छत्तीसगढ़ - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के पांव पखारकर जनसेवा का दिया अद्वितीय उदाहरण

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित 'मोर आवास मोर अधिकार' कार्यक्रम में अपने प्रशासनिक और राजनीतिक जीवन का एक भावुक और अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। मोर आवास मोर अधिकार कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसेवा की नई मिसाल कायम करते हुए हितग्राहियों के पांव पखारकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री द्वारा किया गया यह कार्य मानवीय संदेश दिया है, जो जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच विश्वास और सेवा का प्रतीक बन गया है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जनसंपर्क की प्रदर्शनी का किया शुभारम्भ

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनकल्याण एवं भारत को विकसित देशों की श्रेणी में लाने के लिए बीते दस सालों में शुरू की गई अभिनव एवं क्रांतिकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं नीतियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री जी के जीवन के पहलुओं को छाया-चित्र के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। 


यहां यह उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आज जन्म दिन है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री जी जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य के 5 लाख से अधिक परिवारांे को पक्का मकान बनाने के लिए प्रथम किस्त की राशि का अंतरण भी हितग्राहियों को डी.बी.टी. के माध्यम से खाते में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना है। इसके तहत् राज्य में 18 लाख से अधिक परिवारों को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आवास की स्वीकृति दी गई है। 

छाया-चित्र प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जी द्वारा देश में पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ वृ़क्षारोपण अभियान, डिजिटल इकोनॉमी-जन-जन को बैंकिंक सुविधा, नए अंतरिक्ष शक्ति के रूप में उभरता भारत, आतंकवाद के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही, औपनिवेशिक काल के कानूनों में बदलाव एवं नवीन न्याय संहिता को लागू करना, भारतीय सैन्य शक्ति को सुदृढ़ करना, जन भागीदारी से देश को नई दिशा, भारत का गौरव बढ़ाती उपलब्धियां, जनधन योजना, देश में अधोसंरचना का तेजी से निर्माण, एक राष्ट्र, एक कर, एक बाजार, एक ग्रिड,एक राशन कार्ड, एक संविधान और वोकल फार लोकल आदि विषयों को छाया-चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जीवन से जुड़े प्रसंगो को भी दर्शाया गया है। 

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह,गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित थे।
और भी

स्वच्छता को बनाए सामाजिक आंदोलन, जन-जागरूकता से ही स्वच्छ होगा प्रदेश : श्री विष्णु देव साय

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के तेलीबांधा तालाब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यक्रम में नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और तेलीबांधा तालाब परिसर में झाड़ू लगाकर सफाई की। उन्होंने स्वच्छता दीदियों तथा शहर को स्वच्छ बनाने में सहभागिता देने वाले सामाजिक संस्थाओं ग्रीन आर्मी, बंच ऑफ फूल्स, कुछ फर्ज हमारा भी और एवेंजर्स ग्रुप के साथ ही समाज सेविका श्रीमती शुभांगी आप्टे को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा के शुभारंभ पर आयोजित स्वच्छता मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने नए स्वच्छता वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक सर्वश्री मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा और अनुज शर्मा तथा महापौर श्री एजाज ढेबर भी कार्यक्रम में शामिल हुए।  


छत्तीसगढ़ में ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाना चाहिए। शहरों, गांवों एवं प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए स्वच्छता को सामाजिक आंदोलन बनाने की जरूरत है। जन-जागरूकता से ही प्रदेश स्वच्छ और सुंदर बनेगा। उन्होंने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को आज उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामना दीं। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को विश्वकर्मा जयंती की भी बधाई दी। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश में स्वच्छ भारत मिशन की शुरूआत की। इसके बाद से ही घर-घर में शौचालय बनाने के लिए सहायता राशि दी गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लगातार गरीबों और वंचितों के लिए काम कर रहे हैं। जनधन योजना के तहत देशभर में लोगों के बैंक खाते खुले। इन खातों में सरकार की विभिन्न योजनाओं की राशि बिना किसी लीकेज के हितग्राहियों तक पहुंच रही है। इन राशियों का बहुत बेहतर सदुपयोग भी हो रहा है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मैं स्वच्छता दीदियों को शत-शत नमन करता हूं। वे घर-घर जाकर कचरे का संग्रहण कर रही हैं और स्वच्छता में महत्वपूर्ण सहभागिता निभा रही हैं। वे सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग कर रिसायक्लिंग और खाद बनाने के लिए भेज रही हैं। श्री साय ने बताया कि उन्हें कल गुजरात में ग्लोबल रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टर्स मीट एंड एक्सपो में शामिल होने का अवसर मिला था, जिसमें वायुमंडल को स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। 

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा की जानकारी देते हुए कहा कि ‘स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता’ की थीम पर आज से राज्य के सभी 184 नगरीय निकायों में विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।  स्वच्छता दीदियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही मैराथॉन, साइक्लोथॉन, श्रमदान जैसी विविध गतिविधियां संचालित की जाएंगी। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा के शुभारंभ के मौके पर रायपुर संभाग के आयुक्त श्री महादेव कावरे, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक श्री कुंदन कुमार, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसएसपी श्री संतोष सिंह और नगर निगम के आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा भी मौजूद थे।
और भी

पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय का सत्रहवां स्थापना दिवस समारोह

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ का सत्रहवां  स्थापना दिवस समारोह  आयोजित किया गया। इस मौके पर रायपुर के सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित थे। 


मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भारत के परम्परागत चिकित्सा पद्धति के जनक श्री महर्षि चरक एवं महर्षि सुश्रुत के योगदान को रेखांकित करते विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि  विश्वविद्यालय में शिक्षण विभाग एवं चिकित्सा शिक्षा के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन स्तर पर जो भी आवश्यकता होगी उसे पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि  दूरस्थ अंचल में विशेषज्ञों की कमी को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय को रायपुर स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के एनेस्थीसिया एवं प्रसुति विभाग के साथ समन्वय स्थापित करना चाहिए। इसके लिए  विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग सेंटर में 6 माह के प्रशिक्षण की व्यवस्था शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे पैथोलाजी लैब जो कानूनन लाइसेंस नहीं हैं उन्हें नियमानुसार ट्रेनिंग दिलाकर पैरामेडिकल बोर्ड से रजिस्ट्रेशन कराने हेतु विश्वविद्यालय को समन्वय स्थापित करना चाहिए। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा और निजी पैथोलाजी लैब का नियमितिकरण किया जा सकेगा। 

कार्यक्रम में उपस्थित रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने विश्वविद्यालय में स्किल्ड मैनपावर के प्रशिक्षण, पैरामेडिकल की स्नातक उपाधि पाठ्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विभिन्न विषयों पर अल्पकालीन पाठ्यक्रम जैसे सीटी स्कैन, एमआरआई, कैथलैब इत्यादि प्रारंभ करने हेतु विश्वविद्यालय में उचित व्यवस्था करने पर जोर दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि केन्द्र सरकार के स्तर पर जो भी आवश्यकता महसूस होगी उसे वो पूरी करने की कोशिश करेंगें। 

स्थापना दिवस समारोह पर आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी. के. पात्रा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय की सोलह  साल की विकास यात्रा को सारगर्भित तरीके से प्रस्तुत किया साथ ही भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विश्वविद्यालय में शिक्षण विभाग एवं एमबीबीएस  पाठ्यक्रम प्रारंभ करने तथा शोध के महत्व पर चर्चा की।
और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 17 सितम्बर को ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’’ में होंगे शामिल

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 17 सितम्बर को ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024’’ में शामिल होंगे। राजधानी रायपुर के तेली बांधा परिसर रायपुर में सुबह 8 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव करेंगे।


कार्यक्रम में स्वच्छता हेतु सामूहिक श्रम दान, स्वच्छता मैराथन का शुभारंभ, सफाई मित्रों का सम्मान, पी.पी.ई. कीट का वितरण, पक्षी संरक्षण जागरूक एवं वेस्ट टू बेस्ट के तहत गौरया कलाकृति का लोकार्पण, गांधी उद्यान में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ वृक्षारोपण और स्वच्छता ही सेवा हेतु शपथ ग्रहण दिलाई जाएगी। 

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सर्व श्री राजेश मूणत, अनुज शर्मा, मोती लाल साहू, पुरंदर मिश्रा, गुरू खुशवंत साहेब, इन्द्रकुमार साहू, महापौर श्री एजाज ढेबर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमी डोमेश्वरी वर्मा एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष श्रीमती मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। 
और भी

देश में 2030 तक 500 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादन के लक्ष्य को पूरा करने में छत्तीसगढ़ का भी होगा महत्वपूर्ण योगदान : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुजरात के गांधीनगर में चौथे ग्लोबल रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टर्स समिट एंड एक्सपो (री-इंवेस्ट-24) का शुभारंभ किया। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ में क्लीन और ग्रीन एनर्जी (Clean and green energy) के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को मंच से साझा किया। 


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादन के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने में छत्तीसगढ़ राज्य का भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सोलर एनर्जी, हायडल एनर्जी, बायोगैस से बिजली के उत्पादन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में बिजली की खपत 5500 मेगावाट है। प्रदेश में करीब 15 प्रतिशत बिजली का उत्पादन रिन्यूएबल एनर्जी के स्त्रोतों से किया जा रहा है।  इसे आने वाले समय में 45 प्रतिशत तक बढ़ाने का हमारा लक्ष्य है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे जहां अक्षय ऊर्जा से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं जलवायु परिवर्तन की बड़ी चुनौती से निपटने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अक्षय ऊर्जा के उत्पादन की असीम संभावनाएं हैं। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण क्रेडा के माध्यम से छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा तथा अन्य गैर परंपरागत ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश के दूरस्थ एवं वनांचलों में स्थित गांवों में जहां बसाहटें काफी बिखरी हुई होती हैं। बसाहटों की दूरी एक दूसरे से दो-तीन किमी तक होती है। बीच में कोई नाला आ गया, कोई छोटी सी पहाड़ी आ गई। ऐसे में बिजली की लाइन खींचना बेहद कठिन होता है और लागत बढ़ जाती है। ऐसे क्षेत्रों में क्रेडा द्वारा सौर ऊर्जा से बिजली पहुंचाने का काम किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ढाई हजार से ज्यादा शासकीय भवन, आश्रम छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्र सौर ऊर्जा से रोशन हैं। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रेडा को वर्ष 2018 में सराहा गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारंभ की गई पीएम सूर्यघर योजना से देश का आम आदमी अब बिजली खरीदने वाला नहीं, बिजली बेचने वाला बन जाएगा। छत्तीसगढ़ में भी इस योजना के उत्साह जनक परिणाम मिल रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में वार्डवार शिविर लगाकर लोगों को इस योजना के संबंध में जागरूक किया जा रहा है और मौके पर ही फार्म भराए जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से भिलाई के बीच चरौदा में रेलवे की जमीन पर सोलर प्लांट लगाया गया है। इस सोलर प्लांट से रायपुर और दुर्ग की लोकल ट्रेन चल रही हैं। इसी तरह बलरामपुर जिले के तातापानी में गर्म जल के प्राकृतिक कुंड हैं। यहां 100 किलो वाट का भूतापीय विद्युत संयंत्र लगाने का निर्णय लिया गया है। खेती-किसानी में भी सिंचाई के लिए सौर सिंचाई पंपों का उपयोग किया जा रहा है। क्रेडा द्वारा किसानों के खेतों में डेढ़ लाख से ज्यादा सोलर सिंचाई पंप स्थापित किए गए हैं। इसी तरह प्रदेश में सोलर पंप के माध्यम से 230 सौर सामुदायिक सिंचाई संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में लगभग 25 हजार सोलर पेयजल पंप स्थापित किये जा चुके हैं। इनसे साढ़े छह लाख परिवारों को शुद्ध पेयजल मिल रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में छोटे-छोटे लघु जल विद्युत संयंत्र भी स्थापित किए गए हैं, इनसे 75 मेगावाट ऊर्जा मिल रही है। प्रदेश में 37 लघु जल विद्युत परियोजनाओं की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में छत्तीसगढ़ भी प्रमुख भूमिका निभाएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय ऊर्जा प्रदूषण मुक्त ऊर्जा का स्त्रोत है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा के स्त्रोत हमेशा मौजूद रहने वाले हैं। पूरी दुनिया इनकी ओर बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ में भी हम सब अक्षय ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए संकल्पित हैं। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चौथे ’ग्लोबल रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टर्स मीट एंड एक्सपो’ (री-इन्वेस्ट) का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य श्री देवव्रत, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल, केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी, आंध्रप्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गोवा के मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ के उर्जा विभाग के सचिव श्री पी. दयानंद एवं क्रेडा के सीईओ श्री राजेश सिंह राणा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।  

इस कार्यक्रम में 40 से अधिक सत्र होंगे। री-इंवेस्ट-24 की थीम ‘मिशन 500 गीगावाट’ है। पहली बार यह कार्यक्रम राजधानी दिल्ली से बाहर हो रहा है। 

चौथे ग्लोबल रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टर्स समिट एंड एक्सपो (री-इंवेस्ट-24) में ये देश हुए शामिल

एक्सपो समिट में मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, राजस्थान, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश हिस्सा रहा हैं। वहीं इस साल प्रमुख अंतरराष्ट्रीय भागीदारों में ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, जर्मनी और नॉर्वे जैसे देश भी शामिल हैं। री-इन्वेस्ट समिट दुनिया को भारत की अक्षय ऊर्जा क्षमता को प्रदर्शित करने और बहुपक्षीय वार्ता शुरू करके क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए भारत सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है।
और भी

छत्तीसगढ़ में अब तक 1077.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

 राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 1077.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 16 सितम्बर सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 2280.3 मिमी और बेमेतरा जिले में सबसे कम 569.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।


राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा जिले में 570.7 मिमी, सूरजपुर में 1015.8 मिमी, बलरामपुर में 1531.2 मिमी, जशपुर में 889.0 मिमी, कोरिया में 981.5 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 995.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। 

इसी प्रकार, रायपुर जिले में 908.9 मिमी, बलौदाबाजार में 1124.4 मिमी, गरियाबंद में 1017.2 मिमी, महासमुंद में 852.4 मिमी, धमतरी में 977.0 मिमी, बिलासपुर में 933.0 मिमी, मुंगेली में 1046.7 मिमी, रायगढ़ में 964.6 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 623.3 मिमी, जांजगीर-चांपा में 1129.4 मिमी, सक्ती 948.4 मिमी, कोरबा में 1307.8 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 1101.3 मिमी, दुर्ग में 629.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 849.3 मिमी, राजनांदगांव में 1074.3 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1195.1 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 813.5 मिमी, बालोद में 1126.3 मिमी, बस्तर में 1219.9 मिमी, कोण्डागांव में 1115.6 मिमी, कांकेर में 1360.0 मिमी, नारायणपुर में 1337.1 मिमी, दंतेवाड़ा में 1462.8 मिमी और सुकमा जिले में 1620.0 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।
और भी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ईद-मिलादुन्नबी की दी मुबारकबाद

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुस्लिम भाईयों सहित प्रदेशवासियों को पैगम्बर साहब के जन्मदिवस ईद-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी है। इस पवित्र मौके पर उन्होंने देश-दुनिया में अमन-चैन और लोगों की खुशहाली की कामना की है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री साय उज्जैन में स्व. श्री पूनमचंद यादव के तेरहवीं कार्यक्रम में हुए शामिल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज उज्जैन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य पिता जी स्व. श्री पूनमचंद यादव के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर स्व. श्री पूनमचंद यादव जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा को शांति प्रदान करने ईश्वर से प्रार्थना की।

और भी

बलरामपुर जिले में 2 अति उच्च दाब पाॅवर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत ...सीएम श्री साय के निर्देश पर पारेषण क्षमता में विकास का अभियान - आर.के.शुक्ला

छत्तीसगढ़ में विद्युत विकास का लाभ उपभोक्ताओं को शीघ्रता से प्रदान करने के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार उपकेन्द्रों के उन्नयन व क्रियाशील करने का अभियान छेड़ दिया गया है ,जिसके तहत 14 सितंबर को बलरामपुर जिले में लगभग 10 करोड़ की लागत से 2 अति उच्च दाब उपकेंद्रों में 40-40 एमवीए पाॅवर टांसफार्मर ऊर्जीकृत किये गए। छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक ने आज बलरामपुर जिले में पहुंच कर राजपुर तथा बलरामपुर में पाॅवर ट्रांसफार्ममरों को ऊर्जीकृत किया । पहले वे राजपुर पहुंचे ,जहां 132/33केवी क्षमता के उपकेंद्र में 40 एमवीए क्षमता के पाॅवर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया। इससे राजपुर, कुसमी,शंकरगढ़,बारियों,झिंगो,हस्ता,आदि 336गांवों में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता बढ़ेगी। इस कार्य की लागत 4करोड़ 6 लाख रुपये है । इसके पश्चात श्री शुक्ला विभागीय अधिकारीगण के साथ बलरामपुर के 132/33 केवी क्षमता अति उच्चदाब उपकेंद्र बलरामपुर पहुंचे, जहां 40 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पाॅवर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया । इस कार्य की लागत 4 करोड़ 98 लाख रुपए है। इसके ऊर्जीकृत होने से 240 गाँवों की विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा।लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी । इससे कृषि,उद्योग-धंधे तथा सामाजिक  विकास के सूचकांकों में भी सुधार होगा। बलरामपुर जिले के विकास को गति मिलेगी वहीं प्रदेश स्तरीय पाॅवर ग्रिड को मजबूती मिलेगी ।                           

इस अवसर पर मुख्यअभियंतागण श्रीमती के.घाटे ,श्री शिरीष सैलट,अधीक्षण अभियंतागण श्री सी. एम. बाजपेयी,श्री पी.एस.नेताम ,श्री राजेन्द्र मिश्रा,श्री डी.एस.पटेल कार्यपालन अभियंतागण  पीके अग्रवाल,  एससी भगत, जीआर जायसवाल, रंजना खलखो,आई के साय, ललित भगत, बीसी टोप्पो आदि उपस्थित थे ।

और भी

नितिन नबीन पहुंचे रायपुर उरला के मतदान केंद्र , सैकड़ों श्रमिको को दिलाई सदस्यता

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने शनिवार को राजधानी पहुँचकर भाजपा के सदस्यता अभियान में हिस्सा लिया। विदित रहे, प्रदेश में इन दिनों भाजपा का संगठन महापर्व सदस्यता अभियान तेज गति से चल रहा है और सभी कार्यकर्ता प्रदेश के लिए निर्धारित सदस्यता का लक्ष्य हासिल करने में जुटे हुए हैं। ज्ञातव्य है, अब तक प्रदेश में भाजपा की सदस्यता 10 लाख से अधिक हो चुकी है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री नवीन सदस्यता अभियान में हिस्सा लेने और अभियान की समीक्षा करने रायपुर पहुँचे हैं। शनिवार को श्री नवीन ने पहले औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिक बंधुओं को सदस्यता दिलाने के कार्यक्रम में शामिल हुए। उरला मतदान केंद्र के सार्थक इस्पात इंडस्ट्रीज में उन्होंने श्रमिकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। 


श्री नवीन ने रायपुर ग्रामीण में सिलतरा स्थित सार्थक इस्पात में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के तहत नवीन सदस्यता दिलवाई। सार्थक इसेपात में श्रमिक बंधुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूलमंत्र पर हासिल उपलब्धियों के परिप्रेक्ष्य में पूर्ण विश्वास व समर्थन व्यक्त करते हुए पूरे उत्साह के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर  भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सव्वनी, प्रदेश के सदस्यता अभियान के प्रभारीअनुराग सिंह देव, प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा, रायपुर ग्रामीण  विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल,  जिला रायपुर के अध्यक्ष जयंती पटेल उपस्थित रहे।

भाजपा का सदस्य बनाकर पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने में जुटे हैं : नवीन

भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री नवीन ने कार्यक्रम में कहा कि सभी कार्यकर्ता गली-गली घर-घर पहुँचकर भाजपा का सदस्य बनाकर पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में अर्जित उपलब्धियों ने भारत को एक नई पहचान दी है। मोदी की गारंटी पूरी करके भाजपा की हमारी प्रदेश सरकार ने अगाध जन विश्वास अर्जित किया है। सदस्यता अभियान भाजपा और देश को मजबूत बनाने का अनमोल अवसर है। सदस्यता हमारी पार्टी का मूल आधार है। इस अभियान में पूरे देश के सभी वर्ग, समाज, आयु के लोग आज भाजपा से जुड़ने के लिए तत्पर हैं। श्री नवीन ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सदस्यता अभियान में वे अपना अधिक-से-अधिक समय दे तथा इस अभियान में और तेज गति से जुटें ताकि निर्धारित अवधि में लक्ष्य से पार सदस्यता दिलाकर छत्तीसगढ़ भाजपा की मिसाल पेश की जा सके। श्री नवीन ने कहा कि संगठन की मजबूती और नवीनता के लिए अधिक-से-अधिक सदस्य बनाने का प्रण लेना होगा। केंद्रीय नेतृत्व ने जो लक्ष्य राज्य के लिए तय किया है, उसे पूरा करने के लिए हम सभी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सदस्यता अभियान को व्यापक रूप दे रहे हैं। इसी का नतीजा है कि प्रदेश में लगातार सदस्य बनने की प्रक्रिया बेहतर है। करीब 10 लाख हमारे सदस्य बन गए हैं।

15 को विभिन्न चरणों में बैठकें लेकर भाजपा सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे नवीन

भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री नवीन अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान कल 15 सितंबर को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में विभिन्न चरणों में बैठकें लेकर भाजपा सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे। इस क्रम में सबसे पहले सुबह 9 बजे रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की समीक्षात्मक बैठक होगी। इसके बाद श्री नवीन सुबह 10 बजे से प्रदेश महामंत्रियों, संभाग प्रभारियों और प्रदेश सदस्यता टोली के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 11 बजे से सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, सभी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व सह संयोजकों के साथ बैठक करके सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे।
और भी

विश्वकर्मा जयंती 17 सितंबर को ‘श्रमिक सम्मेलन‘ का होगा आयोजन

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के श्रमिकों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। जिसका सीधा लाभ श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को मिल रहा है। उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 17 सितंबर विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर ‘श्रमिक सम्मेलन‘ में 57 हजार से अधिक पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को 49 करोड़ 43 लाख 52 हजार 294 रूपए केन्द्रीकृत डी.बी.टी. के माध्यम से वितरण करेंगे। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम आयोजित होगा। 


श्रम विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि प्रदेश के पंजीकृत श्रमिकांे एवं उनके परिवार के सदस्यों को श्रम विभाग के अधीन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सर्न्न्मिाण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 47 हजार 726 निर्माण श्रमिकों 38 करोड़ 37 लाख 10 हजार 652 रूपए, छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल अंतर्गत 6873 श्रमिकों को 9 करोड़ 86 लाख 58 हजार 500 रूपए एवं छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल अंतर्गत 2496 श्रमिकों को 1 करोड़ 19 लाख 83 हजार 142 रूपए की राशि डी.बी.टी. के जरिए वितरण करेंगे। इस तरह कुल 57 हजार 95 श्रमिकों को कुल राशि 49 करोड़ 43 लाख 5 हजार 229 रूपये का वितरण केन्द्रीयकृत डी.बी.टी. के माध्यम से किया जाएगा।

श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 47 हजार 726 लाभार्थियों को कुल 38 करोड़ 37 लाख 10 हजार 652 रूपए का वितरण किया जाएगा। जिसमें मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 5793 लाभार्थियों को 11 करोड़ 58 लाख 60 हजार रूपए, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना के अंतर्गत 8181 लाभार्थियों को 3 करोड़ 3 लाख 8 हजार 652 रूपए, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना के अंतर्गत 6171 लाभार्थियों को 2 करोड़ 15 लाख 34 हजार 288 रूपए, मुख्यमंत्री सिलाई मशीन सहायता योजना के अंतर्गत 125 लाभार्थियों को 9 लाख 79 हजार 600 रूपए, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 9749 लाभार्थियों को 1 करोड़ 84 लाख 87 हजार रूपए, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 576 लाभार्थियों को 73 लाख 67 हजार 612 रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को 1 लाख रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के अंतर्गत 3653 लाभार्थियों को 54 लाख 79 हजार 500 रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 279 लाभार्थियों को 2 करोड़ 83 लाख रूपए, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत 6517 लाभार्थियों को 13 करोड़ 3 लाख 40 हजार रूपए, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना अंतर्गत 708 लाभार्थियों को 1 करोड़ 41 लाख 60 हजार रूपए, निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक कॉपी सहायता राशि भुगतान योजना के अंतर्गत 5941 लाभार्थियों को 79 लाख 94 हजार रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के अंतर्गत 28 लाभार्थियों को 28 लाख रूपए का डी.बी.टी. के माध्यम से वितरण करेंगे। 

इसी तरह छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत 6873 लाभार्थियों को कुल 9 करोड़ 86 लाख 58 हजार 500 रूपए का वितरण किया जाएगा। जिसमें असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के 3085 लाभार्थियों को 6 करोड़ 17 लाख रूपए, असंगठित कर्मकार मृत्य एवं दिव्यांग सहायता योजना के 322 लाभार्थियों को 3 करोड़ 22 लाख रूपए, असंगठित कर्मकार छात्रवृत्ति योजना के 3463 लाभार्थियों को 46 लाख 8 हजार 500 रूपए, ई-रिक्शा सहायता योजना के 3 लाभार्थियों को 1 लाख 50 हजार रूपए का वितरण करेंगे।

छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अंतर्गत 2496 लाभार्थियों को 1 करोड़ 19 लाख 83 हजार 142 रूपए का वितरण करेंगे। जिसमें शैक्षणिक छात्रवृत्ति योजना के 504 लाभार्थियों को 22 लाख 42 हजार रूपए, निःशुल्क सायकल वितरण योजना के 1427 लाभार्थियों को 52 लाख 17 हजार 342 रूपए, निःशुल्क सिलाई मशीन वितरण योजना के 562 लाभार्थियों को 44 लाख 38 हजार 800 रूपए एवं खेलकूद प्रोत्साहन योजना के 3 लाभार्थियों को 85 हजार रूपए का वितरण केन्द्रीयकृत डी.बी.टी. के माध्यम से किया जाएगा।
और भी

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने वाशिंगटन में सड़क और भवन निर्माण कार्यों को देखा

अध्ययन प्रवास पर अमेरिका गए उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने शुक्रवार को वाशिंगटन में सड़क एवं भवन निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण स्थलों पर आर्किटेक्ट्स और इंजीनियरों से चर्चा कर निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री, धातु (Metal) एवं मशीनरी की जानकारी ली। उन्होंने वहां विशेषज्ञों के साथ बैठक कर सड़क एवं भवन निर्माण की नई तकनीकों तथा निर्माण परियोजनाओं के विभिन्न चरणों का अध्ययन किया। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह भी इस दौरान उनके साथ थे।


उप मुख्यमंत्री श्री साव ने वाशिंगटन में निर्माण कार्यों के विशेषज्ञों के साथ बैठक कर नई निर्माण तकनीकों तथा यू.एस.ए. (USA) में सड़क एवं भवन निर्माण परियोजनाओं की प्लानिंग से लेकर निर्माण तक चरणबद्ध रूप से उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी ली। वहां बिम (BIM) कम्प्यूटर सिस्टम से भवन एवं अधोसंरचना का कम्प्यूटर में संपूर्ण डिज़ाइन तैयार किया जाता है जिससे न केवल उनके निर्माण में लगने वाली सामग्री (Material) एवं लागत का सटीक आंकलन होता है, बल्कि बाद में होने वाले मेन्टेनेन्स (Maintenance) के काम में भी मदद मिलती है। 

श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अच्छी गुणवत्ता की टिकाऊ सड़कों और भवनों के निर्माण के लिए अमेरिका में प्रचलित नई तकनीकों एवं उपायों का विस्तृत अध्ययन कर लोक निर्माण विभाग में लागू करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने वाशिंगटन में विशेषज्ञों से कार्यस्थलों पर निर्माण श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी ली। उन्होंने सड़कों के पास स्थित रिहायशी इलाकों को ध्वनि प्रदूषण से बचाने के लिए किए जाने उपायों का भी अध्ययन किया। यू.एस.ए. में सड़क निर्माण एवं भवन निर्माण परियोजनाओं में प्रारंभिक डीपीआर स्तर पर काफी विस्तृत अध्ययन किया जाता है, ताकि बाद में आने वाली समस्याओं एवं होने वाले विलंब व लागत में वृद्धि से बचा जा सके।
और भी

चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज एक प्रगतिशील और समृद्ध समाज है-मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज समृद्ध और प्रगतिशील समाज है, जिसका अपना एक समृद्ध इतिहास और संस्कृति है। कुर्मी समाज के लोगों ने हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे आज कवर्धा में चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित केंद्रीय महाधिवेशन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर समाज की मांग पर शैक्षणिक विकास के लिए 5 एकड़ भूमि आबंटित करने की घोषणा की। कार्यक्रम में समाज की ओर से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का गजमाला एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।


 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि 13 सितम्बर को हमारे छत्तीसगढ़ सरकार के नौ माह पूरे हुए हैं। इन नौ माह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई गारंटियों में से अधिकतर गारंटियों को हमने पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी की गारंटी को पूरा करते हुए हमनें 32 हजार करोड़ रुपए के समर्थन मूल्य की राशि का तत्काल भुगतान किसानों को किया और उसके बाद 12 जनवरी को 24 लाख 75 हजार किसानों को कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत अंतर की राशि 13 हजार 320 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रति माह एक-एक हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर 4000 रुपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 5500 रुपए किया गया। जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए प्रधानमंत्री आवास की घोषणा को पूरा किया गया। 
 
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी और सरदार वल्लभभाई पटेल के वंश होने का गौरव इस समाज को प्राप्त है। छत्तीसगढ़ राज्य के स्वप्नदृष्टा डॉ. खूबचंद बघेल इसी समाज से रहे। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता की लड़ाई में इस समाज से अनेक क्रान्तिकारी शामिल हुए है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन से छत्तीसगढ़ का विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि देश में केवल छत्तीसगढ़ के किसानों को 31 सौ रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान का समर्थन मूल्य मिल रहा है। पूर्व राज्यपाल एवं केन्द्रीय मंत्री श्री रमेश बैस ने कहा कि समाज तभी संगठित होगा जब उसमें सभी की सहभागिता होगी। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। श्री बैस ने कहा कि हमें योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना चाहिए, समाज के कमजोर और गरीबों को आगे बढ़ाना हमारा उद्देश्य होना चाहिए ताकि समाज एक साथ संगठित होकर आगे बढ़े।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अधिवेशन में अपने संबोधन के दौरान कहा कि समाज महापुरुषों के आदर्शों का पालन करते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कवर्धा में युवाओं के प्रेरणास्रोत छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा की स्थापना करेंगे ताकि कवर्धा और छत्तीसगढ़ के युवाओं को लगातार प्रेरणा मिलती रहे। उन्होंने समाज के मांग पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा की स्थापना के लिए 25 लाख रूपए की घोषणा की। 
 
केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि देश के इतिहास में समाज का बड़ा योगदान रहा है। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उनका मान रखते हुए देश का सबसे ऊँचा स्टेचू ऑफ़ यूनिटी की स्थापना की। हर क्षेत्र में समाज आगे बढ़ रहा है। सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि कुर्मी क्षत्रिय समाज की प्रत्येक क्षेत्र में उपलब्धि रही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय प्रदेश के मुखिया हैं, उनके कार्यकाल में समाज का विकास हो रहा है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जीवन बदल रहा है। विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि जिस समाज में शिवाजी महाराज, सरदार वल्लभ भाई पटेल का नाम आए वह किसी पहचान की मोहताज नहीं है। आज कुर्मी समाज के योगदान से छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, श्री लालबहादुर चंद्रवंशी, पूर्व मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व संसदीय सचिव मोतिराम चंद्रवंशी, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सामाजिक बन्धु जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
और भी

इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई की सुविधा हिंदी में भी होगी उपलब्ध - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हिन्दी दिवस पर बड़ी घोषणा करते हुए राज्य के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में हिन्दी में भी पढ़ाई शुरू करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने यह निर्णय लिया है कि एमबीबीएस की पढ़ाई की व्यवस्था भी हम हिंदी में करेंगे। इस साल के प्रथम सत्र 2024-25 में एमबीबीएस की पढ़ाई की सुविधा हिंदी में भी उपलब्ध होगी। इसके लिए छात्र छात्राओं की संख्या अनुरूप आवश्यक पुस्तक उपलब्ध कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी दिवस की सार्थकता इस बात में है कि हम शासन प्रशासन और शिक्षा के हर स्तर पर हिंदी को लागू करें, हिंदी को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा हमें इस बात की खुशी है कि हमारे यशस्वी  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2022 को उत्तरप्रदेश के उन्नाव की रैली में हिंदी में चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने की मंशा जाहिर की थी, हम उसका क्रियान्वयन करने जा रहे हैं।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 10 शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय हैं। हिंदी में चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने का सबसे अधिक लाभ हमारे ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को होगा जो अधिकतर हिंदी मीडियम से होते हैं जो प्रतिभाशाली होते हैं लेकिन अंग्रेजी की वजह से उन्हें चिकित्सा पाठ्यक्रम में कुछ दिक्कत आती है। अब यह दिक्कत दूर हो जाएगी। इससे चिकित्सा छात्र छात्राओं का आधार भी मजबूत होगा और अच्छे चिकित्सक तैयार करने में इससे अधिक मदद मिलेगी। मातृभाषा में शिक्षा दिए जाने का यह सबसे बड़ा लाभ यह होता है कि इससे विषय की बारीक समझ  बनती है। इसे हम छत्तीसगढ़ में हर स्तर पर कार्यान्वित करने के लिए कृत संकल्पित हैं।
और भी

जल जीवन मिशन के नए संचालक ने दुर्ग-राजनांदगांव में कार्यों का किया निरीक्षण

 जल जीवन मिशन के नए संचालक डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने 13 सितंबर को दुर्ग और राजनांदगांव जिले का दौरा कर मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों जिलों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और उप अभियंताओं की बैठक लेकर प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोगों को स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों को अच्छी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड का नियमित दौरा कर कार्यों के सतत निरीक्षण के साथ ही जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए ग्राम पंचायतों से समन्वय बनाने तथा उन्हें जरूरी मार्गदर्शन प्रदान करने को कहा।


जल जीवन मिशन के संचालक डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज दुर्ग जिले में अंजोरा ढाबा मल्टी-विलेज योजना के अंतर्गत ग्राम अंजोरा में संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। अंजोरा में रेट्रोफिटिंग योजना क्रियान्वित की गई है, जिसके तहत 356 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से जल प्रदाय किया जा रहा है। उन्होंने घरेलू नल कनेक्शन के लिए निर्मित प्लेटफॉर्म का अवलोकन कर उसकी गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। डॉ. भुरे ने जल आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों से चर्चा भी की। गांववालों ने उन्हें बताया कि पेयजल योजना का संचालन ग्राम पंचायत द्वारा किया जा रहा है। जल कर के रूप में हर महीने प्रति परिवार 50 रुपए का शुल्क लिया जा रहा है। जल जीवन मिशन के माध्यम से पाइपलाइन से घर तक नल का पानी पहुंच रहा है। इससे पेयजल और अन्य कार्यों के लिए रोज जल संचय करने में लगने वाले समय की बचत हो रही है। घर में नल लगने से महिलाओं को काफी सहुलियत हो रही है। डॉ. भुरे ने बरसात में पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।



मिशन संचालक डॉ. भुरे ने राजनांदगांव जिले के ग्राम सांकरा में भी रेट्रोफिटिंग योजना का निरीक्षण किया। यह पूर्व से संचालित धीरी समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत आता है। जल शुद्धिकरण संयंत्र के माध्यम से सांकरा के 652 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन द्वारा शुद्ध पेयजल प्रदान किया जा रहा है। योजना का संचालन एवं संधारण ग्राम पंचायत द्वारा किया जा रहा है। जल कर के रूप में ग्राम पंचायत द्वारा प्रत्येक परिवार से हर माह 50 रुपए का शुल्क लिया जा रहा है। मिशन संचालक द्वारा दोनों जिलों में कार्यों के निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता सहित सभी मैदानी अधिकारी मौजूद थे।

 

 

 
और भी

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कुदरगढ़ में नवीन विश्राम गृह का किया भूमिपूजन

महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सूरजपुर जिला के ओडगी विकासखंड के ग्राम कुदरगढ़ में नवीन विश्राम गृह का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर विधायक प्रेमनगर श्री भूलन सिंह मरावी भी उपस्थित  रहे। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 03 करोड़ की लागत से नये सर्किट हाउस का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कुदरगढ़ स्थित माता बागेश्वरी धाम पहुंच कर मां के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और प्रसन्नता की कामना की।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि कुदरगढ़ अपने धार्मिक मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध और यहां पर्यटन की असीम संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि नवीन विश्राम गृह के बनने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
 गौरतलब है कि सूरजपुर जिले के प्राचीन कुदरगढ़ धाम में मां बागेश्वरी का पुराना मंदिर स्थापित है, इस प्राचीन कुदरगढ़ धाम का इतिहास भी काफी रोचक मान्यताओं से भरा है। इसी विशेषता के कारण यहां ना सिर्फ आस-पास के जिलों से बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी श्रद्धालु आते हैं।
और भी

अमेरिका में विकसित छत्तीसगढ़ के बारे में रखे अपने विचार, प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और संसाधनों की भी दी जानकारी

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्रीअरुण साव ने अमेरिका के अपने अध्ययन प्रवास के दौरान गुरुवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय का भ्रमण किया। उन्होंने वहां संयुक्त राष्ट्र संघ के सामान्य सभा कक्ष, सुरक्षा समिति कक्ष इत्यादि जगहों का भ्रमण कर संघ की कार्यप्रणाली को समझा। अध्ययन दौरे पर साथ गए लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह भी इस दौरान उनके साथ थे।  श्री साव संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में मुख्य वित्त अधिकारी श्री आनंद पाण्डेय के आमंत्रण पर वहां गए थे। श्री पाण्डेय मूलतः बिलासपुर जिले के बेलसरी (तखतपुर) के निवासी हैं। श्री साव ने संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय के भ्रमण के बाद कहा कि दुनिया के इतने महत्वपूर्ण कार्यालय में बिलासपुर के बेलसरी का बेटा मुख्य वित्त अधिकारी के गरिमामय पद पर कार्यरत हैं। यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है।  
 
उप मुख्यमंत्री साव न्यूजर्सी के रॉयल एल्बर्ट्स पैलेस में भारतीय मूल के लोगों द्वारा अपने सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ और देश के विकास के लिए किए जा रहे  कार्यों के साथ ही छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पर्यटन, पौराणिक मान्यताओं, संसाधनों और यहां के सीधे-सरल लोगों के बारे में बताया। उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के बारे में अपने विचार भी रखे। श्री साव ने अमेरिका में बसे भारतीयों को छत्तीसगढ़ आने और यहां की अनुपम छटा व प्राकृतिक सुंदरता को देखने आमंत्रित किया। श्री साव ने वहां रह रहे छत्तीसगढ़ के लोगों के बारे में भी पूछा। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों को लोरमी में अपने द्वारा बनवाई गई भगवान श्रीराम की बेर से बनी कलाकृति का छायाचित्र भेंट किया।
  
उप मुख्यमंत्री साव ने न्यूजर्सी में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के लोग दुनिया के जिस देश में भी गए हैं, वहां उस देश के विकास में योगदान दे रहे हैं। वे समरस होकर भारत का मान और सम्मान बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
और भी