान सरकार की परियोजनाओं का स्वागत कर रहे है और सालो से खदानें खुलवाने की अपनी मांग पर अड़े हुए है। अब जिन ग्रामीणों  ने अपनी जमीन अधिग्रहण में दे दी है और मुआवजा प्राप्त कर लिया है उनमें परसा कोयला परियोजना में रोजगार की आश जगने लगी थी। और जब परियोजना के काम में एक बार फिर अवरोध की सूचना जैसे ही मिली सभी जमीन प्रभावितों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने खदान के समर्थक पुनः नौकरी की मांग के लिए आंदोलन शुरू कर दिया है। वहीं बेरोजगार युवकों ने जल्द नौकरी न मिलने पर अपने आंदोलन को उग्र करने की भी चेतावनी दी।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एकमत
मार्च के अंत में, कांग्रेस शासित राज्यों के दोनों मुख्यमंत्रियों ने रायपुर में अपनी तीन खनन परियोजनाओं को क्रियान्वित करने में आरआरवीयूएनएल के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की। इसके तुरंत बाद, भूपेश सरकार ने परसा ब्लॉक और पीईकेबी ब्लॉक के विस्तार के लिए मंजूरी दे दी थी। हालाँकि, आरआरवीयूएनएल संचालन का कार्य अब तक शुरू नहीं कर पाया है, जबकि स्थानीय लोग जिन्होंने अपनी जमीन और समर्थन दिया है, वे वर्षों से आजीविका के अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं और नौकरी न मिलने तथा रोजगार के अभाव में लाखों रुपये का नुकसान की बात भी कह  रहे हैं। इन सभी प्रभावित ग्रामीणों ने मई में भी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा आरआरवीयूएनएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) को एक पत्र में कुछ स्वयं घोषित कार्यकर्ता के द्वारा परसा कोयला परियोजना को बदनाम करने के लिए 'अवैध विरोध' की बात लिखकर खदान खोलने की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तो पेशेवर आन्दोलनकारीओं को सीधा कह दिया था की अगर उन्हें खदान और विद्युत् परियोजनाओं से कोई आपत्ति है तो पहले वह अपने घर का बिजली कनेक्शन कटवा दे। सरकार के निर्णायक रव्वैये को देखकरबाहरी आन्दोलनकारीओं ने चुप्पी साध ली थी और स्थानीय लोगो प्रशासन पर भरोसा बढ़ा है।   

परसा खदान परियोजना के विरोध में माननीय उच्च न्यायालय के सामने लगी सभी पांचो याचिका भी खारिज
छत्तीसगढ़ के उच्च न्यायालय ने मई 11, 2022 को परसा खदान परियोजना के कोल बेयरिंग एक्ट के तहत् अधिग्रहण के विरोध में दायर सभी पांच याचिकाओं को देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए लगाए गए सभी अरोपों और दलीलों को खारिज कर दिया था। विदेशी फंड से लदे संगठन क़ानूनी दांवपेंच और सोशल मीडिया पर भारी खर्च कर सुरगजा के विरुद्ध षड़यंत्र करते रहते है।  

पहले भी लिख चुके हैं राहुल गाँधी को पत्र
इन्ही ग्रामीणों ने गत माह जून में राहुल गाँधी को पत्र प्रेषित कर दोनों ही कांग्रेस- शासित राज्य होने की वजह से विकास-विरोधी गतिविधि चलाने वाले बाहरी लोगों को प्रतिबंधित करने तथा नौकरी के लिए अपनी मांग रखी थी। ग्राम साल्हि के वेदराम और उनके अन्य साथियों ने पुनर्वास एवं पुनर्व्यस्थापन योजना के तहत रोजगार के विकल्प का चयन किया था ताकि जल्दी से उन्हें रोजगार प्राप्त हो सके किन्तु पिछले 5 सालों से हम इसका इंतजार कर रहे है। परसा कोल माइंस को जमीन देकर मुआवजा भी उठा लिए हैं। और अब उनकी जमा पूंजी भी गुजर बसर में खर्च होने की बात लिखी थी।

इस तरह छत्तीसगढ़ के ये सभी आदिवासी ग्रामीण खदान के न खुलने से होने वाली रोजगार और नौकरी की परेशानियों इत्यादि मांगों के पूरा न होने की वजह से कल मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंचकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पहुंचे। किन्तु पुरजोर कोशिश के बावजूद राहुल के रैली में चलने वाले हुजूम में मिलने में सफल न हो सके। हालाँकि राहुल के टीम के एक सदस्य ने ग्रामीणों के प्रतिनिधी मंडल से पत्र लेकर मामले को राहुल तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

 

 

और भी

पेड़ पर फांसी लगाकर बुजुर्ग ने दी जान

 जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)।  जिले में एक बुजुर्ग ने पहाड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। उसका शव वहां एक पेड़ पर लटका हुआ मिला है। बताया गया है कि वह सोमवार को ही घर से घूमने निकला था। मगर बाद में वह लौटा ही नहीं। अगले दिन उसकी मौत की खबर सामने आई है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी अनुसार  कटनई निवासी बोटोंग डहरिया(65) सोमवार दोपहर को खाना खाने के बाद घूमने निकला था। उसने परिजनों को भी इस बात की जानकारी दी थी। इसके बाद शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला। उधर, जब शाम तक वह लौटा नहीं। तब उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। रात तक परिजन आस-पास ही उसकी खोजबीन करते रहे। मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।

सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

और भी

अब पेड़ों की कटाई के लिए अनुमति की आवश्यकता नहीं, मात्र सूचना देनी होगी

अपनी भूमि में वृक्षों की कटाई स्वयं करवा सकेंगे भूमिस्वामी

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर राज्य शासन द्वारा निजी भूमि पर कृषि के रूप में रोपित वृक्षों और प्राकृतिक रूप से उगे वृक्षों की कटाई के नियमों का सरलीकरण किया गया है। जिसके अनुसार अब भूमिस्वामी अपनी भूमि में कृषि के रूप में रोपित वृक्षों की कटाई स्वयं करवा सकेंगे। पेड़ों की कटाई के लिए अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी, उन्हें मात्र अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को सूचना देनी होगी। भूमिस्वामी वन विभाग से भी वृक्ष कटवा सकेंगे।

इसी प्रकार भूमि पर प्राकृतिक रूप से उगे हुए वृक्षों की कटाई के लिए भूमिस्वामी को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को आवेदन देना होगा। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निश्चित समयावधि में लिखित अनुमति देनी होगी। यदि आवेदक को समयावधि के बाद अनुमति नहीं मिलती तो वे पेड़ कटाई के लिए स्वतंत्र होंगे।

प्राकृतिक रूप से उगे वृक्षों की कटाई की अनुमति के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को आवेदन प्राप्ति के 45 कार्य दिवस के भीतर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति देनी होगी। यदि आवेदक को लिखित अनुमति प्राप्त नहीं होती है तो वे स्मरण पत्र दे सकेंगे। यदि अगले 30 कार्यदिवस के भीतर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से लिखित अनुमति प्राप्त नहीं होती है तो इसे अनुमति माना जाएगा और भूमिस्वामी वृक्षों की कटाई के लिए स्वतंत्र होगा। इस संबंध में हुए विलम्ब एवं नियमों का उल्लंघन होता है तो उसके लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उत्तरदायी होंगे। यदि भूमि स्वामी चाहें तो वन विभाग के माध्यम से भी वृक्षों की कटाई करा सकेंगे। एक कैलेण्डर वर्ष भूमि पर प्राकृतिक रूप से उगे अधिकतम 4 वृक्ष प्रति एकड़ के मान से एवं अधिकतम कुल 10 वृक्षों की कटाई की अनुमति दी जा सकेगी।

प्राकृतिक रूप से उगे हुए वृक्षों की कटाई के लिए भूमिस्वामी द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को दिए गए आवेदन के आधार पर राजस्व अधिकारी और वन अधिकारी द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। वृक्षों के संबंध में भूमि स्वामी के हक, राजस्व अभिलेखों में पंजीयन, वृक्षों की शुष्कता/परिपक्वता, भूस्वामी के कृषि व्यवसाय की अपरिहार्यता आदि को शामिल करते हुए निरीक्षण प्रतिवेदन 30 कार्यदिवस में दिया जाएगा।

इसी प्रकार भूमि स्वामी अपनी भूमि में कृषि के रूप में रोपित वृक्षों की कटाई, राजस्व अभिलेखों में पंजीयन के आधार पर, करवा सकेंगे। कटाई से एक माह पूर्व, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी को कटाई का कारण, प्रजाति एवं संख्या स्पष्ट उल्लेखित करते हुए, सूचना निर्धारित प्रारूप में देना आवश्यक होगा। सूचना के सथ पंजीयन संबंधी राजस्व अभिलेख एवं स्वघोषणा पत्र निर्धारित प्रारूप में देना होगा। भूमिस्वामी द्वारा प्रस्तुत सूचना एवं स्वघोषणा पत्र का दस्तावेजी एवं भौतिक सत्यापन, वृक्ष कटाई के पूर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पटवारी एवं वनपाल के माध्यम से कराना सुनिश्चित करेंगे।

वृक्षों की कटाई के लिए प्रक्रिया
भूमिस्वामी द्वारा लिखित में इच्छा व्यक्त किए जाने पर, उसकी भूमि में कृषि के रूप में रोपित वृक्षों तथा प्राकृतिक रूप से उगे वृक्षों की कटाई वन विभाग द्वारा की जा सकेगी। वन विभाग को आवेदन की प्राप्ति के 30 कार्य दिवस के भीतर, वन मण्डलाधिकारी वृक्षों की कटाई एवं डिपो तक अभिवहन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित दर पर लकड़ी का मूल्य परिगणित करते हुए, राज्य के अनुसूचित जनजाति वर्ग के भूमिस्वामी के संदर्भ में छत्तीसगढ़ आदिम जनजातियों का संरक्षण (वृक्षों में हित) अधिनियम 1999 के प्रावधानों के तहत कुल मूल्य का 95 प्रतिशत राशि भूमि स्वामी के बैंक खाते में निक्षेपित कराएगा एवं शेष 05 प्रतिशत राशि वन विभाग के निर्धारित खाते में जमा की जाएगी। जमा राशि से, प्रत्येक काटे जाने वाले वृक्ष के 05 गुना की संख्या में वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण एवं उनका अनुरक्षण किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्य में जहां छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता 1959 प्रभावशील है, वहां भूमि स्वामी को कृषि के रूप में रोपित एवं प्राकृतिक रूप से उगे हुए वृक्षों की कटाई के लिए वन विभाग द्वारा आवेदन प्राप्ति के बाद 30 कार्य दिवस के भीतर तथा रोपित वृक्षों की कटाई एवं डिपो तक परिवहन सुनिश्चित करते हुए एवं निर्धारित दर पर लकड़ी का मूल्य परिगणित करते हुए कुल मूल्य की 90 प्रतिशत राशि भूमि स्वामी के बैंक खाते में जमा करायी जाएगी तथा 10 प्रतिशत राशि वन विभाग के निर्धारित खाते में जमा की जाएगी। जमा राशि से प्रत्येक काटे जाने वाले वृक्ष के 10 गुना की संख्या में वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण एवं उनका अनुरक्षण किया जाएगा। वन विभाग द्वारा दोनों ही मामलों में न्यूनतम 6 फीट के वृक्ष रोपित किए जाएंगे एवं रोपण की जानकारी प्रत्येक वर्ष अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के माध्यम से कलेक्टर को दी जाएगी।

 

 

और भी

शिवसेना ने किया भाजपा प्रवक्ता सुधांशुत्रिवेदी का पुतला दहन

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भाजपा प्रवक्ता द्वारा  छत्रपति शिवाजी महाराज पर टिप्पणी को लेकर छत्तीसगढ़ शिवसेना ने सुधांशु त्रिवेदी पर कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया और बूढ़ा तालाब स्थित धरना स्थल पर शिवसैनिकों ने सुधांशु त्रिवेदी के पुतलेे क़ी  जूते और चप्पलों से पिटाई कर  जलाया। 

वहीं शिवसेना महिला प्रदेश अध्यक्ष  ज्योति द्विवेदी शिवसेना छत्तीसगढ़ द्वारा सुधांशु त्रिवेदी के छत्रपति शिवाजी पर की गईं अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में शिवसेना प्रदेश अध्यक्ष डॉ आनंद मल्होत्रा के निर्देशानुसार उसका पुतला दहन किया। ज्ञात हो कि एक टीवी शो में सुधांशु त्रिवेदी ने यह बात कही थी कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने औरंगजेब से 5 बार माफी मांगी, छत्रपति शिवाजी महाराज पूरे विश्व के हिंदुओं के आदर्श हैं जिन्होंने हिंदुत्व की रक्षा के लिए और हिंदू शासकों की ताकत बनकर अपना पूरा जीवन निछावर कर दिया। ऐसे महान शासक और हिंदुओं के आस्था के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में की गईं टिप्पणी के विरोध में सुधांशु त्रिवेदी का पुतला दहन बूढ़ा तालाब में किया गया। 

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला सेना के प्रदेश अध्यक्ष ज्योति द्विवेदी, सुनील कुकरेजा, कामगार सेना के जिला अध्यक्ष परमानंद वर्मा, मोहन डहरिया, विरेन्द्र देशलहरे, गंगा दास मनहरे, राजेंद्र कोसले सुषमा तिवारी प्रीति रितु बागवान उत्तरा बागवान ,तरुण साहू , मोनु रहण्डाले, घांश्यम साहू, करन देवांगना ,कृष्णा डहरे, गोलु यादव, टिनकु यादव , बंटी अजय , दानिश सेन , मयंक साहू, ,अजित यादव , भूपेन्द जंगेल महिला शिवसेना उपस्थित थे।

 
और भी

बलौदाबाजार नगर को मिली बड़ी सौगात, मंत्री डहरिया ने 5 करोड़ के कार्यों का किया भूमिपूजन-शिलान्यास

 बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नगरीय प्रशासन तथा विकास एवं श्रम मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने बलौदाबाजार के नगरवासियों को बड़ी सौगात दी है। यहां उन्होंने 5 करोड़ के कुल 68 विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किए। साथ ही उन्होंने नगर वासियों की मांग पर नगर के लिए 2 करोड़ 74 लाख रुपये के विभिन्न कार्यो स्वीकृत दी है। जिसमें 1 करोड़ 24 लाख रुपये जल आवर्धन कार्य, 1 करोड़ 24 लाख रुपये डोर टू डोर सफाई समाग्री,जेसीबी हेतु एवं 10-10 लाख रूपए सिख समाज,सेन समाज एवं देवांगन समाज के लिए सामुदायिक भवन के लिए प्रदान किया है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने कहा मुख्यमंत्री भुपेश बघेल के नेतृत्व में लगातार सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता एवं डोर टू डोर क्लेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी का ही परिणाम है कि हमारा राज्य पूरे देश मे लगातार तीन सालों से स्वच्छता के क्षेत्र में अव्वल है। साथ ही उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना एवं श्री धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर से हितग्राहियों को हो रहे फायदे को गिनाएं।


 

इस दौरान बलौदाबाजार विधायक प्रमोद शर्मा,कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा,छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम शैलेश नितिन त्रिवेदी,छत्तीसगढ़ जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष विद्याभूषण शुक्ल,पूर्व विधायक जनक राम वर्मा,नगर पालिका अध्यक्ष चितावर जायसवाल, जिलाध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर,पार्षद रूपेश ठाकुर सहित समस्त पार्षद,एल्डरमैन साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि,गणमान्य नागरिक, मीडिया कर्मी उपस्थित थे।

भूमिपूजन में वार्ड क्र-2 एवं 4 में कलेक्ट्रेड रोड से नया बस स्टैण्ड के पीछे उद्यान तक बी.टी. रोड निर्माण कार्य हेतु 106.48 लाख रुपये,नगर भवन में जीर्णोद्धार कार्य हेतु 92.19 लाख रूपये,वार्ड क्र.10 मटन मार्केट में स्लॉटर हाऊस सी. सी. रोड एवं बाऊण्ड्रीवॉल निर्माण कार्य के लिए 29.80 लाख रुपये,वार्ड क्र. 17, 18 एवं 19 आंगनबाड़ी केन्द्र से 04. मणीकंचन केन्द्र होते हुए वाशिंग सेंटर तक 525 मीटर आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य के लिए 24 लाख रुपये एवं अधोसंरचना मद अंतर्गत विभिन्न 64 निर्माण कार्य हेतु 247.53 लाख रुपये शामिल है।

इस तरह कुल 68 कार्य के लिए 499.91 लाख रुपये का भूमिपूजन किया गया है। इस दौरान नगर पालिका अधिकारी यमन देवांगन सहित नगरीय निकाय विभाग के समस्त कर्मचारी-अधिकारी गण उपस्थित थे।

 

 

और भी

तेज रफ्तार कार ने बाइक को ठोका फिर पेड़ टकराई,1 की मौत, 6 घायल

 सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिले में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 लोगों को तेज टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार भी एक पेड़ से जा टकराई। इसमें कार सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं 6 लोग घायल हैं। इनमें से 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा प्रतापपुर रोड पर कल्याणपुर जंगल के पास हुआ।

खबरे और भी : पिकनिक मनाने जा रहे 3 दोस्त को ट्रेलर ने कुचला, 1 की मौत, 2 घायल

जानकारी के मुताबिक, गुदरी का रहने वाला प्रकाश सिंह अपने ड्राइवर के साथ प्रतापपुर की ओर आ रहा था। वहीं चिराग सिन्हा, विक्की, पंकज समेत अन्य युवक दो बाइक पर सवार होकर अंबिकापुर से प्रतापपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लटूरी चौकी क्षेत्र में कल्याणपुर जंगल के पास तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सामने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

खबरे और भी : राजधानी में फिर हुआ सड़क हादसा, 26 वर्षीय युवक की मौत ...

कार में सवार प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका ड्राइवर और दो बाइकों पर सवार 5 युवक घायल हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल 2 लोगों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के ICU में चल रहा है। बाकी घायल भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही भर्ती हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

 

 

और भी

14 वर्ष से कम बालक व बालिकाओं को किसी तरह नियोजित करना अपराध

 कोरिया (छत्तीसगढ़ दर्पण)। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन श्रम विभाग की ओर से बाल श्रम (प्रतिषेध व विनियमन) अधिनियम 1986 के प्रावधान अनुसार 14 वर्ष से कम बालक व बालिकाओं को किसी तरह नियोजित करना अपराध की श्रेणी में माना गया है तथा बाल श्रम (प्रतिषेध व विनियमन) संशोधन अधिनियम 2017 के तहत् 14 से 18 वर्ष के बालक व बालिकाओं को खतरनाक व जोखिम पूर्ण नियोजन में नियोजित नहीं किया जा सकता है। 

 

उक्त नियमों को लागू व पालन कराने के उद्देश्य से जिले में श्रम विभाग महिला व बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण ईकाई तथा पुलिस विभाग की जिला टास्क फोर्स की टीम की ओर से 29 नवम्बर 2022 को बैकुण्ठपुर व पटना क्षेत्र के 50 से अधिक संस्थानों में निरीक्षण किया गया व नियोजकों को समझाईश दी गई।

 
और भी

पुलिस प्रमोशन : 17 निरीक्षक बने डीएसपी, 8 कंपनी कमांडर बने सहायक सेनानी...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राज्य सरकार ने 25 पुलिस निरीक्षकों व कंपनी कमांडर का प्रमोशन किया है। 17 निरीक्षक जहां डीएसपी बनाये गये हैं, तो वहीं 8 कंपनी कमांडर को सहायक सेनानी के पद पर पदोन्नत किया गया है। राज्य सरकार ने निरीक्षक से डीएसपी के पद पर प्रमोशन के लिए 16 नवंबर को डीपीसी की थी। डीपीसी के बाद कुल 25 पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दिया गया है। हालांकि प्रमोशन के बाद अभी तमाम पुलिस अधिकारी पूर्व की भांति अपने पदों पर बने रहेंगे, उनकी पोस्टिंग की लिस्ट जल्द ही जारी की जायेगी।

 

 
और भी

3 से 8 दिसंबर तक रद्द रहेगी बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पूर्व मध्य रेलवे सोनपुर मंडल के बरौनी स्टेशन में तीसरी लाइन कनेक्टिविटी के लिए नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। यह कार्य बरौनी रेलवे स्टेशन में 4 से 8 दिसम्बर तक किया जायेगा। इस कार्य के फलस्वरुप 3 से 8 दिसम्बर तक बरौनी से छूटने वाली 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस रद्द रहेगी। वहीं 4 से 9 दिसम्बर तक गोंदिया से छूटने वाली 15232 गोंदिया –बरौनी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

 

 

और भी

प्रदेश में मातृत्व मृत्यु दर में बड़ी गिरावट, 159 से घटकर 137 हुई...

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में मातृत्व मृत्यु दर (MMR) में बड़ी गिरावट आई है। राज्य शासन द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिए जाने के कारण वर्ष 2016 से 2018 के बीच 159 एमएमआर वाले छत्तीसगढ़ का एमएमआर अब घटकर 137 पर पहुंच गया है। प्रदेश में मातृत्व मृत्यु दर का अब तक का यह सबसे न्यूनतम आंकड़ा है।

भारत के महापंजीयक कार्यालय द्वारा 28 नवम्बर को वर्ष 2018 से 2020 के बीच देश में मातृत्व मृत्यु पर विशेष बुलेटिन (SRS - Sample Registration System) जारी किया गया है। इसके मुताबिक तीन वर्षों में प्रदेश के एमएमआर में 22 अंकों की कमी आई है। एसआरएस के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में प्रति एक लाख जीवित बच्चों के जन्म पर मातृ मृत्यु की दर 159 से घटकर अब 137 हो गई है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में गर्भवती और शिशुवती महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने सुपोषण अभियान संचालित किया जा रहा है। मातृत्व स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल और गर्भवती व शिशुवती महिलाओं को हर तरह का इलाज मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार सुदृढ़ीकरण किया गया है। ज्यादा जोखिम वाले गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है।

राज्य में संस्थागत प्रसवों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शासकीय अस्पतालों में सिजेरियन प्रसव की भी सुविधाएं बढ़ी हैं। समुदाय और मैदानी स्तर पर मितानिनें और एएनएम मातृ व शिशु स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही हैं। राज्य शासन के इन सब कदमों की वजह से प्रदेश में मातृत्व मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।

 

 

और भी

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में हुई नए बाघ की पुष्टि

 जगदलपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। हाल ही के दिनों में इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में एक नये बाघ देखने की पुष्टि की गई हैं। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक  गणवीर धम्मशील ने बताया कि इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में नया  बाघ देखने को मिला है जिसकी पुष्टि डब्ल्यू आई आई टाइगर सेल देहरादून द्वारा की गई है।

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व बाघों के रहवास के लिए उपयुक्त स्थल है, जहां बाघ के अलावा अन्य वन्यजीव भी  हैं। जिसमें मुख्य रूप से वन भैंसा जो छत्तीसगढ़ राज्य का राजकीय पशु यहां पाया जाता है, साथ ही गौर, तेन्दुआ, भालू, नीलगाय, हिरण, सांभर, जंगली सुअर इत्यादि वन्यप्राणियों का भी यह रहवास स्थल है। छत्तीसगढ़ के इन्द्रावती टाइगर रिजर्व 2799.086 वर्ग कि.मी. के भौगोलिक क्षेत्र में फैला हुआ है जो महाराष्ट्र एवं तेलंगाना के वनक्षेत्र से लगा हुआ है जो बाघों के विचरण के लिए उपयुक्त कॉरिडोर का काम करता है।

 

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व प्रबंधन वन्यजीवों की मॉनिटरिंग एवं सुरक्षा का कार्य लगातार कर रहा है एवं मैदानी अमलों द्वारा फुट पेट्रोलिंग के माध्यम से लगातार वन्यजीवों की सुरक्षा एवं निगरानी की जा रही है। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर वन्यजीव संरक्षण का कार्य लगातार किया जा रहा है। जिससे वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण एवं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

और भी

अऩुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ की महाकफन अनोखी रैली 30 को

 रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर के बूढ़ा तालाब स्थित धरना स्थल में 40 दिनों से धरने में बैठे अऩुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ क़ा  संज्ञान लेने सरकार या सरकार के प्रतिनिधि अभी तक धरने स्थल में नहीं पहुंचे हैं। अनुकंपा नियुक्ति के लिए आंदोलन में बैठे विधवाएं और परिजनों का 40 वें दिन और अनशन 36 वें दिन के साथ ही सोमवार को संघ के सभी लोग भूख हड़ताल पर हैं। 

संघ की प्रांताध्यक्ष  माधुरी मृगे ने विजन न्यूज़ सर्विस को बताया कि धरने में बैठे दिवंगत शिक्षाकर्मी की विधवा और परिजनों के दुःख  दर्द को सुनने  सरकार के प्रतिनिधि नहीं पहुंचे हैं। 

 

प्रदेश उपाध्यक्ष माधुरी चंद्रा ने बताया कि हम अपनी संघ को अकेला मानकर 3 दिसम्बर  को आत्मदाह की चेतावनी सरकार को दी थी लेकिन अब हमारा संघ अकेला नहीं  है। हमारे संघ के साथ प्रदेश शिक्षक, शिक्षक  संगठन, विपक्ष पार्टी, महिला मोचा संगठन और प्रदेश की जनता अब  हमारे संघ के साथ हैं। अऩुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ ने अपने संघ और समर्थन देने वाले सभी संगठन से चर्चा कर अपने विचार में पर्वितन कर 3 दिसम्बर को आत्मदाह के बदले अब  संघ 30 नवम्बर को महाकफन अनोखी रैली निकाल कर अपने और अपने परिवार के बच्चों की अरमानों की रैली निकालने की बात  विजन न्यूज़ सर्विस को बताई। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार अऩुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ की मांग पूरी नहीं करती  तब तक मांगों को लेकर हमारी संघ धरने में रहेगा । 

 

 

और भी

नशे की हालत में वाहन चलाते 200 से अधिक लोगों पर कार्रवाई

 कोरबा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नशे में वाहन चलाने वाले 200 लोगो के खिलाफ पुलिस ने    मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

इस कारवाई में शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 114  वाहन को  जप्त भी किया गया है। पुलिस ने कहा कि लोग सड़क पर वाहन खड़ी कर यातायात बाधित करने और दुर्घटना कारित करने वाले गाड़ियों की वजह से परेशान हैं इसलिए ऐसे 15 वाहनों के विरुद्ध धारा 283 भादवि के अंतर्गत कार्रवाई की गई  है।

 

 

और भी

लर्निंग गैप और लर्निंग लॉस से बच्चे प्रभावित, कोण्डागांव जिले में 7200 छात्र चिन्हांकित

 कोण्डागांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला कलेक्टर कोण्डागांव दीपक सोनी के निर्देशन में चल रहे आकांक्षी जिला प्रोग्राम में नीति आयोग की सहयोगी संस्था पीरामल फाउंडेशन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विकासखंड कोण्डागांव के बीआरसी भवन में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कोरोना महामारी के दौरान लर्निंग गैप और लर्निंग लॉस से प्रभावित बच्चों में से अभी शुरुआत में कोण्डागांव जिले के 7200 बच्चों को चिन्हांकित किया गया है। इन बच्चों के लिए विद्यालय से घर जाने के बाद अतिरिक्त टूल के रूप में  माइंडस्पार्क ऐप का लाइसेंस वर्जन निःशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है।

इस ऐप में शिक्षण सामग्री और प्रश्नों के स्तर को बच्चों के कक्षा स्तर के अनुरूप रखा गया है एवं बच्चों के लेवल चेक करते हुए उनके स्तर को सुधारकर ऊपर उठाने का प्रयास किया गया है। शिक्षा विभाग कोण्डागांव में इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जिला मिशन समन्वयक महेंद्र पांडे मार्गदर्शन में सहायक कार्यक्रम समन्वयक रूपसिंह सलाम के नेतृत्व में पीरामल फाउंडेशन से एडीसी प्रदीप राव की सहायता से संचालित किया जा रहा है। एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला में विकासखंड स्रोत समन्वयक रामलाल नेताम, चयनित शालाओं के शिक्षक और संकुल समन्वयक उपस्थित थे।

और भी