शिक्षा

स्वामी आत्मानंद स्कूल में परिवर्तित होंगे हाई स्कूल, कलेक्टर ने लिया जायजा

 दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री के मंशानुरूप जिले के सभी हाई स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूल में परिवर्तित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में दंतेवाड़ा जिले के सभी हाई स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूलों में परिवर्तित करने की तैयारी चल रही है। इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर विनीत नंदनवार गीदम विकासखंड अंतर्गत कन्या शिक्षा आवासीय परिसर जावंगा व कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जावंगा पहुंचे। कन्या शिक्षा परिसर व कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दोनों को स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल का स्वरूप देते हुए बदला जा रहा है। 

इस दौरान कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण हो रहे कार्यों को देखते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और उन्होंने कला डिजाइन और वहां की समरसता को देखते हुए बेहतर कार्य करने को कहा। साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए कार्य करने निर्देशित किया। इस दौरान बच्चों से चर्चा करते हुए कहा कि आपको हर सुविधा दी जा रही है इसके बदले आप सभी अच्छी शिक्षा ग्रहण करते हुए जीवन में उन्नति करें साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। ज्ञात हो कि दंतेवाड़ा जिले में पहले से ही 5 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, 1 स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल संचालित है। अब जिले के सभी हाई स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूल में बदलने की तैयारी की जा रही है। जिसमें 18 हाई स्कूलों में कार्य प्रगतिरत है। इस दौरान गीदम जनपद सीईओ अमित भाटिया मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image