क्राइम पेट्रोल
दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या...
कटिहार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बिहार के कटिहार जिले में सोमवार को स्थानीय भाजपा नेता संजीव मिश्रा की गोली मार कर हत्या कर दी गई। इसके विरोध में गांव के लोगों ने चक्काजाम कर दिया। क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार दो बाइक सवार टेल्टा थाना क्षेत्र में स्थित मिश्रा के घर पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। बताया गया है कि पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले की जांच की जा रही है। मृतक संजीव मिश्रा बिहार-बंगाल के बॉर्डर के सुदूर इलाके में वर्षों से भाजपा की राजनीति करते आ रहे थे। इससे पहले भी विधान परिषद चुनाव के दौरान उन पर जानलेवा हमला किया गया था और इसके बाद आज सुबह उनकी हथियारबंद अज्ञात आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
यह भी बताया जा रहा है कि संजीव मिश्रा कटिहार के विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार अग्रवाल के करीबी थे। हालांकि, शुरुआती जांच में आपसी दुश्मनी की बात सामने आ रही है। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है।
छुट्टी पर घर आये, जवान की हत्या
बिहार (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पटना डीआईटी ऑफिस में ड्यूटी करने वाले बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) जवान को पीट-पीटकर मार डाला गया। जवान की हत्या उसके घर के बाहर ही कर दी गई। परिवारवालों ने बताया कि एक दर्जन से ज्यादा लोग आए और हत्या कर फरार हो गए। जवान छठ की छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
मुंगेर के ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के बड़ी अशिकपुर मोहल्ले में रहने वाले बीएसएपी जवान अशोक कुमार छठ के लिए घर आए हुए थे। अशोक पटना में बीएमपी 5 में पदस्थ थे और पटना डीएसपी की ड्यूटी में उनकी तैनाती थी।
शनिवार को जब अशोक अपने घर पर मौजूद थे तभी 10-15 लड़के उनके घर आए. उन्हें घर से बाहर निकाला और जमकर मारपीट की. इतनी मारा कि अशोक अचेत होकर रास्ते पर ही गिर गए। जब परिवार के लोग अशोक को अस्पताल लेकर पहुंचे तो उनकी मौत होने की बात सामने आई. मृतक अशोक के भतीजे अभिषेक ने पुलिस को बताया, ''शनिवार की शाम को चाचा और हम लोग घर पर ही थे।
तभी एक दर्जन से ज्यादा लोग घर पर आए और गली-गलौच करने लगे। हम सब बाहर निकले और उन लोगों से हमारा झगड़ा होने लगा। तभी उन लोगों ने चाचा पर वार कर दिया। घायल चाचा जमीन पर गिर गए और सभी आरोपी मौके से भाग निकले. जिन लोगों ने चाचा की हत्या की है उनसे पुराना विवाद चल रहा है। हमारी बुआ ने एक साल पहले लव मैरिज की थी। उन्हीं के सुसराल के लोगों से चाचा का विवाद चल रहा था. पहले भी जब चाचा घर आए थे तब भी मारपीट हुई थी और अब उनकी हत्या हो गई।
ऑनर किलिंग : बहन और उसके प्रेमी को भाई ने उतारा मौत के घाट...
फर्रुखाबाद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी में फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव राजापुर सरायमेदा में हॉनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी बहन और उसके प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने थाने में सरेंडर कर दिया।
दरअसल गांव राजापुर सरायमेदा निवासी रामकरन (25) का गांव की शिवानी (15) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार रात शिवानी अपने घर से गायब हो गई। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब दो बजे भाई नीटू ने परिजनों के साथ शिवानी और रामकरन को पकड़ लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से पीटने के बाद दोनों को पकड़कर श्रंगीरामपुर स्थित खंता नाला के पास ले गए। वहां दोनों की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। इसके बाद भाई भोर में चार बजे चाकू लेकर कमालगंज थाने पहुंच गया और उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
इस पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए। पुलिस गांव में पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी है। नीटू के अन्य परिजन घर से फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं, इस दौरान दोनों के घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है।
पानी न लाने पर भड़के पिता ने कर दी बेटे की हत्या, आरोपी पिता को हुआ आजीवन कारावास
धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। खाना बनाने के लिए पानी न लाने पर आक्रोशित पिता ने अपने नाबालिग पुत्र के गला व नाक दबाकर हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार करेलीबड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम भेंड्री निवासी परमेश्वर साहू ने 26 अप्रैल 2020 को अपने पुत्र सागर साहू 13 वर्ष को खाना बनाने के लिए पानी मंगाया, तो बटे ने पानी लाने से मना कर दिया। इससे आक्रोशित परमेश्वर साहू ने अपने पुत्र की हत्या करने एक हाथ से गला दबा दिया और दूसरे हाथ से नाक को दबा दिया।
कुछ समय बाद घटनास्थल पर बालक की मौत हो गई। हत्या को छुपाने के लिए आरोपी ने मृतक बच्चे के नाक से आए खून को कपड़ा से पोछकर कपड़ा छिपा दिया। घटना की जानकारी ग्रामीणों को होने पर पुलिस में दी। पुलिस ने शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया, तो हत्या निकला। हत्या के जुर्म पर पुलिस ने आरोपित पिता परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया।
इस मामले को करेलीबड़ी पुलिस ने अपर सत्र न्यायाधीश सुनीता टोप्पो के न्यायालय में पेश किया। सभी पक्षों को सुनने के बाद न्यायाधीश सुनीता टोप्पो ने आरोपित परमेश्वर साहू को हत्या के जुर्म पर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। दंड नहीं पटाने पर अतिरिक्त छह माह की सजा भुगतना पड़ेगा।
3 साल पुराने अंधे क़त्ल का हुआ खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार...
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। 3 साल पहले मंदिर हसौद में परसदा क्रिकेट स्टेडियम के गार्ड के अंधे क़त्ल का खुलासा हो गया है। अवैध संबंध के शक में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। मंदिरहसौद पुलिस ने इस वारदात में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक यह मामला 2019 का हैं। चमन जांगड़े ने थाना मंदिर हसौद में सूचना दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई देवेश जांगड़े बिना किसी को बताये कहीं चले गया है, जो अभी तक घर वापस नहीं आया है। जिस पर थाना मंदिर हसौद में गुम इंसान क्रमांक 75/2019 कायम कर जांच में लिया गया। इसी दौरान 30 सितंबर 2019 को सूचक चमन जांगड़े द्वारा ही थाना मंदिर हसौद क्षेत्रांतर्गत ग्राम परसदा स्थित पनखटिया तालाब के मेढ़ के किनारे उसके छोटे भाई के शव के होने की सूचना दी गई। जिस पर थाना मंदिर हसौद में मर्ग क्रमांक 90/2019 धारा 174 जा.फौ. दर्ज कर जांच में लिया गया।
जांच कार्यवाही के दौरान पुलिस टीम के सदस्यों द्वारा शव को तालाब से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। 11 नवंबर 2019 को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृतक की मृत्यु किसी ठोस एवं भोथले वस्तु से शरीर के विभिन्न जगहों पर वार करने से आई चोटें एवं गला दबाने लेख किया गया है तथा हत्या पश्चात् अज्ञात आरोपी द्वारा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंका जाना प्रतीत होने पर थाना मंदिर हसौद में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 552/19 धारा 302, 201 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक माना कल्पना वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक अपराध दिनेश सिन्हा, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी मंदिर हासौद की संयुक्त टीम तैयार कर मामले के निकाल हेतु पुनः साक्ष्य संकलन व अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। जिस पर लंबित मामलों की डायरियों का अवलोकन कर नये सिरे से विवेचना प्रारंभ किया गया।
इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तीन वर्ष पूर्व से लंबित मंदिर हसौद थानांतर्गत गा्रम परसदा में हुये मृतक देवेश की हत्या की घटना के संबंध में मृतक के भाई सहित आस-पास के लोगों से विस्तृत पूछताछ करते हुये अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल तथा उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ प्रकरण में अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु मुखबीर भी लगाये गये। टीम के सदस्यों द्वारा घटना में संलिप्त अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु लगातार तकनीकी सहायता प्राप्त करते हुए तथा अन्य प्राप्त साक्ष्यों के माध्यम अज्ञात आरोपी की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे थे।
इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना के पूर्व अंतिम बार मृतक देवेश जांगड़े को गांव के ही उसके साथी अमन जांगड़े, चंदशेखर एवं कमलेश के साथ ग्राम परसदा के पनखटिया तालाब में मछली पकड़ने की जानकारी प्राप्त हुई। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा ग्राम परसदा निवासी अमन जांगड़े को पकड़ा गया। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अमन जांगड़े से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि मृतक देवेश जांगड़े परसदा क्रिकेट स्टेडियम में गार्ड के रूप में कार्यरत् था तथा मृतक का गांव के ही चंदशेखर जांगड़े की पत्नी के साथ अवैध संबंध का शंका था एवं एक अन्य आरोपी के बहन के साथ संबंधों की भी चर्चा गांव में हो रही थी। इसी बीच चंदशेखर जांगड़े ने अमन जांगड़े एवं कमलेश को देवेश जांगड़े को जान से मारकर रास्ते से हटाने की बात कहा व सबने मिलकर देवेश जांगड़े की हत्या की योजना बनाई।
दिनांक घटना को पूर्व सुनियोजित योजना के अनुसार चंद्रशेखर जांगड़े एवं अमन जांगड़ेे मृतक देवेश जांगड़े को पहले लाखौली शराब दुकान ले जाकर उसको शराब पिलाये, उसके पश्चात् तीनों मृतक देवेश जांगड़े के मोटर सायकल में बैठकर ग्राम परसदा स्थित पटखनिया तालाब गये। जहां कमलेश पूर्व से मौजूद था वहां उन्होने अपना शर्ट व मोबाईल उतार कर चंद्रशेखर के ईशारे पर अमन व कमलेश मृतक देवेश को लेकर तालाब के दूसरी ओर गये। जहां वे बिजली के तार से तालाब के पानी में करंट फैलाकर मछली पकड़ने लगे। इसी बीच मौका पाकर सुनियोजित तरिके से अमन जांगड़े एवं कमलेश ने मारपीट कर धक्का देकर नीचे गिरा दिया व मछली पकड़ने वाले बिजली के तार से मृतक देवेश जांगड़े का गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी तथा अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से मृतक के शव को तालाब के किनारे छिंद पेड़ के ठूठ व झाड़ियों में छिपा दिये। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा सघन पतासाजी कर घटना में संलिप्त अन्य 2 आरोपी चंद्रशेखर जांगड़े एवं कमलेश निवासी ग्राम परसदा को भी पकड़ा गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिजली का तार जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी
कमलेश जांगड़े पिता कोदूराम जांगड़े उम्र 32 साल निवासी ग्राम परसदा थाना मंदिर हसौद रायपुर
अमन जांगड़े पिता स्व. फत्ते लाल जांगड़े उम्र 22 साल निवासी ग्राम परसदा थाना मंदिर हसौद रायपुर।
चंद्रशेखर जांगड़े पिता सुखचंद जांगड़े उम्र 36 साल निवासी ग्राम परसदा थाना मंदिर हसौद रायपुर।
शादी से किया इंकार, सरफिरे आशिक ने नाबालिग का काटा गाला...
लखनऊ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। यूपी के लखनऊ जिले में थाना दुबग्गा क्षेत्रान्तर्गत मौरा खेड़ा गांव में एक सरफिरे आशिक ने 17 वर्षीया नाबालिग की हत्या कर दी। लड़की का कसूर इतना था कि उसने शादी करने से इंकार कर दिया था। नाबालिग का रक्तरंजित शव खेत में मिला। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। बताया जा रहा है युवक ने खुदकुशी कर ली, लेकिन उसका शव पुलिस को नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार मौरा खेड़ा निवासी रमेश रावत की 17 वर्षीया बेटी की गांव के रहने वाले रोहित रावत ने शुक्रवार सुबह गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं शव के पास हत्यारे का एक नोट भी मिला है। उसने लिखा कि ‘कविता ने शादी करने के लिए मना किया, इसीलिए मैंने मार दिया। मेरे माता-पिता मुझे माफ करना, तुम्ही ने कहा जाओ मर जाओ, आप दोनों हमेशा खुश रहो। कविता की मम्मी से कहना चाहूंगा कि मैंने तुम्हारी बेटी से मोहब्बत की तभी मैने कहा था कि कविता से मुझे शादी करनी है। अगर आपकी नजर में मोहब्बत करके शादी करना जुर्म है तो मैंने किया है। सॉरी कविता की मम्मी मैं कविता का साथ मरते दम तक नहीं छोड़ सकता। अगला जन्म हो तो सच्ची मोहब्बत न हो…'
घटना की सूचना मिलते ही लखनऊ ( दक्षिण) डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच पड़ताल की। पुलिस को घटनास्थल पर ही प्रेमी का लिखा हुआ लेटर मिला। इसमें हत्या के बाद सुसाइड करने की बात लिखी थी। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद आरोपी रोहित की तलाश शुरू कर दी है। इस बीच दोपहर को सूचना मिली कि रोहित ने खुदकुशी कर ली। पुलिस व ग्रामीणों ने आसपास के बाग व अन्य झाड़ियों में दो घंटे तक तलाश की, लेकिन न तो रोहित मिला और न ही उसका शव।
परिजनों ने बताया कि कविता शुक्रवार सुबह करीब छह बजे खेत की तरफ गई थी। काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटी। इस पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इस दौरान कविता का खून से लथपथ शव खेत में पड़ा मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दक्षिण लखनऊ डीसीपी राहुल राज ने बताया,”दुबग्गा में एक 17 साल की बच्ची का शव मिला। इसके गले पर चोट मिला है और एक चाकू भी मौके से मिला है। प्रथम दृष्टया में प्रेम प्रसंग का प्रकरण सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, मामले में आवश्यक विधि की कार्रवाई की जा रही है।
ट्यूशन पढ़ने आई लड़कियों के साथ करता था गंदा काम, शिक्षिका का 65 साल का पिता हुआ गिरफ्तार
दुर्ग (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ट्यूशन पढ़ने आई छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने वाले 65 वर्षीय वृद्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। वृद्ध ट्यूशन में पढ़ने आई लड़कियों के साथ छेड़खानी करता था और गंदा काम करने के बाद उन्हें चॉकलेट का लालच देता था। आरोपी और कोई नहीं बल्कि उसी ट्यूशन की टीचर का पिता है जिसके पास लडकियां ट्यूशन पढ़ने आती थी।
पूरा मामला भिलाई का है। जब यह बात परिजनों को पता चली तो उन्होंने जामुल थाने में शिकायत की और थाने में जमकर हंगामा किया। इसके बाद सीएसपी छावनी प्रभात कुमार ने मामले को शांत कराया और खुद आरोपी को गिरफ्तार किया। सीएसपी ने बताया कि जामुल स्थित एक मकान में एक महिला टीचर पहली से लेकर 8वीं तक के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है। जब महिला टीचर कोई दूसरा काम करने जाती तो उसका 65 साल का पिता शहादत हुसैन छोटी- छोटी बच्चियों को चॉकलेट देने के बहाने उन्हें गलत-गलत जगह छूता था।
उन्हें गले लगाता था, गंदी हरकत करता था। वह बच्चियों को कहता था कि वो यह बात किसी से नहीं बताएंगी तो वह और चॉकलेट देगा। धीरे-धीरे उसकी हरकतें बढ़ने लगी। जब बच्चियां उसकी छेड़खानी से परेशान होने लगीं तो उन्होंने अपने माता पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार शाम 7.30 बजे 5वीं में पढ़ने वाली बच्ची के परिजनों ने जामुल थाने में शहादत हुसैन के नाम उनकी नाबालिग बच्ची से छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी मासूम बच्ची ने बताया कि ट्यूशन में टीचर के पिता उन्हें गलत-गलत जगह पर छूते हैं। परिजनों के साथ और भी कई लोग थे। लोग काफी आक्रोशित हो गए थे। इससे पहले की मामला बढ़ता छावनी सीएसपी वहां पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया। वो खुद टीम लेकर शहादत के घर आसाराम बापू नगर वार्ड 4 पहुंचे और उसे गिरफ्तार करके थाने लाए
नक्सलियों ने की सरपंच पति की हत्या
दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले में माओवादियों ने एक गांव की महिला सरपंच के पति की हत्या कर दी है। माओवादियों ने धारदार हथियार से गला रेत कर वारदात को अंजाम दिया है। माओवादियों की मलांगेर एरिया कमेटी के हथियारबंद नक्सलियों ने वारदात को अंजाम दिया है। हत्या का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामला जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र का है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की देर रात मलांगेर एरिया कमेटी के करीब 5 से 6 हथियारबंद माओवादी रेवाली गांव में अचानक पहुंच गए। सरपंच पति भीमा बारसे को घर से उठाया। फिर उसे जंगल की तरफ लेकर गए। जिसके बाद भीमा की हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद माओवादियों ने शव को गांव में ही फेंक दिया। हालांकि माओवादियों ने भीमा बारसे की हत्या क्यों की है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
चाक़ू की नोक पर लूटे 5 हजार, आरोपी गिरफ्तार...
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर में चाक़ू की नोक पर लूटपाट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाने का है।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रदीप कुमार मारकंडे पिता स्व. परमानंद मारकंडे पता अर्जुन वेली के पीछे, सड्डू रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि शाम करीबन 7.15 बजे कचहरी गेट नंबर 1 के सामने सिटी बस स्टेण्ड शास्त्री चैक में बैठा था, उसी समय वहां पर एक आदमी दूसरे व्यक्ति के साथ गाली गलौच करते हुए प्रार्थी के पास आकर तु वकील है कहकर अश्लील गाली गलौच करने लगा। प्रार्थी द्वारा मना करने पर हाथ मुक्का से मारपीट करते हुए अपने पास रखें चाकू से डरा धमकाकर प्रार्थी का पर्स में रखें आधार कार्ड एवं नगदी रकम 5 हजार रूपये को लूट कर फरार हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाईन में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्र. 690/22 धारा 394 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी सिविल लाईन के नेतृत्व में थाना सिविल लाईन पुलिस टीम द्वारा प्रार्थी के निशानदेही एवं पूछताछ के आधार पर रिपोर्ट दिनांक के चंद घण्टों में ही आरोपी की पतासाजी करते हुए कलेक्ट्रेट गार्डन के पास घेराबंदी कर आरोपी बंटी उर्फ विजय राय को गिरफ्तार कर उसकेे कब्जे से लूट की नगदी रकम 5,000 रूपये एवं आधार कार्ड जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी
बंटी उर्फ विजय राय पिता भैयालाल राय उम्र 34 साल पता खालबाड़ा, गुढ़ियारी, रायपुर।
युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वाला युवक गिरफ्तार
कोंड़ागांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंर्तगत एक युवती ने प्रेमी के द्वारा संबंध नहीं रखने की बात को लेकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका के बड़ी बहन को पता चलने पर गले में लगे चुन्नी काटकर मृतिका को नीचे उतारा और इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र केशकाल में भर्ती कराया गया, जहा इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। पीड़िता की रिपोर्ट पर केशकाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मर्ग जांच में पाया कि आरोपित नितेश विश्वास के द्वारा मृतिका को संबंध तोड़ने, शादी नहीं करने की बात से मृतिका द्वारा फांसी लगाये जाना पाये जाने से थाना केशकाल में आरोपित के विरुद्ध अपराध पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया। घटना दिनांक से आरोपित नितेश विश्वास फरार चल रहा था।
मुखबिर के सूचना के आधार पर आरोपित नितेश विश्वास को घेराबंदी कर पकड़ा गया तथा उसे हिरासत में लेकर पुछताछ बाद आरोपित नितेश विश्वास पिता निखिल विश्वास, उम्र 21 वर्ष, जाति नमोशुद्रो, निवासी डिपोचैक, बोरगांव को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय केशकाल में पेश कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की बड़ी बहन ने अपने घर वालों को फोन कर जानकारी दी कि कुछ दिनो से उसकी छोटी बहन मोबाइल फोन से बहुत बात कर रही है। पीड़ित के द्वारा केशकाल आकर छोटी बहन से पूछताछ करने पर मोहल्ले के नितेश विश्वास से बात करना एवं प्रेम संबंध होना स्वीकार की थी। मकान मालिक ने भी पीडित को उसकी छोटी बहन एवं नितेश विश्वास के प्रेम संबंध में होने की जानकारी दी। तब पीड़ित केशकाल के घर में नितेश एवं उसके पिता निखिल विश्वास को घर में बुलाया था और अपनी बहन एवं नितेश को समझाया था, तभी नितेश अत्यधिक गुस्से में आकर अपने मोबाइल को पटककर मृतिका से संबंध तोड़ने एवं शादी नहीं करने की बात कहा, जिससे मृतिका निराश एवं हताश होकर बाथरूम में जाकर चुन्नी से फांसी लगा ली।
बड़ी खबर : रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ डिप्टी कलेक्टर...
गरियाबंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गरियाबंद जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एंटी करप्शन ब्यूरो ने गरियाबंद जनपद सीईओ (डिप्टी कलेक्टर) को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिप्टी कलेक्टर करून डहरिया ने बोरवेल के काम के एवज में 20 हजार रूपए की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने करून डहरिया को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगे जांच जारी है।
लाइसेंस नवीनीकरण के लिए वनपाल ने मांगे 50 हजार, हुआ गिरफ्तार...
बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। एन्टी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वनपाल को गिरफ्तार किया है। वनपाल ने लाइसेंस नवीनीकरण के एवज में 50 हजार रूपए मांगे थे। पीड़ित की शिकायत के बाद ब्यूरो ने कार्रवाई की है।
दरअसल प्रार्थी सत्यवत प्रधान पिता बाबू प्रधान 23 वर्ष निवासी सत्या फर्नीचर्स उसलापुर ब्रिज के पास बिलासपुर के द्वारा 3 अक्टूबर को एसीबी में फॉरेस्टर गजेन्द्र गौतम पिता- राम प्रताप गौतम उम्र-45 वर्ष सी. सी. एफ/ उड़नदस्ता बिलासपुर के विरुद्ध इस आशय की शिकायत की गयी कि 29 सितंबर को सी सी एक उडनदस्ता में तैनात वनपाल गजेन्द्र गौतम प्रार्थी के फर्नीचर की दुकान में आकर लाइसेस के बारे में पूछताछ करने पर उसने कोरोना काल में लाइसेंस की मियाद खत्म होने से तथा प्रार्थी के एक भाई के जाने से लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं करवा सको बताया। जिस पर वनपाल गजेन्द्र गोराम द्वारा इसी बात पर से प्रार्थी से बतौर रिश्वत 50,000, रूपये की मांग मौके पर ही की गयी। जिस संबंध में प्रार्थी द्वारा मौके पर उपस्थित गवाह से रकम उधार लेकर गजेन्द्र गौतम को 33,800 रूपये दिये गये। गजेन्द्र गौतम द्वारा रिश्वत की रकम 50,000/- रूपये में से शेष रकम 16.200/- रूपये की प्राप्ति के लिए 3 अक्टूबर को पुन फर्नीचर दुकान आकर तकादा करने पर प्रार्थी द्वारा एसीबी में शिकायत की गयी।
एसीबी / ईओडब्ल्यू के निदेशक आरिफ शेख के द्वारा उक्त शिकायत के संबंध में सत्यापन पश्चात कार्यवाही किये जाने को लेकर निर्देश देने पर निदेशक के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृता सोरी के पर्यवेक्षण में शिकायत के सत्यापन पर से प्रार्थी द्वारा आरोपी गजेन्द्र गौतम फॅरिस्टर के द्वारा बतौर रिश्वत 50,000/- रूपये की मांग करना जिस पर से प्रार्थी से 33,800/- रूपये रिश्वत के रूप में प्राप्त करना तथा शेष रिश्वती रकम 16,200 रुपये के लिए प्रार्थी से तकादा करना सही पाये जाने पर एसीबी बिलासपुर टीम के द्वारा गजेन्द्र गौतम फॉरस्टर के विरूद्ध अपराध क्रमांक 17 / 2022 धारा 7(क) अनि अधि पंजीबद्ध किया जाकर उक्त आरोपी को शुक्रवार को विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
केंद्रीय जेल में बंदी पर हुआ जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती...
बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सेंट्रल जेल में बंदी पर जानलेवा हुए हमले के बाद उसे सिम्स में भर्ती कराया गया है। यहां डॉक्टरों ने उसके चेहरे व सिर पर 22 टांके लगाए। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी बंदी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। सरकंडा बंधवापारा बंसोड़ मोहल्ला निवासी विष्णु वंशकार पिता शिवप्रसाद (23) मारपीट के आरोप में 2 नवंबर से जेल में बंद है। वह अन्य लोगों के साथ स्वास्थ्य परीक्षण कराने जेल अस्पताल आया था।
उसी समय जेल में छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के मामले में बंद सिरगिट्टी गणेश नगर चुचुहियापारा शेख अजहर उर्फ अज्जु (26)आया। उसका विष्णु के साथ पुराना विवाद थी। आते ही वह गाली-गलौज करने लगा और अपने साथ छिपाकर लाए टीने के टुकड़े से उस पर हमला कर दिया। वह चेहरे व सिर पर वार किया। इससे विष्णु लहुलुहान हो गया। वहां मौजूद दूसरे बंदियों ने बीच बचाव किया। इसके बाद जेल अस्पताल में ही प्राथमिक इलाज किया गया लेकिन हालत को देखते हुए जेल प्रशासन ने उसे सिम्स रेफर कर दिया।
मंदिर में घुसे चोर... माता को किया प्रणाम... लाखों का माल पार...
महासमुंद (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के बागबाहरा में स्थित प्रसिद्ध देवी स्थल माता खल्लारी के मंदिर में लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। चोर मंदिर में घुसे और फिर माता जी के सामने हाथ जोड़कर प्रणाम करते हुए मां को पहनाए गए दो मुकुट दो चांदी की चरण पादुका, दो छत्र, माता की एक करधन और दान पेटी समेत कई सामान को लेकर चलते बने। चोरों की यह चोरी मंदिर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरों की तस्वीर सामने आने के बाद अब पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दो नकाबपोश चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। मामला खल्लारी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार माता खल्लारी के मेन मंदिर में दो नकाबपोश चोरों ने लाखों की चोरी की है। चोरों ने पहले माता को प्रणाम किया। इसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने माता का दो मुकुट, दो चरण पादुका, दान पेटी, दो क्षत्र, करधन, पायल और बिछिया पार कर दिए। मंदिर प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार मंदिर से की गई नगद और चांदी के जेवर की कीमत लगभग चार लाख बताई जा रही है। वहीं घटना को अंजाम देते दोनों चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। फिलहाल पुलिस साइबर क्राइम की टीम सहित डॉग स्क्वाड टीम के साथ मामले की जांच में जुट गई है।
छात्र की स्कूल टाई से गला घोटकर की हत्या
कानपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रेलवे ट्रैक के पास एक शव मिली जो कक्षा 12 के एक छात्र की स्कूल टाई से गला घोटकर हत्या कर दी गई। शव की पहचान रोनिल सरकार के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रोनिल के शरीर पर चोट के 10 निशान भी पाए गए।
पुलिस ने बताया कि विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। मामले में छह संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। रोनिल का शव जहां मिला वहां से पुलिस को बीयर की बोतलें, सिगरेट के टुकड़े और खाने-पीने का सामान भी मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में नशा करने लोग आते रहते थे।
रोनिल के पिता संजय सरकार ने कहा कि उनके बेटे की हत्या कहीं और की गई और शव को इस इलाके में फेंक दिया गया। उन्होंने कहा कि जंगल में रात भर लाश पड़ी रही, अगर रोनिल यहां पैदल आत तो उसके जूतों पर कीचड़ लगा होता, लेकिन ऐसा नहीं था।
एसीपी (छावनी) मृगंक शेखर पाठक ने बताया कि एक सीसीटीवी फुटेज में रोनिल को पीएसी क्रॉसिंग तक जाते देखा गया। लेकिन वह इस मार्ग पर आगे लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में नहीं देखा गया। यह स्पष्ट नहीं है कि किसके माध्यम से वह चंदारी पहुंचा।
उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि हत्या से पहले रोनिल की पिटाई की गई थी। पोस्टमॉर्टम करने वाले चिरंजीव कुमार और आर.एस. यादव ने कहा कि रोनिल के सिर, पैर, छाती, पेट और पीठ पर चोट के 10 निशान थे।
तस्करों की गिरफ्तार करने पहुंची टीम पर हमला, टीआई-एएसआई घायल...
जांजगीर चांपा (छत्तीसगढ़ दर्पण)।जिले में आरोपियों पर कार्रवाई करने गई पुलिस की टीम पर लाठी औऱ डंडे से हमला हुआ है। हमले में थाना प्रभारी और एएसआई को चोटें आई है। उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह पुलिस की टीम वारंटी बदमाश और शराब तस्करों को पकड़ने गई थी। पुलिस को आते देख आरोपियों ने पुलिस की टीम पर ही हमला बोल दिया। हमले में थाना प्रभारी ओपी कुर्रे और एएसआई को चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर ले जाया गया है। पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। जल्दी ही आरोपियों की गिरफ़्तारी की जाएगी।
नाबालिग से दुष्कर्म मामले बड़ा खुलासा,अलग-अलग निकला आरोपी और बच्चे का डीएनए
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भधारण में मामलें मेें पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है, नाबालिग के बच्चे और जेल में बंद आरोपी का डीएनए अलग अलग निकला है, यानि की नाबालिग के बच्चे का पिता आरोपी नहीं बल्कि कोई और है।
मामला साफ है कि किसी और ने भी नाबालिग से दुष्कर्म किया था। डीएनए जांच से साफ हो गया है कि किसी अन्य के द्वारा किए गए दुष्कर्म से नाबालिग गर्भवती हुई थी। नाबलिग से दुष्कर्म के मामले में और भी दोषी हैं।
बता दें कि यह पूरा मामला माना एसओएस बालिका आश्रम में नाबालिग से दुष्कर्म हुआ था। दुष्कर्म के बाद नाबालिग गर्भवती हुई थी। नाबलिग द्वारा जन्मे बच्चे की मौत हो चुकी है। इस मामले में जिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल में भेजा गया है, डीएनए टेस्ट कराने पर पता चला है कि उसका डीएनए नाबालिग के मृत बच्चे के डीएनए से मैच नहीं कर रहा है।

