शिक्षा

केंद्रीय राज्य मंत्री ने किया एकलव्य विद्यालय भवन का शिलान्यास

 अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री तथा सरगुजा सांसद श्रीमती रेणुका सिंह ने शनिवार को उदयपुर जनपद के ग्राम पंचायत रिखी में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भवन निर्माण का शिलान्यास विधिवत पूजा अर्चना कर किया। इस विद्यालय भवन का निर्माण करीब 38 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। भारत सरकार की ओर से जनजाति गौरव दिवस समारोह सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भवन का शिलान्यास किया गया जो जवाहर नवोदय विद्यालय के तर्ज पर संचालित होगा। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा और एकलव्य की प्रतिमा पर दीपमाला प्रज्ज्वलित कर पुष्पमाला अर्पित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से विभीन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।

ज्ञातव्य है कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का संचालन आदिवासी वर्ग के छात्र तथा छात्राओं के अध्ययन व्यवस्था के लिए किया जाता है। भारत सरकार जनजातीय कार्य विभाग की ओर से 50 प्रतिशत से अधिक आदिवासी जनसंख्या वाले विकासखंडों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की स्वीकृति दी जाती है। विद्यालय में कक्षा 6वीं से 12वीं तक पढ़ाई होती है। प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से कक्षा 6वीं में प्रवेश दिया जाता है व कक्षा 12वीं तक विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। बजट की व्यवस्था पूर्णत: भारत सरकार से की जाती है। विद्यार्थियों के लिए रहने, खाने और पढऩे की नि:शुल्क व्यवस्था होती है। प्रत्येक छात्र को प्रतिमाह 1500 रुपए के मान से शिष्यवृत्ति दी जाती है, जिससे मेस का संचालन होता है।

 

इस अवसर पर पूर्व सांसद कमलभान सिंह, जिला सीईओ विश्वदीप, एसडीएम शिवानी जायसवाल, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जेआर नागवंशी, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के मुख्य अभियंता वाप्कोस आदर्श कालिया, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य मंत्रालय गौरव शर्मा, जनपद उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा, अखिलेश सोनी, अनिल सिंह मेजर, सरपंच सुशीला पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image