छत्तीसगढ़

दिव्यांग हितग्राहियों को विभिन्न उत्पाद तैयार करने उपलब्ध कराया गया नि:शुल्क प्रशिक्षण

 जशपुरनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला प्रशासन की ओर से सराहनीय पहल करते हुए जिले के दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनका कौशल विकास कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिला कौशल विकास प्राधिकरण की ओर से दिव्यांगों को नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें विभिन्न कलाओं में निपुण किया जा रहा है। जिससे वे विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर आय प्राप्त कर रहे है। जिले के दिव्यांग हितग्राहियों की ओर से मोतियों का आकर्षक बैग, ब्रेसलेट व घर के लिए आवश्यक साज-सज्जा से सम्बंधित सामान तैयार किए जा रहे हैं। 

जिला प्रशासन की सहयोग से ही इन दिव्यांग समूह की ओर से पूर्व से ही एलईडी बल्ब का निर्माण किया जा रहा है। जिसके विक्रय से इन्हें अच्छी आमदनी प्राप्त हुई है। प्रशासन द्वारा इनकी आमदनी को और अधिक बढ़ाने व समूह को सिर्फ बल्ब निर्माण तक ही सीमित न रखने के उद्देश्य से इन्हें अन्य उत्पाद तैयार करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। डिजीएबल्ड समूह में 10 सदस्य है। वर्तमान में इनके दो सदस्यों राजेश लकड़ा व कुलदीप मिंज को दुर्ग में आकर्षक बैग व घरेलू सजावटी उत्पाद का नि:शुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है। जहां डिजीएबल्ड संस्था के कुणाल गुप्ता द्वारा इन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है।

सहायक संचालक कौशल विकास प्राधिकरण ने बताया कि प्रशिक्षण के उपरान्त इन दिव्यांग हितग्राहियों की ओर से जशपुर के डिसेबल्ड समूह के अन्य सदस्यों को आगे प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिससे वे सभी इन कलाओं में निपुण होकर अधिक मात्रा में आकर्षक बैंग, ब्रेसलेट आदि का निर्माण कर सकेंगे व अधिक मात्रा में जिले में ही विभिन्न उत्पाद तैयार करेंगे। जिसके विक्रय से इनकी आमदनी में वृद्धि व आर्थिक स्थिति में निश्चित रूप से सुधार आएगा। उन्होंने बताया कि आगामी क्रिसमस व नव वर्ष के अवसर पर दिव्यांगों की ओर से तैयार किए गए यह आकर्षक उत्पाद जिले में विक्रय के लिए उपलब्ध होंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image