राज्यपाल पर बेवजह दबाव बना रही है भाजपा : भूपेश बघेल
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश में आरक्षण मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री बघेल ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगते हुए कहा कि भाजपा के दबाव में आकर राज्यपाल आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर नहीं कर रही हैं।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राज्यपाल अनुसुईया उईके तुरन्त हस्ताक्षर करने वाली थीं, वो अब किंतु-परंतु कर रही हैं। राज्यपाल भोली महिला हैं, निश्छल हैं, आदिवासी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्यपाल पर दबाव बना रही है। इनके कई मुंह हैं, एक बोलता है, 70 दिन तक क्या करते रहे? दूसरा बोलता है इतनी जल्दी लाने की क्या जरूरत ?
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि विधानसभा से विधेयक पारित हुआ है, तुरन्त लागू होना चाहिए। रोका नहीं जाना चाहिए। हस्ताक्षर होकर जब तक हमारे पास नहीं आएगा, हम आगे काम कैसे करेंगे। प्रदेश की जनता के साथ मजाक बना कर रखे हैं। बता दें कि इसके पहले राज्यपाल अनुसुईया उइके ने कहा था कि आरक्षण विधेयक पर परीक्षण के बाद हस्ताक्षर किया जाएगा। विधेयक का परीक्षण करने और सचिवालय से लीगल एडवाइजर के बाद सोमवार तक इस पर हस्ताक्षर करुंगी। लेकिन अब भी आऱक्षण बिल पर मामला अटका हुआ है।

