डोकाल पंचायत में 238 श्रमिकों को मिला 100 दिन का काम
परिसम्पत्ति निर्माण के साथ मजदूरों के जीवन में आया बदलाव
धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियोजित श्रमिकों को एक वित्तीय वर्ष में कम से कम 100 दिवस की गारंटीकृत मजदूरी मुहैया कराकर आजीविका सुरक्षा में स्थिरता लाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत प्रत्येक परिवार के वयस्क सदस्य को अकुशल मैनुअल काम कराकर रोजगार के आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। इसी तरह जिले के नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत डोकाल में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल स्वीकृत कार्य 6336 राशि 16530.38 लाख रुपए के काम कराये गये हैं। परिसंपत्ति निर्माण से पंचायत के कार्यों में गतिशीलता आयी है।
बता दें कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत धमतरी विकासखंड 1591 कुरुद विकासखंड 1387 मगरलोड विकासखंड 1968 नगरी विकासखंड 2940 श्रमिकों के द्वारा 100 दिवस का कार्य पूर्ण किया गया। जल संवर्धन के कार्यों को भी व्यापक रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं श्रमिकों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के कार्यों का लाभ व्यक्तिगत और सामुदायिक दोनों स्तर पर बराबर मिल रहा है। इससे ग्रामीणों के जीवन में तेजी से बदलाव आ रहा है। श्रमिक आर्थिक संसाधन से भी लाभान्वित हो रहे हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोक्तिमा यादव ने बताया कि-कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी के निर्देशानुसार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत जिले में कुल 646 निर्माण कार्य चल रहे हैं जिसमें कुल 27492 श्रमिक नियोजित हैं। यह अच्छी बात है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में ग्राम पंचायत डोकाल के 238 श्रमिकों ने 100 दिवस पूर्ण करते हुए परिसंपत्ति निर्माण के साथ बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत श्रमिकों को प्रति परिवार के मान से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीणों के जीवन में आए महत्वपूर्ण बदलाव को स्पष्ट देखे जा सकते हैं। बेरोजगारों की आंखों में उत्साह की चमक, किसानों के हंसते-मुस्कुराते चेहरे, महिलाओं में जागृत स्वाभिमान विश्वास एवं गौरव की भावना जीवन स्तर में वृद्धि आवागमन हेतु मिट्टी सड़क निर्माण, कुंआ निर्माण, भूमि सुधार, तालाब गहरीकरण सह निर्मलाघाट निर्माण कार्य, अमृत सरोवर सह इनलेट आउटलेट निर्माण कार्य मनरेगा योजना से ही संभव हो पा रहा है। 100 दिवस पूर्ण परिवार अब अपने परिवारिक दायित्व को भी बखूबी निभा रहे हैं। वहीं डोकाल के नियोजित श्रमिकों ने बताया कि मनरेगा कार्य से जीवन स्तर में खुशहाली आयी है।
ग्राम पंचायत डोकाल के सरपंच देवचंद उइके ने बताया कि डोकाल महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अधिकार और कार्य के प्रति जागरूकता आयी है। श्रमिक बिना किसी भेदभाव के कार्य को सुनिश्चिता के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं।

