हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ली शपथ, सीधे सुनें पहला सम्बोधन...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद की शपथ ली। प्रधान न्यायाधीश एनवी रमणा ने उनको राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की शख्सियत हैं। प्रतिभा पाटिल के बाद मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं।

सुनें राष्ट्रपति मुर्मू का पहला उद्बोधन...

 

 

और भी

जीवन का कुछ लक्ष्य निर्धारित करें और आत्मनिर्भर भारत बनाने में अपना योगदान दें युवा : अनुराग ठाकुर

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महानक्रातिकारी और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 116वीं जयंती पर भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ महापंचायत के उद्घाटन सत्र को वर्चुअली संबोधित करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि महान क्रातिकारी चंद्रशेखर आजाद ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन जिया और देश को आजाद कराने के लिए अपना सर्वस्य बलिदान कर दिया।

काकोरी कांड के बाद उत्तर भारत के क्रांतिकारियों को संगठित करने और नेतृत्व प्रदान करने में देश महान सपूत और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का अहम योगदान है। श्री ठाकुर ने युवा महापंचायत आयोजित करने के लिए मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी और कहा कि अभी मैंने तीन युवा वक्ताओं को बोलते हुए सुना। मेरा विश्वास और मजबूत हुआ है कि जैसे चंद्रशेखर आजाद ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्य न्यौछावर कर दिया उसी तरह आप लोग भी देश को आगे बढ़ाने के लिए अपना सबुकछ झोंकने के लिए तैयार हैं। यह बहुत ही प्रसन्नता की बात है।

उन्होंने कहा कि आज जब हम देश की आजादी की 75वीं सालगिरह मनान रहे हैं ऐसे में देश ने एक आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू जी को देश का राष्ट्रपति चुना है यह भी बहुत ही गर्व की बात है। श्री ठाकुर ने कहा कि हमें गर्व है कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन भी मध्य प्रदेश से थीं। उन्होंने मप्र की सुश्री लक्षिका डागर का भी जिक्र किया और कहा कि वह सबसे कम उम्र की सरपंच हैं। श्री ठाकुर ने कहा इस यूथ पंचायत में आपको अपने विचार साझा करने का मौका मिला है, वह व्यर्थ ना जाए, इसका आपको खयाल रखना है और यहां से कुछ ना कुछ सीख कर जाना है।

भारतीय युवाओं की उपलब्धियों को गिनाते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि आज विश्व की बड़ी-बड़ी आईटी कंपनियों की लीडरशिप में भारतीय युवाओं का स्थान प्रमुख है। उन्होंने कहा कि आप युवा अपने प्रयासों से स्वच्छता, स्वास्थ्य या किसी अन्य क्षेत्र में अपना योगदान कर आम जनमानस में बदलाव लाने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने स्टार्टअप्स का जिक्र करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में युवाओं का योगदान सराहनीय है।

श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आज देश में 65 हजार स्टार्टअप हैं और इसमें 102 यूनिकॉर्न स्टार्टअप हैं। यह भारत के उभरते ताकत को बताता है। उन्होंने कहा कि कोविड जैसी आपदा के समय में हमने देश में ही 2-2 वैक्सीन तैयार की और आज हम कोविड वैक्सीनेशन में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।

और भी

राजधानी में मिला मंकीपॉक्स का पहला मामला, मेडिकल कॉलेज में भर्ती...

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश की राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिल्ली में पहला रोगी मिलने की पुष्टि की है। यह मरीज मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। 31 वर्षीय व्यक्ति का कोई यात्रा इतिहास नहीं है, जिसे बुखार और त्वचा के घावों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भारत में इस बीमारी का यह चौथा मामला है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वह व्यक्ति हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मनाली में एक पार्टी में शामिल हुआ था।

पश्चिमी दिल्ली के रहने वाले व्यक्ति को करीब तीन दिन पहले यहां के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंकीपॉक्स के लक्षण दिखने के बाद भर्ती कराया गया था। उसके नमूने शनिवार को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) पुणे भेजे गए, जांच के बाद नमूने पॉजिटिव मिले। मरीज की संपर्क ट्रेसिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

केरल में अब तक 3 मरीजों की पुष्टि
देश में मंकीपॉक्स का पहला मामला 14 जुलाई को दक्षिण केरल के कोल्लम जिले में सामने आया था। वहीं दूसरा मामला 18 जुलाई को और तीसरा मामला 22 जुलाई को सामने आया था। तीनों शख्स विदेश की यात्रा कर लौटे थे। बीते दिनों केरल सरकार ने बढ़ते मंकीपॉक्स के मामलों को देखते हुए एसओपी जारी कर दिया था। इसके अनुसार, अगर निकट संपर्क में आए व्यक्ति को बुखार हो, तो उन्हें आइसोलेटेड किया जाए और यदि उनके शरीर पर लाल धब्बे दिखाई देते हैं, तो उनके नमूने मंकीपॉक्स की जांच के लिए भेज जाएं।

मंकीपॉक्स वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित
आपको बता दें कि केरल में ही अब तक मंकीपॉक्स के तीन मामले सामने आए थे। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने शनिवार को मंकीपॉक्स को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया है। डब्ल्यूएचओ ने सभी देशों से इस मुद्दे पर गंभीर होने का आह्वान किया। इसमें पुरुषों के साथ यौन संबंध बनाने वाले लोगों की सेहत, उनके मानवाधिकारों और प्रभावित समुदाय के लोगों की गरिमा का विशेष ख्याल रखने को कहा।

दुनिया के 75 देशों में अभी पंकीपॉक्स के 16 हजार से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अब तक पांच लोगों की मौत हुई है। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने कहा, इस बीमारी का प्रकोप तेजी से पूरी दुनिया में फैल रहा है। यह किन माध्यमों से फैल रहा है इसके बारे में हमें अभी बहुत कम जानकारी है।

और भी

उफनते नाले में आधी डूबी बच्चों से भरी स्कूल बस, मची चीख-पुकार...

 शाजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्कूल आने-जाने के दौरान हर दिन हजारों बच्चों की जान जोखिम में होती है। स्कूली वाहनों पर आरटीओ द्वारा की जा रही कार्रवाई औपचारिकता साबित हो रही है। शनिवार को मध्‍य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। छपरी में बीकालाखेड़ी और धारखेड़ी के बीच नाला उफान पर था। बावजूद इसके तिलवाड़ गोविंद गांव में संचालित स्कूल अपेक्स इंटरनेशनल के बच्चों से भरी एक बस चालक ने उसे पानी में ले गया। जिससे करीब 50 बच्चों से भरी बस आधे से ज्यादा ओवरफ्लो नाले में डूब गई।

काफी कोशिश करने के बाद भी जब बस चालक से आगे-पीछे नहीं हुई। काफी देर तक बस में बच्चे दहशत में फंसे रहे। इस दौरान कुछ बच्चे रोने भी लगे। ग्रामीणों ने नाले में फंसी बस को बचाने का साहस दिखाया और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से बस को ओवरफ्लो हो रहे नाले के पानी से बाहर निकाला।

अगर शनिवार को ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो जाता और स्कूल प्रबंधन और चालक की लापरवाही से कई घरों के चिराग बुझे जाते। अब देखने वाली बात ये है कि इस ताजा घटना से जिम्मेदार क्या सबक लेते हैं और बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए क्या कदम उठाते हैं।

शनिवार दोपहर तीन बजे हुआ हादसा
दोपहर करीब तीन बजे स्कूल बस के ओवरफ्लो नाले में फंसने की घटना बताई जा रही है। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्राली की मदद से बस को पानी से बाहर निकाला। बस में सवार अधिकतर बच्चे धाराखेड़ी गांव के रहने वाले थे। धाराखेड़ी के बच्चे पानी से बाहर निकलकर अपने गांव चले गए।

लेकिन लाहौरी के करीब 15-20 बच्चे देर शाम तक गांव बीकालाखेड़ी में फंसे रहे। यहां ग्रामीणों ने उसकी देखभाल की। बच्चों को गांव ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था करने की कवायद देर शाम तक चल रही थी।

मामले में कार्रवाई के आदेश
इस घटना के बाद कलेक्टर दिनेश जैन ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने आरटीओ, एसडीएम, शिक्षा विभाग और पुलिस से मामले में कार्रवाई करने को कहा है। इस पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। लेकिन नाला ओवरफ्लो होने के कारण बच्चे नहीं पहुंच पाए और न ही देर शाम तक बस को जब्त कर चालक को पकड़ा जा सका।

और भी

5 साल में हमने 20 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य : अरविंद केजरीवाल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आने वाले 5 साल में हमने 20 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में आज मैं एक घोषणा करने वाला हूं कि दिल्ली को भारत का फूड कैपिटल माना जाता है इसलिए यहां के जितने फूड हब है उन सबको विकसित किया जाएगा। इन फूड हब के अंदर हम फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर ठीक करेंगे, फूड सेफ्टी का ध्यान रखेंगे और फूड हब की ब्रांडिंग की जाएगी। हमें उम्मीद है कि इससे बहुत रोजगार पैदा होगा।

पहले चरण में हम दो फूड हब तैयार करेंगे। पहला-मजनू का टीला और दूसरा चांदनी चौक है। इस दोनों फूड हब को विकसित करने के बाद हम अगले चरण में दिल्ली के अन्य फूड हब को विकसित करने का काम करेंगे। मुझे उम्मीद है कि इससे रोजगार बढ़ेगा।

 

 

और भी

भारत के आर्थिक विकास की गाथा का एक अनिवार्य हिस्सा रहे स्ट्रीट वेंडर : हरदीप एस. पुरी

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आवास और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यहां नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (एनएएसवीआई) की 16वीं बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि स्ट्रीट वेंडर शहरी अनौपचारिक अर्थव्यवस्था के साथ मजबूत संबंधों के बल पर, हमेशा भारत के आर्थिक विकास की गाथा का एक अनिवार्य हिस्सा रहे हैं और हमेशा रहेंगे। आवास और शहरी कार्य मंत्री ने कहा कि आज की बैठक का विषय अतिक्रमणकारियों से स्व-नियोजित तक बहुत उपयुक्त है, क्योंकि हम रेहड़ी-पटरी वालों की सराहना करते हैं।

उन्होंने कहा कि वे अतिक्रमण करने वाले नहीं हैं, वे स्व-नियोजित हैं, हमारे न्यू इंडिया' के सामूहिक सपने में योगदानकर्ता हैं। श्री पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महामारी के दौरान, 1 जून 2020 को पीएम स्वनिधि योजना का शुभारंभ करते हुए कहा था, पीएम स्वनिधि योजना 'स्वरोजगार, स्वावलंबन, स्वाभिमान' प्रदान करने के लिए है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता के लिए उसे जनांदोलन बनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन कुछ अन्य योजनाएं हैं जिन्हें लोगों की भागीदारी से बड़ी सफलता मिली है। श्री पुरी ने कहा कि जब हम स्वतंत्रता के 75 वर्ष का उत्सव मना रहे हैं, हमने सभी राज्यों, नगर पालिकाओं, शहरी स्थानीय निकायों को देश भर में स्ट्रीट वेंडर्स की सक्रिय भागीदारी के साथ स्वनिधि महोत्सव मनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी वालों की सफलता की कहानियां और भारत के आर्थिक विकास में उनके योगदान को भी जनता के सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडरों के सबसे बड़े समर्थक हैं। 

और भी

ईडी को रिमांड मिलते ही पार्थ चटर्जी अस्पताल में भर्ती, अर्पिता मुखर्जी की आज कोर्ट में पेशी

 कोलकाता (वीएनएस)। कथित स्कूल भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा शनिवार को गिरफ्तार किए गए पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी को बेचैनी की शिकायत के बाद शाम के समय अस्पताल में भर्ती कराया गया। एजेंसी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पार्थ चटर्जी को कई स्वास्थ्य समस्याएं हैं। शहर की एक अदालत द्वारा दो दिन की ईडी हिरासत में भेजे जाने के कुछ घंटे बाद ही उन्हें सरकारी एसएसकेएम अस्पताल के आईसीसीयू में भर्ती कराया गया। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि बाद में उनकी हालत में थोड़ा सुधार होने के बाद उन्हें आईसीसीयू से बाहर निकालकर कमरे में ले जाया गया है।

अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के महासचिव की ईसीजी सहित कई जांच की गईं। उन्होंने कहा, "इस समय उनकी हालत स्थिर है। कई परीक्षण किए गए हैं और डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।"

ईडी के एक सूत्र ने कहा कि हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ सरोज मंडल चटर्जी की देखभाल कर रहे डॉक्टरों की टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। मंत्री के कमरे के बाहर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

अर्पिता की आज कोर्ट में होगी पेशी
ईडी अर्पिता को रविवार को कोर्ट में पेश करेगा। इससे पहले देर शाम अर्पिता का भी जोका ईएसआई अस्पताल में मेडिकल कराया गया।

जब्त नकदी से पार्टी का कोई लेना देना नहीं, वकील देंगे जवाब: टीएमसी
पार्थ चटर्जी व अर्पिता की गिरफ्तारी के बाद टीएमसी ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि पार्टी एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करेगी। यहां पूरी साजिश रची गई है और केंद्रीय एजेंसी का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। पार्थ की गिरफ्तारी के बाद टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं की बैठक हुई। इसमें फिरहाद हकीम, अरूप विश्वास और कुणाल घोष उपस्थित थे।

पार्टी के महासचिव कुणाल घोष ने कहा, ईडी ने एक भद्र महिला के घर से नकदी बरामद की है। टीएमसी का उस महिला से कोई संपर्क नहीं है। इस पैसे से भी तृणमूल कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं है। इस महिला से जिनके संपर्क की बात की जा रही है उनके वकील जवाब देंगे।

घोष ने कहा कि पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के मामले में पार्टी को कानून पर पूरा विश्वास है। इस पैसे का स्रोत क्या है यह जितनी जल्दी संभव हो पता लगाया जाना चाहिए और अदालत को इसकी जानकारी दी जाए। अगर पार्थ पर लगे आरोप कोर्ट में साबित होते हैं तो हमारी सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

26 घंटे की पूछताछ के बाद सहयोग नहीं करने पर ईडी ने किया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल की ममता सरकार में काबीना मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी व उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार कर लिया। घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने पार्थ से शुक्रवार सुबह पूछताछ शुरू की थी।

करीब 26 घंटे चली पूछताछ में सहयोग नहीं करने के कारण ईडी ने शनिवार को उन्हें गिरफ्तार किया। 2014-2021 के बीच पार्थ के शिक्षामंत्री रहते हुए यह घोटाला हुआ था। ईडी ने अर्पिता के घर से शुक्रवार को ही 21 करोड़ रुपये बरामद किए थे।

ईडी ने पार्थ का मेडिकल कराने के बाद उन्हें बैंकशाल कोर्ट में पेश किया, जहां से दो दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि, बाद में तबीयत खराब होने पर उन्हें कोर्ट के निर्देश पर अस्पताल में भर्ती करा दिया। पीएमएलए कोर्ट में शनिवार की छुट्टी के कारण पेशी नहीं हो सकी।

पार्थ ने मीडिया को बताया, उन्होंने ममता बनर्जी से संपर्क करने की कोशिश की थी, पर बात नहीं हो पाई। ईडी ने शुक्रवार को पार्थ व उनके करीबियों के कई ठिकानों पर छापे मारे थे। आरोप है, तृणमूल सरकार ने पैसे लेकर शिक्षकों की भर्ती की थी और करोड़ों रुपये बनाए थे। पार्थ से सीबीआई भी कई बार पूछताछ कर चुकी है। इस साल अप्रैल व मई में भी उनसे पूछताछ हुई थी।

फिल्म अभिनेत्री हैं अर्पिता
पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता बांग्ला, उड़िया व तमिल फिल्मों की अदाकारा हैं। ईडी की जांच रिपोर्ट के मुताबिक अर्पिता, पार्थ की दुर्गा पूजा समिति नकतला उदयन संघ में 2019 व 2020 के प्रचार अभियान का प्रमुख चेहरा रह चुकी हैं। पार्थ का अक्सर उनके घर पर आना-जाना रहता है।

और भी

ममता बनर्जी के करीबी मंत्री पार्थ चटर्जी गिरफ्तार, घर से मिले 20 करोड़ कैश...

 कोलकाता (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने राज्य के मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार कर लिया है। भर्ती घोटाले में कई घंटों तक चली छापेमारी की बाद ईडी ने पार्थ को गिरफ्तार कर लिया है। पार्थ चटर्जी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी हैं।

ईडी ने पार्थ की करीबी अर्पिता मुखर्जी को हिरासत में लिया है। पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ को उनके कोलकाता स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया है। पार्थ चटर्जी को मेडिकल के लिए लेकर जाया जा रहा है।

गौरतलब है कि ईडी की टीम राज्य में कई जगहों पर शुक्रवार सुबह से छापेमारी कर रही है। राज्य के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी और शिक्षा राज्यमंत्री परेश चंद्र अधिकारी के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। ईडी ने पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के आवास से 20 करोड़ रुपये कैश बरामद किया है।

ईडी की छापेमारी के बाद भाजपा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लगातार हमलावर है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने टीएमसी पर निशाना साधा है। अधिकारी ने कहा कि अर्पिता मुखर्जी के आवास से 20 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं। अर्पिता शिक्षा मंत्री रहे पार्थ चटर्जी की करीबी हैं। ये भी पता चला है कि कैश शिक्षा मंत्रालय के लिफाफों के अंदर मिला है। लिफाफों पर राष्ट्रीय चिन्ह छपा हुआ है। अधिकारी ने कहा कि ये तो बस ट्रेलर है। पिक्चर अभी बाकी है। वहीं, मजूमदार ने कहा कि ये ममता बनर्जी का बंगाल माडल है, जहां भर्ती घोटालों में अवैध तरीके से चोरी की गई नकदी अब सामने आ रही है।

और भी

डंपर ने कावड़ियों को कुचला : 6 की मौत, चालक गिरफ्तार

 हाथरस (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी के हाथरस सादाबाद मार्ग पर संत फ्रांसिस स्कूल के निकट शुक्रवार देर रात करीब 1:30  बजे के लगभग एक डंपर ने गंगाजल लेकर जा रहे 7 कांवड़ियों को कुचल दिया। इनमें से 6 की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से  घायल हो गए। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने मृतकों के शवों को उनके घर भिजवा दिया। वहीं जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। इसके अलावा पुलिस ने यह भी बताया की आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

बताया जाता है कि यह सभी गंगाजल लेकर  हरिद्वार से ग्वालियर जा रहे थे । घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल दो कावड़ियों को उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एडीजी आगरा जोन और आईजी अलीगढ़  मौके पर आ गए। बताया जाता है कि हादसे का शिकार सभी लगो बांगि खुर्द थाना उटीला जिला ग्वालियर मध्य प्रदेश के निवासी हैं।

हताहत लोग...
नरेश, पुत्र रामनाथ उमर  
रमेश, पुत्र नत्था सिंह  
रणवीर सिंह, पुत्र अमर सिंह
जबर सिंह, पुत्र सुल्तान सिंह
विकाश पुत्र, प्रभु दयाल ( आगरा पहुंचने पर मृत्यु)
एक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

और भी

अमित शाह ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं

 नई दिल्ली(छत्तीसगढ़ दर्पण)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति पद पर उनकी ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। अमित शाह ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को देश के सर्वोच्च पद पर चुने जाने के ऐतिहासिक क्षण पर नई दिल्ली में उनसे भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। अपने ट्वीट्स में अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में उनकी प्रचंड विजय पर पूरा देश विशेषकर जनजातीय समाज उत्साह व हर्षोल्लास के साथ जश्न मना रहा है। एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली NDA प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए गौरव का पल है, उन्हें शुभकामनाएँ देता हूँ।

यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने व जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुँची है वो हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है। इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस नि:स्वार्थ भाव से खुद को देश व समाज की सेवा में समर्पित किया वो सभी के लिए प्रेरणादायी है। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने यह भी कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में NDA के सहयोगियों, अन्य राजनीतिक दलों व निर्दलीय जनप्रतिनिधियों का जनजातीय गौरव श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के पक्ष में मतदान करने पर आभार व्यक्त करता हूँ। मुझे विश्वास है कि भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू जी का कार्यकाल देश को और गौरवान्वित करेगा।

 

 

और भी

एनटीपीसी ने नेट जीरो जीएचजी उत्सर्जन रोडमैप विकसित करने नीति आयोग के साथ किया एमओयू

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एनटीपीसी लिमिटेड ने नेट जीरो जीएचजी उत्सर्जन रोडमैप विकसित करने के लिए कल नीति आयोग के साथ एक आशय के वक्तव्य (एसओआई) पर हस्ताक्षर किए। यह देश के विद्युत क्षेत्र को हरित बनाने की दिशा में मार्ग प्रशस्त करते हुए एसओआई पक्षों में सहयोग के एक ढांचे को औपचारिक रूप देने का प्रयास है ताकि एनटीपीसी को अपने उत्पादन मिश्रण के विविधीकरण पर रणनीतियों की सुविधा मिल सके और अंततः वह कार्बन उपस्थिति को कम कर सके और 2070 तक नेट जीरो लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में भारत के प्रयास का समर्थन किया जा सके।

जैसा कि भारत सरकार ने सीओपी 26 के दौरान 'पंचामृत' लक्ष्यों की घोषणा की है, नीति आयोग 2070 तक नेट ज़ीरो हासिल करने के लिए विभिन्न परिदृश्यों/मार्गों को विकसित करने का काम कर रहा है। 17 प्रतिशत स्थापित उत्पादन क्षमता के साथ एनटीपीसी लगभग 24 प्रतिशत देश की बिजली आवश्यकता को पूरा करती है। इस सहयोग से एनटीपीसी निम्नलिखित कार्यों के लिए नीति आयोग की ऊर्जा टीम की विशेषज्ञता का उपयोग करने में सक्षम होगा। 

और भी

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनकल्याण करें पार्टियां : रामनाथ कोविंद

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संसद भवन में शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के विदाई समारोह आयोजित किया गया। अपने विदाई भाषण में राष्ट्रपति कोविंद ने कहा सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रहित में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनकल्याण का काम करने के लिए कहा। संसद के सेंट्रल हाल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने शांति और सद्भाव के मूल्य पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए विरोध करने और दबाव बनाने का अधिकार है, लेकिन उनके तरीके गांधीवादी होने चाहिए। उनकी टिप्पणी ऐसे समय में महत्वपूर्ण हो जाती है जब कई मुद्दों पर विपक्ष के विरोध के कारण संसदीय कार्यवाही अक्सर बाधित होती रही है।

विदाई समारोह कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत दोनों सदनों के सांसद शामिल रहे। राष्ट्रपति कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई के समाप्त हो रहा है। जिसके बाद देश के नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर काबिज होने वाली पहली आदिवासी महिला होंगी।

संसद भवन के संट्रेल हाल में आयोजित विदाई समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संबोधन में कहा कि संसद में बहस और असहमति के अधिकारों का प्रयोग करते समय सांसदों को हमेशा गांधीवाद का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र का मंदिर है। इस दौरान राष्ट्रपति कोविंद ने देश के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में सेवा करने का अवसर देने के लिए देश के नागरिकों के हमेशा आभारी रहेंगे। राष्ट्रपति कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू को नए राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से देश को लाभ होगा। वहीं अपने कार्यकाल के दौरान समर्थन के लिए उन्होंने पीएम मोदी, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को धन्यवाद दिया।

पीएम मोदी ने सम्मान में दिया रात्रिभोज

इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति कोविंद के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया था। इसमें निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री व अन्य लोग भी शामिल हुए। रात्रिभोज में देश के सभी हिस्सों का प्रतिनिधित्व किया गया था, जिसमें कई पद्म पुरस्कार विजेता और आदिवासी नेता भी शामिल हुए थे।

और भी

कौन हैं नोएडा की रहने वाली युवक्षी विग, जिनको भी CBSE बोर्ड की 12वीं में मिले हैं 500 में से 500 नंबर

 नोएडा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं के टर्म 2 के रिजल्ट शुक्रवार को जारी कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश की दो छात्रों रीक्षा में 100 पर्सेंटाइल हासिल किए, 500 में से 500 लाई हैं। एक हैं बुलंदशहर की रहने वाली तान्या सिंह, जिन्हें 500 में से 500 नंबर मिले हैं। वहीं दूसरी हैं नोएडा की रहने वाली युवाक्षी विग, जिन्होंने अपने सभी पांच मुख्य विषयों में 100 पर 100 अंक हासिल किए हैं। युवाक्षी विग नोएडा सेक्टर 137 की रहने वाली हैं और वह एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा हैं।

जानिए कौन हैं युवक्षी विग? 
युवाक्षी विग नोएडा के सेक्टर-137 की रहने वाली हैं। वह 17 साल की हैं। युवाक्षी विग उत्तर प्रदेश के एमिटी इंटरनेशनल स्कूल नोएडा की छात्र हैं। युवाक्षी विग ने सीबीएसई कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 100 पर्सेंटाइल यानी 500 में 500 अंक हासिल किए हैं। सीबीएसई ने पहले ही घोषणा की थी कि वे इस साल कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की परीक्षा के लिए टॉपर सूची जारी नहीं करेंगे। लेकिन यह माना जा रहा है कि जिन्होंने परीक्षा में पूर्ण अंक प्राप्त किए हैं, तान्या सिंह और युवाक्षी विग बोर्ड परीक्षा में हाई स्कोरर हैं।
 
इन विषय में 100 नंबर लाई हैं 
युवाक्षी विग युवाक्षी विग ने नोएडा के एमिटी स्कूल में अपनी पढ़ाई पूरी की और सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2022 में अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान और पेंटिंग के पेपर में 100 में 100 नंबर लाई हैं। रिजल्ट के आने के बाद से ही युवाक्षी विग काफी खुश हैं। युवक्षी ने अपने स्कूल के शिक्षकों, दोस्तों और परिवार के साथ मिठाई बांटकर अपनी खुशी मनाई है।

युवाक्षी विग को नहीं था यकीन इतने नंबर लाएंगी वो 
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए युवाक्षी विग ने कहा, ''मुझे पता था कि मुझे इतने अच्छे अंक मिलेंगे क्योंकि मेरी परीक्षा अच्छी रही लेकिन मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि मुझे 100% अंक मिलेंगे। परीक्षा देने के बाद मेरी यही फीलिंग थी।'' युवाक्षी विग ने कहा, ''मैं वास्तव में इसकी उम्मीद नहीं कर रही था। मैंने अपना सारा ध्यान इस बात पर लगा दिया था कि मैं बस अपना बेस्ट दूं।''

भविष्य में क्या करना चाहती हैं युवाक्षी विग 
अपनी भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए युवाक्षी विग ने कहा कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में डिग्री हासिल करना चाहती हैं। सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी (नोएडा क्षेत्र) पीयूष शर्मा ने कहा, ''गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) कक्षा 12वीं के छात्र युवाक्षी ने नोएडा में एक पूर्ण स्कोर के साथ टॉप किया है। इस जिले में, 16510 छात्र कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 9425 लड़के थे और 7085 लड़कियां थीं। जिले का पास स्कोर 91.53 फीसदी था।"

नोएडा की मृगंक पावागी को मिले 500 में से 499 नंबर 
नोएडा के विश्व भारती पब्लिक स्कूल (वीबीपीएस) की मृगंक पावागी को भी 500 में से 499 नंबर मिले हैं। वीबीपीएस के में प्रिंसिपल वीरा पांडे ने कहा, "सीबीएसई के 12वीं के नतीजों ने छात्रों को खुश किया है क्योंकि नए पैटर्न के साथ भी पास प्रतिशत बहुत अधिक रहा है।"
 
और भी

बोर्डिंग पास जारी करने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेगी एयरलाइंस

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नागरिक विमानन मंत्रालय ने कहा है कि हवाई कम्‍पनियां हवाई अड्डों चेक-इन-काउन्‍टर पर बोर्डिंग पास जारी करने के लिए कोई अतिरिक्‍त शुल्‍क नहीं ले सकती है। यात्रियों से बोर्डिंग पास जारी करने के लिए अतिरिक्‍त शुल्‍क मांगने की खबरों के मद्देनजर यह स्‍पष्‍टीकरण दिया गया है।

मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा है कि अतिरिक्‍त शुल्‍क की बसूली विमान नियम 1937 के प्रावधानों के अर्न्‍गत दिये गये निर्देशों के अनुकूल नहीं है। मंत्रालय ने विमान कम्‍पनियों को सलाह दी है कि बोर्डिंग पास जारी करने के लिए अतिरिक्‍त फीस न लें क्‍योंकि ये विमान अधिनियम के अन्‍तर्गत नहीं आता है।

और भी

अब मनीष सिसोदिया को जेल भेजने की तैयारी में है केंद्र सरकार : केजरीवाल

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आबकारी नीति को लेकर एलजी द्वारा सीबीआई जांच के आदेश के बाद दिल्ली में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि ये लोग मेरे पीछे हाथ धोकर पड़े हैं। इसके तीन कारण हैं। पहला यह कि आम आदमी पार्टी कटटर ईमानदार है। जितना चाहें कीचड़ फेंक लो, हमपर चिपकेगा नहीं। दूसरा यह कि पंजाब में जीत के बाद देशभर में आम आदमी पार्टी फैल रही है, ये उसे रोकना चाहते हैं। तीसरा कारण यह कि ये दिल्ली के शानदार काम रोकना चाहते हैं।

सिंगापुर की सरकार पूरी दुनिया के सामने मुझे बुलाकर यह कह रहे हैं कि पूरी दुनिया को बताइए कि दिल्ली में क्या काम हो रहे हैं। इससे बड़े गर्व की क्या बात हो सकती है। दिल्ली के कामों की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी आई थीं तो उन्होंने हमारे स्कूलों का मिरीक्षण किया था। ये हमारे दिल्ली के कामों को रोकना चाहते हैं। दिल्ली में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम हो रहे हैं इसलिए उन्होंने पहले स्वास्थ्य मंत्री को जेल में डाला और फिर शिक्षा मंत्री को जेल में डालना चाहते हैं।

मगर मैं दिल्ली और देश के लोगों को यकीन दिलाना चाहता हूं कि काम नहीं रुकेंगे। इन्होंने सत्येंद्र जैन को दो महीने जेल में रख लिया। तीन महीने, चार महीने रख लें फिर निकल आएंगे, काम फिर शुरू हो जाएगा। मनीष सिसोदिया को भी जेल भेजेंगे। महीना, दो महीना, तीन महीना कब तक जेल में रखेंगे। झूठा केस है, कोर्ट में जाके गिर जाएगा। डांट पड़ेगी इनको देख लेना। लेकिन काम नहीं रुकेगा, देख लेना।

केजरीवाल ने कहा कि 75 साल में इन पार्टियों ने मिलकर देश को बर्बाद कर दिया। 75 साल में कितने देश हमसे आगे निकल गए। क्यों? हममें कोई कमी है? सबसे टैलेंटेड लोग भारत के ही हैं, लेकिन इन्होंने लूटा है हमें। ये अपनी लूट जारी रखना चाहते हैं। दिल्ली से ये जो चिंगारी निकली है ये पूरे देश में फैलेगी। देश खड़ा हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सिसोदिया के खिलाफ केस झूठा है, हम जेल जाने से नहीं डरते। यह लोग सावरकर की औलाद हैं, जिसने अपनी जान बचाने के लिए अंग्रेजो से माफी मांगी थी। हम लोग भगत सिंह की औलाद हैं, जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ते हुए फांसी का फंदा चूम लिया था।

और भी

द्रौपदी मुर्मू की जीत पर गृह नगर रायरंगपुर में जश्न का माहौल

रायरंगपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रपति पद की दौड़ में विजेता बनकर उभरी ओडिशा की बेटी द्रौपदी मुर्मू के गृह नगर रायरंगपुर समेत पूरे राज्य में जश्न का माहौल है। ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर शहर स्थित मुर्मू के आवास के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा है और वे आदिवासी संगीत पर थिरक रहे हैं।

उत्सव का ऐसा ही नजारा जिले के पहाड़पुर गांव में भी देखने को मिला जोकि मुर्मू का ससुराल है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार मुर्मू का समर्थन करने वाले ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ताओं समेत आम लोगों ने रायरंगपुर में मिठाइयां बांटी और पटाखे फोड़कर खुशी जतायी। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने मुर्मू की जीत पर जश्न मनाया।

रायरंगपुर की स्थानीय निवासी सौदामिनी दास ने कहा, हमारे पास मुर्मू पर गर्व करने के कारण हैं। वह हमें बहुत प्यारी है, उन्होंने हमारे साथ, हमारे सुख-दुख साझा किए हैं। मुर्मू की जीत से उत्साहित लोगों ने उत्तरी पश्चिम बंगाल के दुआर्स इलाके के चाय बागानों में जश्न मनाया।

बागान में चाय तोड़ने का काम करने वाली ज्यादातर महिलाएं संथाल समुदाय की हैं जोकि अपना काम खत्म करने के बाद आदिवासी धुन पर नृत्य करती दिखीं। मुर्मू भी संथाल समुदाय से ताल्लुक रखती हैं। जलपाईगुड़ी से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित डंगुआझार चाय बागान में भी पुरुषों ने लोक संगीत बजाया और महिलाओं ने जमकर नृत्य किया।

और भी

एनटीपीसी ने मोरक्कन एजेंसी फॉर सस्टेनेबल एनर्जी के साथ किया एमओयू

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम-एनटीपीसी और मासेन (सतत ऊर्जा के लिए मोरक्को की एजेंसी) ने नई दिल्ली में 19 से 20 जुलाई 2022 तक आयोजित भारत-अफ्रीका विकास साझेदारी पर 17वें भारतीय उद्योग परिसंघ-सीआईआई आयात निर्यात-एक्जिम बैंक सम्मेलन के दौरान अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग के लिए आज एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस सम्मेलन में कई अफ्रीकी देशों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

इस दौरान अफ्रीका में विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय और अफ्रीकी कंपनियों के बीच निवेश और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए विचार-विमर्श किया गया। भारत-अफ्रीका साझेदारी परियोजना पर सीआईआई-एक्जिम बैंक कॉन्क्लेव को वर्ष 2005 में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय तथा वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के सहयोग से शुरू किया गया था। पिछले सोलह संस्करणों में, कॉन्क्लेव ने अफ्रीका में भारतीय कंपनियों को अपने पहचान स्थापित करने और अपना व्यापार विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मोरक्को के राजा के भारत में राजदूत मोहम्मद मलिकी और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुनीत कुंडल की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। समझौता ज्ञापन पर मोरक्को की मासेन आसेन कंपनी कार्यकारी निदेशक-संचालन और कार्यकारी निदेशक-विकास, रचिद बाएद और भारत की एनटीपीसी लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रमुख नरिंदर मोहन गुप्ता, द्वारा हस्ताक्षर किए गए थे। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर समारोह ऊर्जा सुरक्षा के लिए सहयोग और वैकल्पिक स्रोतों के उपयोग विषय पर आयोजित सत्र का भाग था।

सत्र में अब्दुल जोबे, गाम्बिया गणराज्य के पेट्रोलियम और ऊर्जा मंत्री, महामहिम अजय माथुर, महानिदेशक, अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, और पुनीत कुंडल, संयुक्त सचिव, विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के अलावा एनटीपीसी और मासेन प्रतिनिधियों के अलावा राशिद बाएद और नरिंदर मोहन गुप्ता, डॉ. प्रदीप सिंह राजपुरोहित, संयुक्त सचिव (पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका), विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने भी सत्र में भाग लिया।

और भी

एनएचपीसी ने जलविद्युत और पंप भंडारण परियोजनाओं की खोज के लिए डीवीसी के साथ किया एमओयू

 नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एनएचपीसी लिमिटेड ने दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के साथ जलविद्युत और पंप भंडारण परियोजनाओं की खोज व स्थापना के लिए एक संयुक्त उद्यम कंपनी (जेवीसी) के गठन की संभावना को तलाशने के लिए फरीदाबाद स्थित एनएचपीसी कॉरपोरेट कार्यालय में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

एनएचपीसी के सीएमडी ए.के. सिंह और डीवीसी के अध्यक्ष राम नरेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता ज्ञापन ऊर्जा रूपांतरण के राष्ट्रीय उद्देश्य यानी 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा और 2070 तक नेट जीरो के अनुरूप ऊर्जा भंडारण समाधान के रूप में जलविद्युत परियोजनाओं व पंप भंडारण परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उपयोग करने को लेकर विद्युत क्षेत्र के दो संगठनों के बीच सहभागिता को लेकर एक नई शुरुआत करता है।

यह समझौता ज्ञापन पारस्परिक रूप से चिह्नित परियोजनाओं के संयुक्त विकास की परिकल्पना करता है। एनएचपीसी के निदेशक (तकनीकी) वाई.के. चौबे, निदेशक (वित्त) आर.पी. गोयल, निदेशक (परियोजना) बिश्वजीत बासु और डीवीसी के सदस्य (वित्त) ने दोनों संगठनों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।    

 
और भी