हिंदुस्तान - Newsportal | Chhattisgarh Darpan Media Group

हिंदुस्तान

दुनिया के विकास में भारत हरसंभव मदद को तैयार : मोदी

वाराणसी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया के विकास में भारत हरसंभव मदद को तैयार है। भारत अपने अनुभव बांटने को तैयार है। दुनिया को बचाने के लिए पर्यावरण पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। हम नदियों, पेड़ों का सम्मान करते हैं।

वाराणसी में तीन दिवसीय चल रही जी-20 बैठक में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर प्रतिनिधियों का स्वागत किया। इस दौरान मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि विकास, वैश्विक दक्षिण के लिए एक प्रमुख मुद्दा है। वैश्विक दक्षिण के देश वैश्विक कोविड महामारी से उत्पन्न व्यवधान से गंभीर रूप से प्रभावित थे और भू-राजनीतिक तनाव के कारण खाद्य, ईंधन और उर्वरक संकट ने एक और झटका दिया है। ऐसी परिस्थितियों में आप जो निर्णय लेते हैं उसका बहुत महत्व होता है। दुनिया के विकास में भारत हरसंभव मदद को तैयार है।

उन्होंने आगे कहा, मुझे खुशी है कि जी 20 विकास एजेंडा काशी तक भी पहुंच गया है। विकास, वैश्विक दक्षिण के लिए एक प्रमुख मुद्दा है। वैश्विक दक्षिण के देश वैश्विक कोविड महामारी से उत्पन्न व्यवधान से गंभीर रूप से प्रभावित थे और भू-राजनीतिक तनाव के कारण खाद्य, ईंधन और उर्वरक संकट ने एक और झटका दिया है। ऐसी परिस्थितियों में आप जो निर्णय लेते हैं उसका बहुत महत्व होता है।

मोदी ने जी20 विकास मंत्रियों की बैठक के लिए एक वीडियो संदेश में कहा कि काशी में भारत की विविध विरासत का सार है और यह देश के सभी हिस्सों के लोगों के लिए रुपांतरण बिंदु के रूप में काम करता है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, मैं लोकतंत्र की जननी के सबसे पुराने जीवित शहर (बनारस) में आप सभी का हार्दिक स्वागत करता हूं।

इस बैठक में आर्थिक मंदी, ऋण संकट, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, प्रदूषण और जैव विविधता, बढ़ती गरीबी और असमानता, खाद्य और ऊर्जा असुरक्षा, जीवन-यापन के संकट सहित वैश्विक आपूर्ति-श्रृंखला व्यवधान और भू-राजनीतिक संघर्ष और तनाव समेत विभिन्न विषयों पर मंथन होगा।

और भी

बोरिस जॉनसन ने ब्रिटेन के सांसद पद से दिया इस्तीफा

लंदन (छत्तीसगढ़ दर्पण) ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टीगेट मामले पर संसद से बाहर कर दिया गया। पूर्व प्रधानमंत्री ने कॉमन्स प्रिविलेज कमेटी की एक रिपोर्ट को अग्रिम रूप से देखा कि क्या उन्होंने डाउनिंग स्ट्रीट लॉकडाउन पार्टियों पर कॉमन्स को गुमराह किया है।

जॉनसन ने कहा कि वह हाउस ऑफ कॉमन्स कमेटी से एक पत्र प्राप्त करने के बाद हैरान है। उनके इस्तीफे से अब उनकी सीमांत सीट पर उपचुनाव हो रहा है। विशेषाधिकार समिति ने कहा कि जॉनसन ने हाउस ऑफ कॉमन्स की अखंडता पर सवाल उठाया है। सांसद के नेतृत्व वाली समिति ने कहा कि वह सोमवार को अपनी जांच पूरी करेगी और अपनी रिपोर्ट तुरंत प्रकाशित करेगी।

शुक्रवार को जारी अपने इस्तीफे में, जॉनसन ने समिति को कंगारू कोर्ट के रूप में वर्णित किया और कहा, इस कोर्ट का उद्देश्य तथ्यों की बिना शुरू से ही मुझे दोषी ठहराना रहा है। जॉनसन ने इससे पहले मार्च में एक सुनवाई में समिति को सबूत देने पर संसद को गुमराह करने की बात स्वीकार की थी, लेकिन जानबूझकर ऐसा करने से इनकार किया।

उन्होंने कहा कि कोविड लॉकडाउन के दौरान डाउनिंग स्ट्रीट में हुई पार्टियों में लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन की बात सही नहीं है। पार्टी के दौरान सभी दिशानिर्देशों का पालन किया गया था।

और भी

मैंने किसी धर्म को गलत नहीं कहा : किरण खेर

चंडीगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)निगम सदन की बैठक में सांसद किरण खेर और आप पार्षद जसबीर लाडी के बीच हुए गाली-गलौच के विवाद में अब सांसद ने चुप्पी तोड़ते हुए खुलकर बात की। उन्होंने पार्षद लाड़ी पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। वे सैक्टर-29 में हुए जीजीएचएस डिस्पेंसरी के उद्घाटन समारोह में आई थीं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया।

सांसद ने कहा कि उन्होंने कभी किसी के धर्म को लेकर कुछ गलत नहीं कहा और न कभी कहूंगी। आप पार्षद जसबीर सिंह लाडी जिस धर्म की बात कर रहे हैं, वह मेरा भी धर्म है। मैं भी सिख कम्युनिटी से आती हूं। पहले जब निगम में भाजपा और कांग्रेस थी, तब ऐसा कभी नहीं हुआ। आप पार्टी के आने के बाद सारे ड्रामे शुरू हुए हैं। यह लोग बहुत बकवास करते हैं। सब बातें सदन की बैठक के दौरान रिकॉर्ड नहीं हो पाती। जो भी आप पार्षद ने किया, बहुत गलत बात की।

सांसद किरण खेर ने कहा कि अगर कोई प्रधानमंत्री को गाली देगा तो वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जसबीर सिंह लाडी कह रहे हैं कि मैंने उनकी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को गाली दी। इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री को गाली दी। जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। रिकॉर्डिंग चैक करवा लें। बैठक में लाडी ने बहन की गाली दी। उसके बाद उल्टा कह दिया कि मैडम ने मुझे ऐसा कहा। जब उसने ऐसा कहा तो मैं तो हैरान ही रह गई। 

और भी

एटीएस ने किया ISKP मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

पोरबंदर (छत्तीसगढ़ दर्पण) गुजरात के पोरबंदर में एटीएस ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने पोरबंदर में ISKP के एक सीक्रेट मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। उन्होंने संगठन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। अधिकारी उसको तलाश रहे हैं। पकड़े गए सभी आरोपी भारत के निवासी हैं। इसमें चार कश्मीरी युवक उबैद नासिर मीर, हनान हयात शाल, मोहम्मद हाजिम शाह और जुबैर अहमद मुंशी और सूरत की महिला सुमेरा बानू शामिल हैं। हालांकि, अभी कश्मीर के पांचवे आरोपी  जुबैर अहमद मुंशी की तलाश जारी है।


कश्मीर के तीनों निवासी अपने हैंडलर अबू हमजा की मदद से इस्लामिक स्टेट ऑफ खोरसान प्रांत (ISKP) में शामिल होने के लिए समुद्र के रास्ते फरार हुए थे। इनके पास से इस्लामिक स्टेट ऑफ खोरसान प्रोविंस की सामग्री और चाकू जैसे धारदार हथियार भी बरामद हुए हैं। बीते कई दिनों से एटीएस की टीम लगातार आतंकी संगठन से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।

एटीएस ने सभी आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी भी भारी गोपनीयता के बीच ऑपरेशन चल रहा है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि आज शाम को एटीएस कुछ बड़ा खुलासा कर सकती है। पकड़े गए सभी आरोपी अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन आईएसकेपी के सदस्य हैं और यह पिछले एक साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। जानकारी के मुताबिक यह सभी आरोपी पोरबंदर से अफगानिस्तान भागने की फिराक में थे। इस अभियान को अंजाम देने के लिए इसकी अगुवाई डीआईजी दीपन भद्रन और एसपी सुनील जोशी कर रहे हैं। वह कल से स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ पोरबंदर में डेरा डाले हुए थे।

अभियान में एटीएस की कुल चार टीमें लगातार एक्टिव होकर छापेमारी कर रही थीं। दो टीमों को पोरबंदर दरिया में लगाया हुआ था, वहीं अन्य दो टीम द्वारका इलाके में और एक अन्य टीम पोरबंदर में छापेमारी कर रही थीं। इसके अलावा एटीएस की टीम ने गुजरात के भरूच सूरत और दिल्ली में भी अलग-अलग जगहों पर पड़ताल की है।

दो दिन पहले एटीएस की एक टीम ने द्वारका के समुद्र में सर्चिंग की थी। फिर एटीएस की टीम ने कल सुबह से ही पोरबंदर में डेरा डाल दिया। एटीएस के आईजी दीपन भद्रन, एसपी सुनील जोशी, डीवाईएसपी केके पटेल, डीवाईएसपी शंकर चौधरी और उनके वरिष्ठ अधीनस्थों सहित अधिकारियों का एक स्टाफ पोरबंदर पहुंचा।

महिला के कबूलनामे पर पकड़े गए आरोपी
सूरत से आतंकी संगठन आईएसकेपी से जुड़ी एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला को एटीएस ने क्राइम ब्रांच पुलिस की मदद पकड़ा गया था। सुमेरा नाम की एक महिला को शहर के लालगेट इलाके से हिरासत में लिया गया और पोरबंदर ले जाया गया और उसके कबूलनामे के आधार पर पोरबंदर से तीन और लोगों को हिरासत में लिया गया है। सुमेरा अपने पिता से मिलने कन्याकुमारी से सूरत आई। एटीएस द्वारा हिरासत में ली गई महिला की शादी दक्षिणी भारतीय राज्य तमिलनाडु में हुई थी। महिला के पास से चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

महिला ईरान के रास्ते अफगानिस्तान जाने की योजना बना रही थी। प्रतिबंधित संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ खोरसान प्रोविंस (ISKP) अफगानिस्तान, पाकिस्तान और ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान में सक्रिय है। जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिए गए संदिग्ध ईरान से अफगानिस्तान जाने की फिराक में थे। वे भारत में आतंकी हमला करने की फिराक में थे। हालांकि एटीएस की टीम ने उनके मनसूबों को नाकाम कर दिया है। फिलहाल एटीएस के ऑपरेशन की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

 

 

और भी

ओपन एआई कंपनी के सीईओ सैम ऑल्‍टमैन ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)ओपन एआई कंपनी के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन ने कल नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की। सैम ऑल्टमैन के एक ट्वीट का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में देश के प्रौद्योगिकी तंत्र को बढ़ावा देने की व्‍यापक क्षमता है और यही क्षमता देश के युवाओं में भी मौजूद है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों को सशक्‍त बनाने के लिए देश के डिजिटल बदलावों को गति देने के सभी प्रयासों का स्‍वागत किया।

और भी

रणनीतिक रूप से चीन का मुकाबला करने की जरूरत : खरगे

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। उत्तराखंड सीमा पर वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास चीनी बुनियादी ढांचे के निर्माण का दावा करने वाली एक मीडिया रिपोर्ट पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को केंद्र पर हमला बोला और कहा कि बीजिंग का रणनीतिक रूप से सामना करना चाहिए, न कि खोखला दावा करके। ट्विटर पर खरगे ने कहा, हमारी क्षेत्रीय अखंडता एलएसी पर दुस्साहसी चीनी सैन्य निर्माण से प्रभावित हो रही है, अब उत्तराखंड में ये हो रहा है! देश मोदी जी द्वारा चीन को क्लीन चिट देने की भारी कीमत चुका रहा है।

चीन का सामना रणनीतिक रूप से एक साथ होना चाहिए, न कि खोखला दावा करके! उन्होंने उस मीडिया रिपोर्ट की कॉपी लगाई जिसमें कथित रूप से चीनी सेना के नए बुनियादी ढांचे के निर्माण को दिखाने वाली सैटेलाइट पिक्चर्स का हवाला दिया गया था। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ये संरचनाएं उत्तरकाशी जिले के पुलम सुमदा से महज 40 किमी दूर हैं।

जून 2020 में गलवान सीमा गतिरोध पर चीन को क्लीन चिट देने के लिए कांग्रेस केंद्र सरकार की आलोचना करती रही है। पार्टी ने लद्दाख क्षेत्र में चीन द्वारा भारतीय भूमि पर कब्जा किए जाने के मुद्दे पर भी केंद्र की आलोचना की है।

और भी

बड़ी खबर : विहार कर रहीं 2 जैन साध्वी का सड़क हादसे में देवलोक गमन

मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नासिक की ओर विहार कर रही श्रमणसंघीय जैन साध्वी सिद्धायीका म.सा. और हर्षायीका म.सा. का गुरूवार को देवलोक गमन हो गया। विहार के वक्त वे कसाराघाट के पास  तभी सड़क हादसा घटित हो गया। दिवंगत आत्माओं की स्मृति में श्रद्धा-सुमन अर्पित की गई। महासती अकोला श्रीसंघ के वरिष्ठ सुश्रावक बन्सीलाल राका और सुवालाल राका की सांसारिक दोयती व वीर पिता सुरेशसिंग मुनोत की बेटी थी। वे आनंद सुराणा की साली और सुश्राविका अक्षया सुराणा की बहनें थी।

और भी

इंदिरा गांधी की हत्या पर झांकी, भारत ने जताया एतराज

दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कनाडा में इंदिरा गांधी के हत्याकांड पर निकाली गई खालिस्तानियों की झांकी पर भी एतराज जताया। जयशंकर ने कहा- ये दोनों देशों के रिश्तों के लिए सही नहीं है। उन्होंने कहा- हमें समझ नहीं आ रहा है वहां ऐसा क्यों होने दिया जा रहा है। वोट बैंक की राजनीति के अलावा इसके पीछे कोई दूसरी वजह नहीं दिख रही। इन अलगाववादियों को छूट देना सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि कनाडा के लिए भी अच्छा नहीं होगा।

ब्रैम्पटन शहर में निकाली गई थी झांकी
हाल ही में कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में खालिस्तान समर्थकों ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की झांकी निकाली थी। इसमें दो सिख गनमैन (सतवंत सिंह और बेअंत सिंह) को भारत की पूर्व प्रधानमंत्री को गोली मारते दिखाया गया। झांकी में ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिख विरोधी दंगों के बैनर भी थे।  

जयशंकर मोदी सरकार की फॉरेन पॉलिसी की जानकारी दे रहे थे
जयशंकर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की 9 साल की फॉरेन पॉलिसी की जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा- आज लोग भारत को सुनना चाहते हैं और उन्हें लगता है कि भारत के साथ काम करने से उनका प्रभाव बढ़ेगा। जयशंकर ने कहा- दुनिया, विशेष रूप से ग्लोबल साउथ, भारत को विकास के एक भागीदार के रूप में देखता है।

हमें पता है 2024 के चुनाव का नतीजा वही होगा
जयशंकर ने विदेशों में राहुल गांधी के भारतीय लोकतंत्र पर दिए बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा- दुनिया देख रही है कि इस देश में चुनाव होते हैं और चुनाव में कभी एक पार्टी जीतती है, कभी दूसरी पार्टी। अगर देश में लोकतंत्र नहीं है तो ऐसा परिवर्तन नहीं आता। ये कहने के बाद जयशंकर ने मुस्कुराते हुए कहा- हमें पता है कि 2024 के चुनाव का नतीजा तो वही होगा।

और भी

DRDO ने बैलिस्टिक मिसाइल 'अग्नि प्राइम' का किया परीक्षण

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने नई पीढ़ी की बैलिस्टिक मिसाइल 'अग्नि प्राइम' का सफल परीक्षण किया। मिसाइल का परीक्षण ओडिशा के तट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि मिसाइल का परीक्षण अपने उद्देश्यों में सफल रहा। मंत्रालय के अनुसार, मिसाइल के तीन सफल विकासात्मक परीक्षणों के बाद यह पहला प्री-इंडक्शन नाइट लॉन्च था, जो सिस्टम की सटीकता और विश्वसनीयता की पुष्टि करता है।

मंत्रालय ने कहा, यह परीक्षण 7 जून की रात में किया गया। रडार, टेलीमेट्री और इलेक्ट्रो ऑप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम जैसे रेंज इंस्ट्रूमेंटेशन को दो डाउन-रेंज जहाजों सहित विभिन्न स्थानों पर टर्मिनल बिंदु पर तैनात किया गया था, ताकि उड़ान डेटा को कैप्चर किया जा सके। डीआरडीओ और सामरिक बल कमान के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस परीक्षण को देखा।

रक्षा मंत्री, राजनाथ सिंह ने इस परीक्षण के लिए डीआरडीओ और सशस्त्र बलों को बधाई दी। रक्षा अनुसंधान और विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने डीआरडीओ प्रयोगशालाओं की टीमों और परीक्षण में शामिल होने वालों की सराहना की।

 

 

और भी

दक्षिण पश्चिम मॉनसून केरल तट से टकराया

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मंगलवार को  केरल पहुंच गया है। आमतौर से केरल में मॉनसून एक जून को आता है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 48 घंटों में मध्य अरब सागर, तमिलनाडु, कर्नाटक और दक्षिण पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान, दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर घने बादल छाए हुए हैं। पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर चक्रवाती तूफान बिपरजोय पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कहा कि यह अगले 24 घंटों के दौरान धीरे-धीरे और तेज होगा और अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ जाएगा।

और भी

भारत इस दशक के अंत तक विश्‍व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था हो जाएगा : राष्‍ट्रपति

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि भारत इस दशक की समाप्ति से पहले विश्व में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लिए तैयार है। वे सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में कल भारतीय समुदाय को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति सर्बिया की तीन दिन की यात्रा पर हैं।

सामुदायिक अभिनंदन के कार्यक्रम की शुरुआत से पहले, ओडिसा में हुई भयानक रेल दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति मौन रखा गया।

 राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में भारत में विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देशभर में नई अवसंरचना तेजी से उभरकर सामने आ रही है और भारत 2047 तक विकसित देश बनने की दिशा में पूरे विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

व्यापारिक शिष्टमंडल में देश के तीन प्रमुख वित्तीय संगठन एसोचैम, सीआईआई और फिक्की शामिल हैं। व्यापारिक शिष्टमंडल में विश्वास व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि वह आश्वस्त हैं कि बैठक के बाद विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार और निवेश बढ़ेगा।

राष्ट्रपति मुर्मू कल सर्बिया पहुंचीं। निकोला टेस्ला हवाई अड्डे पर सर्बिया के राष्ट्रपति वुकिक ने भारतीय राष्ट्रपति की अगवानी की। द्रौपदी मुर्मू ने गांधीजेवा स्ट्रीट में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति आज सर्बिया के राष्ट्रपति वुकिक के साथ शिष्टमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू माउंट अवाला में अज्ञात शौर्यवीरों के स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की इस यात्रा में व्यापारिक अवसरों की संभावनाओं और अवसरों का पता लगाने के लिए दोनों देशों के व्यापारिक समुदायों को प्रोत्साहित किए जाने पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा।  

और भी

रैंकिंग के शिखर पर पहुंचा भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान

भोपाल (छत्तीसगढ़ दर्पण)भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, वर्ष 2023 के लिए नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) द्वारा कृषि और संबद्ध क्षेत्रों की श्रेणी में रैंकिंग के शिखर पर पहुंच गया है। नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) के आठवें संस्करण की घोषणा 5 जून, 2023 को भारत सरकार के विदेश और शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. राजकुमार रंजन सिंह ने की थी। एनआईआरएफ ने लगभग 8,686 उच्च शिक्षा संस्थानों (एचईआई) की रैंकिंग जारी की जिन्होंने रैंकिंग प्रक्रिया में भाग लिया था। पहले चार श्रेणियां और सात विषय क्षेत्र थे। कृषि और संबद्ध क्षेत्र को पहली बार एक विषय क्षेत्र के रूप में जोड़ा गया है।

आईएआरआई कृषि अनुसंधान, शिक्षा और विस्तार में उत्कृष्टता के लिए अपनी प्रतिबद्धता कायम किए हुए है। संस्थान पहले से ही एक वैश्विक विश्वविद्यालय के रूप में विकसित होने के मार्ग पर चल पड़ा है। इसने कृषि, सामुदायिक विज्ञान, बी.टेक (इंजीनियरिंग) और बी.टेक (जैव प्रौद्योगिकी) के 4 विषयों में स्नातक कार्यक्रम शुरू किए हैं। नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप, यहां पेशेवर शिक्षा पर जोर देने के लिए कई डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने की योजना है।

आईएआरआई के फैकल्टी की कड़ी मेहनत और प्रतिभा के अलावा, संस्थान के निदेशक और कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह की योजना और मार्गदर्शन; और डीन और संयुक्त निदेशक, शिक्षा, डॉ अनुपमा सिंह; और एसोसिएट डीन डॉ अतुल कुमार के समर्पित प्रयासों ने पहला स्थान हासिल करने में काफी मदद की है। संस्थान ईमानदारी से माननीय सचिव डीएआरई और डीजी आईसीएआर, डॉ. हिमांशु पाठक के साथ-साथ डीडीजी (शिक्षा), डॉ. आर.सी. अग्रवाल और डीडीजी (फसल), डॉ. टी.आर. शर्मा के प्रति कृतज्ञ है।

और भी

बच्ची खुले बोरवेल में गिरी, बचाव अभियान जारी...

भोपाल (छत्तीसगढ़ दर्पण) मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में मंगलवार को ढाई साल की बच्ची खुले बोरवेल में गिर गई है। बोर की गहराई 300 फीट है, जिसमें बच्ची 25 फीट की गहराई पर फंसी हुई हैं। मौके पर जिला प्रशासन के आला अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। बच्ची को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। 

सीहोर जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम बड़ी मुंगावली स्थित है। यहां कृषक गोपाल कुशवाहा ने अपने खेत में बोर खुदवाया था। 300 फीट की खुदाई के बाद भी पानी नहीं मिलने पर उसने खुदाई बंद कर बोर को यूंही खुला छोड़ दिया था। गोपाल कुशवाहा के खेत के बाजू में राहुल कुशवाहा का खेत है। राहुल कुशवाहा की ढाई वर्ष की बच्ची सृष्टि कुशवाहा आज दोपहर खेलते हुए इस खुले बोर में गिर गई। 

सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य में 6 पोकलेन मशीनें, जेसीबी तथा डंपर निरंतर काम कर रहे हैं। घटना स्थल पर एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं। प्रभारी कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी मयंक अवस्थी, डीआईजी मोनिका शुक्ला सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। 

 
और भी

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान से सम्‍मानित किया गया

नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण) राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान- द ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चैन ऑफ येलो स्‍टार से सम्‍मानित किया गया है। पारामारिबो में सूरीनाम गणतंत्र के राष्‍ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने उन्‍हें यह सम्‍मान प्रदान किया। राष्‍ट्रपति मुर्मू यह सम्‍मान प्राप्‍त करने वाली पहली भारतीय हैं।

इस अवसर पर राष्‍ट्रपति‍ ने कहा कि यह सम्‍मान न केवल उनके लिए बल्कि उन 140 करोड़ से अधिक भारतीयों के लिए भी अत्‍यन्‍त महत्‍वपूर्ण है जिनका वे प्रतिनिधित्‍व कर रही हैं। राष्‍ट्रपति मुर्मू ने इस सम्‍मान के लिए सूरीनाम सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्‍यक्‍त किया और कहा कि यह दोनों देशों के बीच सतत सहयोग संबंध का प्रतीक है।

राष्‍ट्रपति मुर्मू सूरीनाम के तीन दिन की राजकीय यात्रा पर हैं। उन्‍होंने सूरीनाम के राष्‍ट्रपति के साथ प्रतिनिधिमंडल स्‍तर की बातचीत की। इस दौरान राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत के ही समान सूरीनाम भी विविधता वाला देश है जहां विभिन्‍न जातियों, भाषाओं और धर्मों के लोग शांति और सद्भाव के साथ रहते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत और सूरीनाम के गहरे ऐतिहासिक और सांस्‍कृतिक संबंधों ने दोनों देशों के बीच आधुनिक बहुमुखी साझेदारी की नींव रखी है। उन्‍होंने इस बात का भी उल्‍लेख किया कि सूरीनाम में हिंदी व्‍यापक रूप से बोली जाती है जो उन्हें मातृभूमि की याद दिला रही है।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के बीच क्षमता से कम व्‍यापार हो रहा है। आपसी लाभ के लिए द्विपक्षीय व्‍यापार बढाने की दिशा में मिलकर काम करने की आवश्‍यकता है। इस सिलसिले में दोनों देशों के बीच तीन समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए गए जिनमें से दो स्‍वास्‍थ्‍य और एक कृषि के क्षेत्र में है।

भारत सरकार ने सूरीनाम को बाढ़ राहत प्रयासों के अंतर्गत पांच करोड़ रुपये से अधिक की आवश्‍यक दवाओं की आपूर्ति की भी घोषणा की है। राष्‍ट्रपति मुर्मू ने इस सिलसिले में राष्‍ट्रपति संतोखी को प्रतीकात्‍मक रूप से दवाओं की एक खेप राष्‍ट्रपति भवन में हुए समारोह में प्रदान किया।

पारामारिबो में विशेष संवाददाता सम्‍मेलन में विदेश मंत्रालय के पूर्वी मामलों के सचिव सौरभ कुमार ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए उठाये गए कदमों के अंतर्गत भारत सरकार ने सूरीनाम में भारतीय मूल के लोगों की पांचवीं और छठी पीढ़ी को विदेशी भारतीय नागरिकता की सुविधा प्रदान की है।

वहां प्रवासी भारतीयों की ओर से लंबे समय से यह मांग हो रही थी। उन्‍होंने यह भी कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में हुए समझौते से भारतीय दवा उद्योग को सूरीनाम के बाजार का लाभ मिलेगा। राष्‍ट्रपति मुर्मू को सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर समारोह में मुख्‍य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान राष्‍ट्रपति सूरीनाम में प्रवासी भारतीयों की ओर से किए गए कई सांस्‍कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुई।

और भी

भारी सुरक्षा के बीच अमृतसर में ऑपरेशन ब्लूस्टार की बरसी पर जुटे कट्टरपंथी

अमृतसर (छत्तीसगढ़ दर्पण) भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच, मंगलवार को स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन ब्लूस्टार की 39वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में कट्टरपंथी शामिल हुए, जो सुबह से ही इकट्ठा होने लगे। ऑपरेशन ब्लूस्टार अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर में छिपे जरनैल सिंह भिंडरावाले के नेतृत्व वाले उग्रवादियों को बाहर निकालने के लिए दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के आदेश पर एक सैन्य कार्रवाई थी।

ऑपरेशन ब्लूस्टार 1 और 8 जून, 1984 के बीच किया गया था। इसमें कई लोगों की जान चली गई थी, धर्मस्थल और परिसर क्षतिग्रस्त हो गया था। सिख कट्टरपंथी समूह दल खालसा ने वर्षगांठ मनाने और खालिस्तान के समर्थन में शहर में एक रैली का आयोजन किया। अमृतसर बंद का आह्वान करने वाले कट्टरपंथी संगठन के साथ पंजाब भर में कड़ी सुरक्षा देखी गई है।

अकाल तख्त ने एसजीपीसी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि ऑपरेशन ब्लूस्टार की वर्षगांठ के दौरान स्वर्ण मंदिर की पवित्रता भंग न हो। अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के निजी सहायक जसपाल सिंह ने एसजीपीसी के सचिव को लिखा है कि स्वर्ण मंदिर की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए तत्कालीन जत्थेदार ज्ञानी जोगिंदर सिंह के हस्ताक्षर से पारित प्रस्ताव को अकाल तख्त के निर्देशानुसार पूरी तरह लागू किया जाए।

आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब से सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने मांग की है कि 'ऑपरेशन ब्लूस्टार' से जुड़े सभी सरकारी दस्तावेजों को सार्वजनिक किया जाए। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजे मैसेज में साहनी ने उनसे आग्रह किया कि फाइलों को सुलभ बनाया जाना चाहिए।

 
और भी

ओडिशा ट्रेन हादसा: 101 लाशों की अब तक नहीं हुई पहचान, घटना की सीबीआई जांच शुरू

भुवनेश्वर (छत्तीसगढ़ दर्पण)ओडिशा ट्रेन हादसे के बाद रेल यातायात बहाल हो गया है, लेकिन अस्पतालों में अब भी 101 शव ऐसे हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है। रेलवे और स्वास्थ्य विभाग के लिए अब यह काम बड़ी चुनौती बन गया है।


मृतकों के फोटो जारी कर लोगों से अपील की गई है कि पहचान करने की कोशिश करें। भीषण रेल हादसे में अब तक 275 लोगों की मौत हुई है जबकि 1000 से अधिक घायल हुए हैं। दुर्घटना में कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे पास ही दूसरी लाइन से गुजर रही यशवंतपुर एक्सप्रेस एसएमवी-बेंगलुरु-हावड़ा के आखिरी डिब्बों से टकरा गए थे।

इस बीच, जान गंवाने वाले उन लोगों के शवों का दाह संस्कार के बाद अस्थियों का ससम्मान विसर्जन हरिद्वार में किया जाएगा, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है। श्री देवोत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष अनिल नरेन्द्र ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा, अस्थि कलशों को बालेश्वर से एकत्र कर पहले दिल्ली लाया जाएगा। फिर उन्हें दिल्ली से ले जाकर आठ अक्टूबर को हरिद्वार के कनखल के सती घाट से विधि विधान से विसर्जित किया जाएगा।

इसके लिए एक पत्र ओडिशा सरकार को भेज दिया गया है, जिसमें सरकार से अंतिम संस्कार के बाद अस्थियों को उन्हें सौंपने का आग्रह किया गया है। इसके लिए समिति का एक दल जल्द ओडिशा रवाना होगा।

इस बीच, सोमवार से सीबीआई ने मामले की जांच शुरू कर दी। सोमवार को सीबीआई की 10 सदस्यीय टीम के घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू करने की खबर है। खुर्दा रोड डिवीजन के डीआरएम रितेश राय ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार सीबीआई की जांच आरंभ हो चुकी है।

इस बीच रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने भी घटनास्थल पर कंट्रोल रूम, सिग्नल रूम और सिग्नल प्वाइंट की जांच की।

दुर्घटना की जांच सीबीआइ से कराने पर विपक्ष की आपत्ति पर सरकार से जुड़े सूत्रों ने कहा है कि शुरुआती जांच में जानबूझकर सिस्टम से छेड़छाड़ के स्पष्ट संकेत मिले हैं। इस कारण केंद्रीय एजेंसी से गहन जांच कराने की आवश्यकता महसूस की गई है।

और भी

अवधेश राय हत्याकांड में में माफिया मुख्तार अंसारी दोषी करार

वाराणसी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। वाराणसी की एमपी/एमएलए कोर्ट ने 32 साल पुराने हत्या के एक मामले में जेल में बंद गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को सोमवार को दोषी करार दिया। सजा की घोषणा बाद में दिन में की जाएगी। पांच बार के विधायक अंसारी पर 1991 में एक कांग्रेस नेता की हत्या का आरोप था। 3 अगस्त, 1991 को कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अजय राय के भाई अवधेश राय की वाराणसी में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

केस डायरी गुम होने की वजह से मुकदमे में काफी देरी हुई। अंसारी पूर्व में कई आपराधिक मामलों में दोषी ठहराए जा चुके हैं। वाराणसी एमपी एमएलए कोर्ट ने 19 मई को बहस के बाद सुनवाई पूरी कर ली थी, अपना आदेश 5 जून तक सुरक्षित रख लिया था। अंसारी पहले ही अपहरण और हत्या के एक अन्य मामले में 10 साल की सजा काट रहा है। उसे अप्रैल में दोषी ठहराया गया था।

 

 

और भी

बिहार में निर्माणाधीन पुल गिरने पर नीतीश कुमार ने मानी गलती

पटना (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बिहार में खगड़िया के अगुवानी और सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर बन रहे फोरलेन महासेतु के तीन पिलर और चार सुपर स्ट्रक्चर के नदी में समा जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी विभाग की गलती मानी है। उन्होंने सोमवार को साफ तौर पर कहा कि ठीक से नहीं बन रहा था तभी तो गिर जा रहा है। पटना में पत्रकारों से चर्चा के दौरान पुल गिरने से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि भागलपुर में जो हुआ है, कुछ समय पहले भी हुआ था। उसी समय हमने कहा कि ऐसा क्यों हुआ।

उन्होंने कहा कि रविवार को फिर से पुल गिरा है। उन्होंने इसे तकलीफदेह बताते हुए कहा कि पुल गिरने की खबर के बाद तुरंत हमने विभाग के सभी अधिकारियों से कहा कि जाकर देख लीजिए और तुरंत एक्शन लीजिए। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा, यह कोई तरीका नहीं है अब तक तो इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए था। अगर समय पर हो गया रहता तो क्यों ऐसी खबर आती। हमको बहुत तकलीफ हुई है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, पुल ठीक से नहीं बना रहा है तभी गिर जा रहा है। अगर ठीक से बनाया होता तो कैसे गिर जाता। अगर समय पर तैयार हो जाता तो लोगों को कितनी खुशी होती। रविवार की शाम बिहार में खगड़िया के अगुवानी और सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर बन रहे फोरलेन महासेतु के तीन पिलर और चार सुपर स्ट्रक्च र टूटकर नदी में समा गए।

 


और भी