छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कामकाजी महिलाओं के लिए 202 करोड़ से बनेंगे 6 हाॅस्टल

केंद्र शासन की विशेष सहायता से छत्तीसगढ़ में कामकाजी महिलाओं के लिए 6 हाॅस्टल बनाए जाएंगे। इसके लिए केन्द्र  के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 202 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इनमें राजधानी में तीन के साथ ही नवा रायपुर में सेक्टर-16 में एक और बिलासपुर तथा सिरगिट्टी में सीएसआईडीसी को दो हॉस्टल के लिए राशि दी गई है।

राजधानी  रायपुर में  कामकाजी महिलाओंके लिए लगभग 48 करोड़ रुपए की लागत से  तीन वर्किंग वूमन्स हॉस्टल  बनाए  जाएंगे।  इस हॉस्टल की योजना वर्ष 2024 में केंद्र शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। केंद्र  सरकार द्वारा 24 फरवरी को इस प्रस्ताव की मंजूरी दे  दी  गई  है। 
नगर निगम आयुक्त श्री अविनाश मिश्रा ने बताया कि 250-250 बेड के इस हॉस्टल के बनने से राजधानी में कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवासीय सुविधा सस्ती दर पर मिलेगी। तीनों हॉस्टल तीन माले की होगी। इनमें से प्रत्येक हॉस्टल में 250-250 बेड का इंतजाम किया जाएगा।   हॉस्टल के कमरे डबल बेडरूम वाले होंगे और उसमें अटैच वासरूम रहेगा। कोशिश रहेगी कि सभी हॉस्टल में मेस की सुविधा रहे, जिससे कामकाजी महिलाओं को नाश्ता व खाने के लिए बाहर न जाना पड़े। ये हॉस्टल रिहायशी इलाकों में ही  बनाए  जाएंगे,जिससे महिलाओं को आने-जाने में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। आयुक्त ने कहा है कि प्रक्रियाओं को तेज करते हुए इन हॉस्टल को एक साल के अंदर तैयार करने की कोशिश की जाएगी। तीनों हॉस्टल की निर्माण एजेंसी निगम रहेगा और इसका संचालन व संधारण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर किया जाएगा। 
लगभग 10 हजार महिलाएं कर रही काम
रोजगार कार्यालय से  अनुसार राजधानी में लगभग 10 हजार महिलाएं बाहर से आकर सरकारी विभागों में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि निजी संस्थानों में यह संख्या बढ़ सकती है।
और भी

मिशन क्लीन सिटी के तहत कार्यरत स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के लिए सरकार ने खोला राहत का पिटारा

 नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत नगरीय निकायों में कार्यरत स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के लिए राहत का पिटारा खोला है। राज्य शासन द्वारा उनके लिए आठ घंटे की कार्यावधि निर्धारित करने के साथ ही साप्ताहिक अवकाश और महीने में एक दिन का सवैतनिक आकस्मिक अवकाश प्रदान करने के संबंध में नए दिशा-निर्देश सभी नगरीय निकायों को जारी किए हैं। साथ ही सभी स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों का श्रम विभाग में पंजीयन कराकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं। 


नगरीय प्रशासन विभाग ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए नगरीय निकायों में लागू "मिशन क्लीन सिटी" के तहत निर्मित अधोसंरचना तथा स्वसहायता समूहों के संचालन एवं संधारण के लिए वर्ष 2016 में जारी निर्देशों को संशोधित कर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये नए दिशा-निर्देश रायपुर, भिलाई और रिसाली को छोड़कर शेष सभी नगर निगमों तथा सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में लागू होंगे। निकायों में कार्यरत् विभिन्न स्वसहायता समूहों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने नगर निगम आयुक्तों तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को इस संबंध में परिपत्र जारी कर नए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। सभी क्षेत्रीय संयुक्त संचालकों को समय-समय पर निकायों का भ्रमण कर इन निर्देशों का पालन किया जाना प्रतिवेदित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार स्वच्छता दीदियों/सफाई मित्रों की कार्यावधि आठ घण्टे निर्धारित की गई है। निकाय सुविधानुसार प्रातः छह बजे से दोपहर तीन बजे (एक घण्टे का भोजन अवकाश मिलाकर) या प्रातः सात बजे से शाम चार बजे तक कार्यावधि निर्धारित कर सकते हैं। विशेष अवसरों के अतिरिक्त निर्धारित कार्यावधि से अधिक कार्य कराया जाना प्रतिबंधित होगा। निकायों में प्रत्येक स्वच्छता दीदी/सफाई मित्र का कार्य रोस्टर स्वसहायता समूह द्वारा इस प्रकार तैयार किया जाएगा कि प्रत्येक सदस्य को रोटेशन आधार पर एक साप्ताहिक अवकाश अनिवार्यतः प्राप्त हो सके। नगरीय निकायों को इस बात का ध्यान रखने कहा गया है कि सभी सदस्यों का साप्ताहिक अवकाश एक ही दिन न पड़े, जिससे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं निपटान का कार्य प्रभावित न हो, तथा मणिकंचन केन्द्र में कचरे का जमाव न होने लगे।

राज्य शासन ने मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत कार्यरत् सभी सदस्यों का पंजीयन श्रम विभाग के पोर्टल पर अनिवार्यतः कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा जीवन बीमा, मेडिकल क्लेम आदि का सम्पूर्ण लाभ सभी सदस्यों को दिलाने निकाय प्रमुख को प्राथमिकता से सुनिश्चित कराने को कहा है। 

परिपत्र में कहा गया है कि मिशन क्लीन सिटी अंतर्गत नियोजित मानव बल का कार्य डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं निपटान की कार्यवाही करना है। किंतु कुछ निकायों द्वारा इनसे स्ट्रीट स्वीपिंग, नाली सफाई एवं अन्य प्रकृति के कार्य कराए जा रहे हैं। नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी निकायों को निर्देशित किया है कि मिशन क्लीन सिटी अंतर्गत नियोजित स्वच्छता दीदी/सफाई मित्रों से योजना के दिशा-निर्देशों के अतिरिक्त अन्य प्रकृति के कार्य कराए जाने पर पूर्णतः प्रतिषेध होगा। निर्देशों के उल्लंघन पर जिम्मेदारी का निर्धारण कर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

नगरीय प्रशासन विभाग ने मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत नियोजित सभी मानव बल का मासिक स्वास्थ्य परीक्षण मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट में अनिवार्यतः कराया जाना सुनिश्चित करने को कहा है। प्रत्येक तीन माह में सभी सदस्यों का ब्लड टेस्ट, थॉयरॉइड टेस्ट, बीपी व शुगर टेस्ट, यूरीन टेस्ट, यूरीन कल्चर, यूरिक एसिड, एल्यूमिन टेस्ट, एलडीएच टेस्ट, टोटल कोलेस्ट्रॉल टेस्ट, वीएचडीएल टेस्ट एवं टीएचएस टेस्ट भी कराया जाएगा। इसके लिए जिला मुख्यालय के निकाय जिले के अन्य निकायों से समन्वय कर कैम्प प्लान तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।

राज्य शासन ने स्वच्छता दीदियों/सफाई मित्रों के हितों को ध्यान रखते हुए माह में एक दिन का सवैतनिक आकस्मिक अवकाश प्रदान करने का निर्णय लिया है। हर एसएलआरएम माहवार प्रत्येक सदस्य के अवकाश का लेखा-जोखा संधारित करते हुए रजिस्टर में इंद्राज करेंगे तथा कटौती की गई राशि से ही वर्ष में एक बार राशि उपलब्धता के आधार पर बोनस राशि यथासंभव प्रदान की जाएगी या प्रत्येक सेंटर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक सदस्य को विशेष दिवस पर इस राशि से सम्मान स्वरूप राशि या पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

मिशन क्लीन सिटी के तहत नए निर्देशों के मुताबिक एसएलआरएम सेंटर्स (मणिकंचन केन्द्र) तथा उसकी सामग्री की मरम्मत व संधारण निकाय द्वारा मरम्मत व संधारण मद अंतर्गत जारी राशि से किया जाएगा। विशेष परिस्थिति में वृहत मरम्मत कार्य की आवश्यकता पड़ने पर पृथक से राशि सुडा (SUDA) द्वारा प्रकरण का परीक्षण कर गुण-दोष के आधार पर प्रदान किया जाएगा। एसएलआरएम सेंटर्स के लिए नियुक्त सुपरवाइजर निकाय के नियमित कर्मचारी या स्वसहायता समूह के सदस्य होंगे। अन्य प्लेसमेंट कर्मचारी/स्वच्छता कमाण्डो आदि सुपरवाइजर नहीं बनाए जाएंगे। ट्रायसायकिल रिक्शा, मिनी टिप्पर आदि की मरम्मत का कार्य सुपरवाइजर द्वारा कराया जाएगा तथा निकाय द्वारा सुपरवाइजर को मरम्मत राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी। इसके लिए वार्षिक अधिकतम एक लाख रुपए तक के भुगतान के लिए यूजर चार्ज की राशि का उपयोग किया जा सकेगा।

सेहत की सुरक्षा और काम में सहूलियत के लिए दिए जाएंगे विभिन्न सामग्री
 
राज्य शासन ने मिशन क्लीन सिटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार मणिकंचन केन्द्रों में सफाई मित्रों को सेहत की सुरक्षा और काम में सहूलियत के लिए विभिन्न सामग्रियां निःशुल्क उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सफाई मित्रों को हर वर्ष पहचान पत्र, पुरूषों की वर्दी के लिए हरे रंग की दो टी-शर्ट, महिलाओं की वर्दी के लिए दो साड़ियां, दो एपेरन और एक रेनकोट प्रदान किया जाएगा। साथ ही हर तीन महीने में चार जोड़ी रबर के दस्ताने और चार जोड़ी कपड़े के दस्ताने, प्रत्येक दो माह में छह जोड़ी मोजे और छह मास्क, हर छह महीने में दो जोड़ी कपड़े के जूते और दो टोपियां दी जाएंगी। कंपोस्ट शेड में काम करने वाले सफाई मित्रों को प्रति वर्ष एक जोड़ी गमबूट भी प्रदान किए जाएंगे।
और भी

दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस को भाजपा से बढ़त

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि पहले चरण के समान ही दूसरे चरण के त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से बढ़त मिली है। कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत, जनपद पंचायत और सरपंच के प्रत्याशी अधिक चुनाव जीतकर आये है। दूसरे चरण में जिला पंचायतों में 138 क्षेत्रों में से कांग्रेस समर्थित 89 सदस्य चुनाव जीत कर आये है। 899 जनपद सदस्यों में कांग्रेस समर्थित 548 चुनाव जीत कर आये है। इसी प्रकार दूसरे चरण में 3774 स्थानों पर सरपंचों के चुनाव हुये है जिसमें कांग्रेस समर्थित 2780 सरपंच चुनाव जीत कर आये है। दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस को भाजपा से बड़ी बढ़त मिली है।


पहले चरण एवं दूसरे चरण को मिलाकर 287 जिला पंचायत क्षेत्रों में कांग्रेस के कुल 167 सदस्य अभी तक चुनाव जीत चुके है। जनपद पंचायतों में 1810 क्षेत्रों में से 1148 क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित चुनाव जीत कर आये है। इसी प्रकार सरपंचों के 6385 क्षेत्रों में से 4880 क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित लोग चुनाव जीत कर आये है।

प्रदेश के गांवों की जनता ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया है। दो चरणों के चुनाव परिणामों से कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त दिखाई दे रही है। भाजपा झूठे दावे कर अपनी इज्जत बचाने में लगी है। लेकिन हकीकत में प्रदेश के गांवों की जनता जो प्रदेश की कुल आबादी की 70 प्रतिशत से भी अधिक है ने भाजपा को नकार दिया है। यह जनादेश भाजपा की 1 साल की सरकार के खिलाफ आया है।
और भी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी. टी. उषा ने की भेंट

 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज नई दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती पी. टी. उषा ने सौजन्य भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात में छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास, युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और ओलंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए राज्य की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा हुई।


मुख्यमंत्री साय ने राज्य में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है।

आईओए का विशेषज्ञ दल देगा खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण

बैठक के दौरान श्रीमती पी. टी. उषा ने छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) द्वारा एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भेजने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस दल में विभिन्न खेलों के अनुभवी कोच और विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो स्थानीय खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए प्रशिक्षित करेंगे और उनकी खेल तकनीकों को निखारने में सहायता करेंगे।उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। श्रीमती उषा ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना की और इसे भारत के खेल प्रोत्साहन मॉडल के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बताया।

बस्तर ओलंपिक और अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन जैसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को देंगे नई उड़ान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए विशेष खेल आयोजनों का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में  ‘बस्तर ओलंपिक’ का आयोजन किया गया, जिसमें 1.65 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना था। उन्होंने बताया कि 2 मार्च 2025 को ‘अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 5000 से अधिक युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। इस प्रतिष्ठित मैराथन को तीन श्रेणियों – 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर में आयोजित किया जाएगा। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से सरकार युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित कर रही है और राज्य को एक मजबूत खेल हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ सरकार और भारतीय ओलंपिक संघ के बीच यह साझेदारी राज्य में खेलों के विकास को नया आयाम देगी।
और भी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से नई दिल्ली में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो के अध्यक्ष डॉ वी नारायणन ने की मुलाक़ात

 मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय से आज नई दिल्ली में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के चेयरमैन वी. नारायणन ने  भेंट कर छत्तीसगढ़ में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के उपयोग से कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में नवाचारों को बढ़ावा देने पर गहन चर्चा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ में सैटेलाइट आधारित सर्वेक्षण, भू-मानचित्रण (geo-mapping), प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्मार्ट एग्रीकल्चर को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।


मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि, जल संसाधन, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में तकनीकी नवाचारों का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। इसरो के सहयोग से हम इन क्षेत्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण से कार्य करेंगे, जिससे किसानों को अधिक सटीक जानकारी मिले और राज्य के विकास को गति मिले।

इसरो का विशेषज्ञ दल करेगा छत्तीसगढ़ का दौरा

बैठक में बताया गया कि इसरो का एक विशेषज्ञ दल जल्द ही छत्तीसगढ़ का दौरा करेगा और राज्य में सैटेलाइट इमेजरी, जीआईएस (GIS) तकनीक और डेटा विश्लेषण के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत अध्ययन करेगा। इसके तहत राज्य में मृदा स्वास्थ्य विश्लेषण, जल स्रोतों का सटीक आकलन, बाढ़ और सूखे की भविष्यवाणी, और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए डेटा-संचालित निर्णय लेने की प्रणाली विकसित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ को मिलेगा अत्याधुनिक स्पेस टेक्नोलॉजी का लाभ

इसरो की विशेषज्ञता और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से  छत्तीसगढ़ को कृषि, आपदा प्रबंधन, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग, पर्यावरण एवं वन संरक्षण सहित अन्य क्षेत्रों मे व्यापक लाभ होगा।  कृषि क्षेत्र में सैटेलाइट डेटा के उपयोग से बेहतर फसल पूर्वानुमान, मिट्टी की गुणवत्ता सुधार, और जल संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन, बाढ़, सूखा और वनाग्नि जैसी प्राकृतिक आपदाओं की पूर्व-चेतावनी प्रणाली को सशक्त बनाना,  नगर नियोजन, परिवहन व्यवस्था, और पर्यावरणीय संतुलन के लिए अत्याधुनिक स्पेस डेटा के उपयोग सहित वन क्षेत्रों की निगरानी और अवैध कटाई की रोकथाम के लिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग में सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि इसरो और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच साझेदारी से राज्य में तकनीकी प्रगति को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। इस पहल के तहत छत्तीसगढ़ अनुसंधान संस्थानों को भी जोड़ा जाएगा, जिससे युवा वैज्ञानिकों को नवाचारों में योगदान देने का अवसर मिलेगा।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के नए युग में इसरो का सहयोग राज्य को भविष्य की तकनीकों से सशक्त बनाएगा, जिससे कृषि, पर्यावरण, जल प्रबंधन और आपदा न्यूनीकरण जैसे क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव आएंगे।
और भी

राजिम कुंभ कल्प : सांस्कृतिक मंच पर अनुराग शर्मा के गीतों में झूमे दर्शक

 छत्तीसगढ़ी और फिल्मी गानों ने दर्शकों का किया भरपूर मनोरंजन

 

 राजिम कुंभ कल्प के सातवें दिन छत्तीसगढ़ के विशाल मंच स्टार नाईट अनुराग शर्मा के सुमधुर गीतों ने दर्शका को झूमने पर मजबूर कर दिया। अनुराग शर्मा ने कार्यक्रम की शुरूआत गणेश वंदना के साथ की। इसके बाद एक से बढ़कर एक छत्तीसगढ़ी और फिल्मी गानों ने दर्शका का भरपूर मनोरंजन किया। सुपर हिट गीत अंग-अंग म बसाहु तोर मया..., धीरे-धीरे दिल तेरा चुराएंगे..., जब से तुम्हे देखा..., धरती म हे कोनो न कोनो आकाश म..., तुमसा कोई प्यारा कोई..., छुनूर छुनुर पैरी बाजे रे..., गीतों की प्रस्तुति ने हर दर्शकों का मन रोमांचित से भर दिया। अनुराग शर्मा को सुनने दर्शकों की भारी भीड़ रही।

इसी मंच पर रामावतार चंद्राकर की टीम ने वो काली माई..., मेला म पान ठेला..., गीतों को दर्शकों का बहुत प्यार मिला। रोशन साहू हमर छत्तीसगढ़ लोककला मंच ने छत्तीसगढ़ी गीतों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने सिंदूर मांगे..., झूम झूम के नाच ले..., गौरा-गौरी... और बस्तर की लोक कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत की, जिसे बहुत ही सराहना मिली। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध गायिका रामदत्त जोशी बहनों ने तोर घर म अवतार ले यशोदा..., छत्तीसगढ़ महान हे..., कोठा म पैरा डाले...जैसे गानों को सुमधुर आवाज से मंच को सुशोभित किया और खूब तालियां बटोरी। दाई नई बचो-ददा नई बचो..., गौरी गौरा..., सुआ नृत्य और राउत नाचा से छत्तीसगढ़ की संस्कृति का बहुत ही सुंदर ढंग से बखान किया।

और भी

गांजा तस्करी में लिप्त GRP आरक्षकों की संपत्ति फ्रीज़, सफेमा कोर्ट ने दी मंजूरी

 गांजा तस्करी में लिप्त पाए गए जीआरपी के चार आरक्षकों की संपत्ति को पुलिस ने फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सफेमा कोर्ट ने संपत्ति जब्त करने की मंजूरी दे दी है।

एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी तहत जीआरपी के आरक्षक लक्ष्मण गाईन, मन्नु प्रजापति, संतोष राठौर और सौरभ नागवंशी को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि ये आरक्षक ड्यूटी के दौरान जब्त गांजे को अपने साथियों को सौंप देते थे, जो इसे आगे सप्लाई कर देते थे। इस अवैध कारोबार से तीन आरक्षकों ने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की।

जब्त की गई संपत्ति
लक्ष्मण गाईन और कृष्णा गाईन के नाम पर सिरगिट्टी वार्ड 7 में 1600 वर्गफुट जमीन व मकान (50 लाख रुपये)।
संतोष राठौर के नाम पर कोरबा के ग्राम फरसवानी में 5232 वर्गफुट जमीन (10 लाख रुपये)।
मन्नु प्रजापति के नाम पर ग्राम नगपुरा में 1250 वर्गफुट जमीन (15 लाख रुपये)।
मन्नु प्रजापति और उसकी पत्नी कुसुम प्रजापति के नाम पर सिरगिट्टी में 1428 वर्गफुट जमीन व मकान (40 लाख रुपये)।
मन्नु प्रजापति के नाम पर सिरगिट्टी वार्ड 7 में 1000 वर्गफुट जमीन (10 लाख रुपये)।

जब्त वाहन
लक्ष्मण गाईन की हार्ले डेविडसन बाइक, टाटा सफारी और हुंडई वेन्यू कार।
पुलिस ने अवैध रूप से अर्जित इन संपत्तियों का विवरण सफेमा कोर्ट में पेश किया था, जिसके बाद कोर्ट ने इन्हें जब्त करने का आदेश दिया।

और भी

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में भाजपा की जबरदस्त जीत, कई जिलों में क्लीन स्वीप

  छत्तीसगढ़ में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन किया है। कई जिलों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए अपना वर्चस्व कायम किया। नारायणपुर, कवर्धा, खैरागढ़, कोंडागांव, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जैसे जिलों में भाजपा ने सभी सीटें जीतकर क्लीन स्वीप किया। इन नतीजों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रदेश में भाजपा की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है।

भाजपा का जलवा अन्य जिलों में भी देखने को मिला, जहां पार्टी ने कई महत्वपूर्ण सीटों पर जीत दर्ज की। जांजगीर-चांपा में 6 में से 4, बलरामपुर में 6 में से 4, सक्ती में 4 में से 3, बालोद में 5 में से 3, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 4 में से 2 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने सफलता हासिल की। वहीं, रायगढ़ में 6 में 5, धमतरी में 6 में 5 और कांकेर में 6 में 4 सीटों पर भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन किया।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस शानदार प्रदर्शन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रत्याशियों और जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और पारदर्शी प्रशासन पर भरोसा जताया है। यह जीत जनता के आशीर्वाद और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह जीत उसी दिशा में जनता की स्वीकृति को दर्शाती है। उन्होंने  कहा कि चुनावी नतीजे बताते हैं कि जनता भाजपा की नीति और नेतृत्व पर पूरा भरोसा कर रही है। पार्टी की सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में जो विकास कार्य किए हैं, जनता ने उन पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा का संकल्प है कि गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचे और जनता को सुशासन मिले।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने  कहा कि इन नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा को पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आने वाले चरणों में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी सफलता मिलेगी।

और भी

खाद्यमंत्री दयालदास ने अपने गृहग्राम कुरा में किया मताधिकार का प्रयोग

 बेमेतरा जिले के कुरा गांव में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के पहले चरण में खाद्य मंत्री दयाल दास ने अपने सपरिवार के साथ मतदान किया। अपने गृह ग्राम में पहुंचकर उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन किया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मंत्री दयाल दास ने अपने परिवार के साथ स्थानीय मतदान केंद्र पर मतदान किया। उनके आगमन से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। दयाल दास ने इस अवसर पर कहा, "मतदान लोकतंत्र की नींव है, और हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करके देश के भविष्य निर्माण में योगदान दे।" उन्होंने युवाओं और सभी मतदाताओं को मतदान में सक्रिय रूप से भाग लेने का संदेश भी दिया। खाद्य मंत्री के मतदान केंद्र पर आने से ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने उन्हें मतदान केंद्र पर देखा और उनकी उपस्थिति से प्रभावित हुए। दयाल दास का सपरिवार मतदान में भाग लेना ग्रामीणों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। उनके साथ उनके परिवार के सदस्यों ने भी मतदान किया, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनके समर्पण का संदेश पूरे क्षेत्र में गया।

सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मतदान

कुरा गांव में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

और भी

धान खरीदी के बाद भुगतान में देरी: महीने भर बाद 1 हजार करोड़ जारी...

 छत्तीसगढ़ में धान खरीदी समाप्त हो चुकी है, जिसमें 25.49 लाख किसानों ने 31 जनवरी तक 1.5 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान बेचा। हालांकि, खरीदी के दौरान किसानों को समर्थन मूल्य की राशि मिलती रही, लेकिन 17 से 31 जनवरी के बीच धान बेचने वाले लगभग 17 लाख किसानों को 3000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि नहीं मिल सकी।


नगरीय निकाय चुनाव संपन्न होते ही अब किसानों को उनके पैसे मिलने शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर दो दिन पहले 1000 करोड़ रुपए जारी किए गए। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को करीब एक महीने बाद पुनः 1000 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई, जबकि अभी भी 2000 करोड़ रुपए का भुगतान बकाया है।

धान खरीदी और भुगतान की स्थिति
छत्तीसगढ़ सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 17 से 31 जनवरी के बीच 16,99,596 किसानों ने लगभग 17.42 लाख मीट्रिक टन धान बेचा था। औसत समर्थन मूल्य के अनुसार प्रति क्विंटल 2300 रुपए की दर से इन किसानों को कुल 3000 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाना था। हालांकि, लंबित भुगतान के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

निकाय चुनाव के बाद किसानों को राहत
करीब एक महीने के इंतजार के बाद सरकार ने 1000 करोड़ रुपए जारी किए, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में किसानों को उनका भुगतान नहीं मिला है। जांच में यह भी सामने आया है कि खाद्य विभाग ने 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा था, लेकिन बैंक से केवल 145 लाख टन के लिए लोन स्वीकृत किया गया था। 31 जनवरी तक प्रदेश में कुल 149.24 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका था, जिससे अतिरिक्त खरीदी का भुगतान करने के लिए सरकार को धन की व्यवस्था करनी पड़ी। मार्कफेड ने पुनः प्रस्ताव तैयार कर अतिरिक्त धन की स्वीकृति ली और बैंक से लोन प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद यह राशि जारी हुई।

2000 करोड़ रुपए का भुगतान अभी भी शेष
दुर्ग जिला सहकारी बैंक के सीईओ एसके जोशी के अनुसार, बैंक को भुगतान मार्कफेड के माध्यम से मिलता है। 17 जनवरी के बाद से पैसे का प्रवाह रुक गया था, लेकिन सोमवार को प्रदेश के लिए 1000 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। अभी भी लगभग 2000 करोड़ रुपए आना बाकी है। दुर्ग जिले के लिए 118 करोड़ रुपए भेजे गए हैं, जबकि 230 करोड़ रुपए की राशि और आनी बाकी है।

राज्य सरकार द्वारा किसानों के लंबित भुगतान को जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी भी 2000 करोड़ रुपए का भुगतान लंबित है। किसानों को पूरी राशि मिलने तक राहत अधूरी मानी जा सकती है। सरकार की आगामी रणनीति पर किसानों की निगाहें टिकी हैं।

 

 

और भी

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्व. श्री राजेश अवस्थी को दी श्रद्धांजलि

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के मठपुरा स्थित श्री दूधाधारी सत्संग भवन में आयोजित स्व. श्री राजेश अवस्थी की श्रद्धांजलि सभा में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. श्री राजेश अवस्थी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।


मुख्यमंत्री श्री साय ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. श्री राजेश अवस्थी ने सामाजिक जीवन में सराहनीय कार्य किए। उनका जाना हम सभी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

इस अवसर पर धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा, श्री पवन साय, श्री भूपेंद्र सवन्नी  सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित थे।
और भी

छत्तीसगढ़ में अब चलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार - विष्णु देव साय

 छत्तीसगढ़ में हुए नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व, सुशासन और विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है।


जनता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के 13 महीनों के सुशासन को सराहा

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अभूतपूर्व जनादेश के लिए छत्तीसगढ़ की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और आशीर्वाद की विजय है।
उन्होंने कहा कि जनता ने हमारे 13 महीनों के सुशासन को सराहा है, ‘मोदी की गारंटी’ की तरह ही ‘अटल विश्वास पत्र’ पर भी जनता ने विश्वास जताया है। हम इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे और जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे।

10 में से 10 नगर निगमों में भाजपा की जीत, रायपुर और बिलासपुर में ऐतिहासिक बढ़त

अभी तक आए चुनाव परिणामों  के अनुसार 10 में से 10 नगर निगमों में भाजपा विजयी हुई है, साथ ही 49 नगर पालिकाओं में से 35 में और 114 नगर पंचायतों में से 81 पर भाजपा की शानदार जीत हुई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर में भारतीय जनता पार्टी को 1,53,290 मतों से ऐतिहासिक विजय मिली, जो यह दर्शाता है कि जनता ने भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और पारदर्शी सुशासन को चुना है। बिलासपुर में भी भाजपा की श्रीमती पूजा विधानी ने 66,179 मतों से जीत हासिल की है।

रायगढ़: भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता और जीवर्धन भाई की ऐतिहासिक जीत

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायगढ़ नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि वह अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने वाली पार्टी है। जीवर्धन भाई, जो वर्षों से पार्टी के प्रति निष्ठावान रहे हैं और आज भी चाय बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, को पार्टी ने महापौर का टिकट दिया। यह सिर्फ एक राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि भाजपा की कार्यकर्ता-केन्द्रित विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती का प्रमाण है। जीवर्धन भाई ने अपनी कड़ी मेहनत और जनता के विश्वास से 34, 365 मतों से ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। यह न केवल रायगढ़ बल्कि पूरे प्रदेश में एक मिसाल है कि पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और ईमानदारी का उचित सम्मान भाजपा में ही संभव है। इस जीत से यह स्पष्ट होता है कि जनता अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले नेताओं पर भरोसा जता रही है। रायगढ़ में भाजपा की यह अभूतपूर्व सफलता पार्टी की जनसेवा और विकास की प्रतिबद्धता का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में यह परिणाम भाजपा के संगठनात्मक मजबूती, नेतृत्व की दूरदृष्टि और जनता के प्रति समर्पण का प्रमाण है। यह जीत रायगढ़ के विकास की नई संभावनाओं को खोलने वाली होगी, जहां जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।  भाजपा में मेहनत और निष्ठा की कद्र की जाती है, जीवर्धन भाई इसका सशक्त उदाहरण हैं।

जनता ने कांग्रेस की विफलताओं को किया खारिज, भाजपा के सुशासन को दिया समर्थन

मुख्यमंत्री श्री साय ने कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, मेयर और अध्यक्षों के चुनाव को प्रत्यक्ष प्रणाली से हटा दिया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की बहाली करते हुए चुनाव को पुनः प्रत्यक्ष प्रणाली से कराया और इसका परिणाम है कि कांग्रेस के पिछले मेयर आज पार्षद बनने में भी असफल रहे हैं।

‘मोदी गारंटी’ की तरह ‘अटल विश्वास पत्र’ भी होगा 100 प्रतिशत लागू

मुख्यमंत्री श्री साय ने आश्वस्त किया कि हमने जो भी वादे अटल विश्वास पत्र में किए हैं, वे 100 प्रतिशत  पूरे किए जाएंगे। हमारी सरकार विकास, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। हमने जो कहा, उसे पूरा किया और आगे भी करेंगे।

जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत

इस चुनाव में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता ने अपनी स्वीकृति दी है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक संबल, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीबों को सम्मानजनक आवास, किसानों के लिए रिकॉर्ड धान खरीदी और बोनस भुगतान, शराब घोटाले की जांच, सरकारी भर्तियों की पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर सख्ती और प्रशासन में पारदर्शिता पर जनता ने अपनी मुहर लगा दी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित यह जीत

मुख्यमंत्री श्री साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। प्रत्येक कार्यकर्ता ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में परिश्रम किया। यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पुनः स्थापना का प्रतीक है।

निकायों में अब दिखेगा बदलाव, जनता की तरक्की होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब निकायों में भी बदलाव दिखेगा, विकास होगा, जनता की तरक्की हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। हम छत्तीसगढ़ के हर नगर, हर गांव को विकास के नए आयाम तक पहुंचाएंगे।

आगे पंचायत चुनावों में भी ऐतिहासिक जीत की तैयारी

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अब आने वाले पंचायत चुनावों में भी जनता भाजपा को भारी समर्थन देगी, क्योंकि जनता ने भाजपा के विकास मॉडल को देखा और स्वीकार किया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी और विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह जीत प्रदेश की जनता की जीत है, यह जीत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन की जीत है और यह जीत भाजपा के सुशासन और ईमानदार राजनीति की जीत है।


भूपेश बघेल को कांग्रेस ने महासचिव बनाया, लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें करारी हार का 'धन्यवाद' दिया – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

कांग्रेस का असली जनाधार उजागर – भूपेश बघेल के खुद के क्षेत्र में पार्टी को करारी हार

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें महासचिव बनाकर सम्मान दिया, लेकिन उनके अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें 'धन्यवाद' कुछ अलग अंदाज में दिया – तीनों नगरीय निकायों में कांग्रेस को बुरी तरह हराकर!  उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस ने भूपेश बघेल को राष्ट्रीय महासचिव बनाया, लेकिन आज उनके खुद के विधानसभा क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया। तीनों – दो नगर पंचायत और एक नगर पालिका में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। यही जनता का असली जवाब है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिणाम कांग्रेस के खोखले दावों और झूठी राजनीति का सबूत है। जनता ने कांग्रेस की गलत नीतियों को पूरी तरह अस्वीकार कर दिया है। छत्तीसगढ़ की जनता अब समझ चुकी है कि कांग्रेस के पास सिर्फ वादे हैं, काम नहीं।

मुख्यमंत्री ने  कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 2018 में कांग्रेस ने 36 वादों का घोषणापत्र जारी किया था, लेकिन 5 साल में कुछ नहीं किया। यही कारण है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। अब कांग्रेस चाहे जो भी वादे करे, जनता उस पर भरोसा नहीं करने वाली। कांग्रेस की विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।


जो महापौर थे,  उन्हें इस चुनाव में पार्षद पद के लायक भी जनता ने नहीं समझा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को लोकतंत्र की पुनर्स्थापना और जनता के अधिकारों की बहाली करार दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने जनता को फिर से उनका अधिकार सौंपा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 5 साल पहले नगरीय निकाय चुनावों में लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। उन्होंने मेयर और अध्यक्ष का चुनाव जनता से छीनकर इनडायरेक्ट प्रणाली में डाल दिया था, ताकि जनता के बजाय कांग्रेस नेताओं की मर्जी से अपने लोग सत्ता में आ सकें। यह लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में जनता का सिर्फ शोषण हुआ, और जब भाजपा सरकार ने प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली लागू की, तो जनता ने भी भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश देकर अपना विश्वास जताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को पुनर्स्थापित किया, जिससे जनता को सीधे अपने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के नेताओं को चुनने का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि हमने साहस दिखाया और जनता को प्रत्यक्ष मतदान का अधिकार दिया। अब मेयर और अध्यक्ष का चुनाव पार्षदों के वोट से नहीं, बल्कि जनता के वोट से हो रहा है। जनता को जब सही अधिकार मिला, तो उन्होंने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया और भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि जो कांग्रेस नेता पिछले चुनाव में इनडायरेक्ट चुनाव से मेयर बने थे, वे इस बार पार्षद का चुनाव भी नहीं जीत सके।पिछले चुनाव में जो नेता इनडायरेक्ट प्रणाली से मेयर बने थे, इस बार जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। वे अब पार्षद का चुनाव जीतने के लायक भी नहीं रहे। यह लोकतंत्र की असली जीत है।
और भी

रायपुर नगर निगम चुनाव : मतगणना के दौरान यातायात व पार्किंग के लिए प्लान तैयार...

 नगरीय निकाय चुनाव 11 फरवरी को संपन्न हुए, जिसके बाद मतगणना 15 फरवरी को होगी। रायपुर नगर निगम के लिए मतगणना शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सेजबहार में संपन्न होगी। मतगणना के सुचारू संचालन और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने विशेष पार्किंग प्लान तैयार किया है।

यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था:
शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य द्वार से केवल पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर), रिटर्निंग ऑफिसर (RO) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) के वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी।

मतगणना कार्य में संलग्न सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज के गेट के बाजू स्थित मैदान में पार्क करेंगे और पैदल मतगणना स्थल पर पहुंचेंगे।



प्रत्याशी एवं उनके गणना एजेंट अपने वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े कर पैदल मतगणना स्थल में प्रवेश करेंगे।



प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वाहनों के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य द्वार के बाहर विशेष पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

यातायात डायवर्जन:
मतगणना के दौरान भारी वाहनों को पुराना धमतरी रोड, कमल विहार तिराहा और भरेंगाभाठा चौक से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि मतगणना स्थल के आसपास यातायात बाधित न हो।

यातायात पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है और निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है ताकि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

और भी

सारंगढ़ में विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या, 4 गिरफ्तार, 1 फरार...

  जिला मुख्यालय सारंगढ़ में गोलीकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत की तलाश जारी है।


क्या है मामला?
घटना गुरुवार को सूर्या बेकरी के सामने हुई। बताया जा रहा है कि प्लास्टिक जलाने को लेकर हुए विवाद में ललिता बघेल, पिंटू जांगड़े, कृष्णा राजपूत और उनके अन्य साथियों ने बेकरी के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और झगड़ा किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मुखलाल मांझी को सीने में गोली मार दी गई।

गोली लगने से मुखलाल मांझी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने एक मैगजीन, एक गाड़ी और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। हालांकि, मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

और भी

निकाय चुनाव: मतगणना 15 को, अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर के मार्गदर्शन में नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत मतगणना प्रशिक्षण जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें सामान्य  प्रेक्षक डॉ. संतोष कुमार देवांगन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक, जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी सरगुजा विनय कुमार अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


 प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक डॉ. राजकमल मिश्रा ने मतगणना प्रक्रिया से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे संवेदनशील चरण है, इसलिए इसे अत्यंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए। मतगणना स्थल पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश दिया जाएगा और मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी।  

 



 प्रशिक्षण में बताया गया कि मतगणना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की गणना की जाएगी और प्रत्येक मतपत्र की संवीक्षा की जाएगी। अविधिमान्य मतों को अलग किया जाएगा, जबकि विधिमान्य मतों की अभ्यर्थीवार गणना की जाएगी। गणना परिणाम प्रारूप 20 और 21-क में दर्ज किए जाएंगे।  

 



 मशीन से मतगणना के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र की मशीनों की अलग-अलग जांच की जाएगी और परिणामों को प्रारूप 18-क में दर्ज किया जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्रारूप 22-क में सारणी तैयार की जाएगी और अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा पुनर्गणना की मांग की जाती है, तो रिटर्निंग अधिकारी इस पर विचार करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर पुनर्गणना की जाएगी।  

 



 गौरतलब है कि 15 फरवरी 2025 को प्रातः 09ः00 बजे से नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के महापौर एवं समस्त 48 वार्डों के पार्षदों के मतगणना का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा। मतगणना हेतु पॉलिटेक्निक कॉलेज में 03 मतगणना कक्ष स्थापित किये गये हैं, जिनमें मतदान केंन्द्रवार मतगणना की जायेगी। इसी तरह नगर पंचायत लखनपुर एवं नगर पंचायत सीतापुर में भी निर्धारित समय प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगी।

 

 

 
और भी

30 किलोग्राम हेरोइन जब्त

  पुलिस ने शुक्रवार को 30 किलोग्राम हेरोइन जब्त करने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया और सीमा पार से मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया। पुलिस के अनुसार, ड्रोन का उपयोग कर पाकिस्तान से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही थी और यह इस साल की अब तक की सबसे बड़ी खेप जब्त की गई है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार से तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, पुलिस ने एक कार से 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और मादक पदार्थ के एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

पाकिस्तान से मादक पदार्थ लाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तार आरोपी बड़े पैमाने पर हेरोइन की तस्करी में संलिप्त था और बताया गया है कि हाल ही में उसे सीमा पार से ड्रोन के जरिए तस्करी की गई हेरोइन की बड़ी खेप मिली थी।’’ उन्होंने बताया कि घरिंडा थाने में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ(एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। यादव ने कहा कि इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और तस्करी के गिरोह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

और भी

राज्यपाल ने महाकुंभ के अवसर पर त्रिवेणी संगम में किया स्नान

  श्रद्धा और आस्था के प्रतीक ‘महाकुंभ‘ के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में स्नान कर प्रदेश एवं समस्त देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।


राज्यपाल ने कहा कि सनातन के इस महापर्व के अवसर पर डुबकी लगाना परम सौभाग्य की बात है। ऐसे पुण्य क्षणों का लाभ लेना अत्यंत सुखद एवं मन को शांति प्रदान करने वाला होता है। इस अवसर पर राज्यपाल के परिजन भी उपस्थित थे।

 

 

और भी

प्रयागराज पहुंचे सीएम साय, त्रिवेणी संगम में लगाई डुबकी...

 अपने मंत्रिमंडल व अन्य जनप्रतिनिधियों संग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को प्रयागराज महाकुंभ पहुंचे। सीएम साय, राज्यपाल व विधानसभा अध्यक्ष समेत सभी मेहमान अरेल घाट पहुंचे, जहां से मोटर बोट के जरिए त्रिवेणी संगम पहुंचे। यहां उन्होंने संगम में डुबकी लगाई और छत्तीसगढ़ व देश के लिए सुख समृद्धि की कामना की।

और भी