छत्तीसगढ़

कृषि मंत्री ने बेमेतरा प्रवास के दौरान खाद, बीज के भंणडारण व उठाव की ली जानकारी

बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। प्रदेश के कृषि, जैव प्रौद्योगिकी, पशुपालन, मछली पालन, जल संसाधन एवं आयाकट मंत्री रविन्द्र चौबे ने आज सोमवार को न्यू सर्किट हाउस बेमेतरा में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों को मिले। केबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से चालू बारिश सीजन के दौरान जिले में खाद-बीज की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।

कृषि मंत्री चौबे ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसानों को खाद व बीज के लिए भटकना न पड़े, वतर्मान समय अभी खेती-किसानी का है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों की ओर से स्वर्णा व महामाया धान बीज की डिमाण्ड आ रही है। केबिनेट मंत्री ने बीज निगम के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उक्त बीज किसानों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन 2022 में जिले के सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से 52300 मि.टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिसके विरूद्ध अबतक यूरिया 19903 मि.टन, डीएपी 9876 मि.टन, पोटास 2508 मि.टन, सुपरफास्फेट 3074 मि.टन व एनपीके 7 मि.टन कुल 35368 मि.टन उर्वरक का भंडारण सेवा सहकारी समिति में हुआ है। कृषकों की ओर से अब तक यूरिया 16462 मि.टन, डीएपी 8994 मि.टन, पोटास 1759 मि.टन, सुपरफास्फेट 2549 मि.टन व एनपीके 1 मि.टन कुल 29765 मि.टन उर्वरक का उठाव किया जा चुका है।

इसी प्रकार खरीफ सीजन 2022 केलिए जिले को 37735 क्विं. अनाज, दलहन व तिलहन बीज वितरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिले में अबतक धान 21288.90 क्विं., कोदो 129.76 क्विं., अरहर 115.96 क्विं., सोयाबीन 495.90 क्विं. व सन्/ढेंचा 6.90 क्विं. कुल 22037.42 क्विं. बीज का भंडारण हुआ है, जिसके विरूद्ध अबतक कृषकों की ओर से धान 17774 क्विं., कोदो 7.53 क्विं., अरहर 51.48 क्विं., सोयाबीन 396.30 क्विं. व सन्/ढेंचा 6.90 क्विं. कुल 17836.21 क्विं. बीज का उठाव किया जा चुका है। इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि बंशी पटेल, कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ लीना मंडावी, अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी सहित जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image