राष्ट्रपति चुनाव : एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अब तक मिले 71.79 फीसदी वोट
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। देश को आज नया राष्ट्रपति मिलने जा रहा है। 18 जुलाई को हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आज घोषित होने वाले हैं। संसद भवन में वोटों की गिनती जारी है। पहले चरण की गिनती में सांसदों के वोट गिने गए। राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के मूल्य के साथ 540 वोट हासिल किए हैं और यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के मूल्य के साथ 208 वोट हासिल किए हैं। कुल 15 वोट अवैध थे।
अगर द्रौपदी मुर्मू ये चुनाव जीतती हैं तो वह पहली आदिवासी महिला होंगी जो राष्ट्रपति बनेंगी। मुर्मू का राष्ट्रपति चुना जाना तय माना जा रहा है। कई राज्यों में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में हुई क्रास वोटिंग से भी उनकी जीत पक्की मानी जा रही है। बता दें कि मौजूदा राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण 25 जुलाई को होगा।
द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के करीब पहुंच चुकी हैं। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भाजपा मुख्यालय के बाहर जमा हुए लोग द्रौपदी मुर्मू की जीत का जश्न मना रहे हैं। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अधिकारी ने जानकारी दी है कि अब तक हुए कुल मतों में से एनडीए की द्रौपदी मुर्मू को 71.79 फीसदी वोट मिले हैं।
राज्यसभा, महासचिव, पीसी मोदी ने जानकारी दी कि दूसरे दौर के बाद, जिसमें पहले 10 राज्यों के मतपत्रों की वर्णानुक्रम (Alphabetically) में गणना की गई है। कुल वैध मत 1138 और उनका कुल मूल्य 1,49,575 है। इस गणना के मुताबिक, द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट मिले, जिनकी कीमत 1,05,299 और यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले, जिनकी कीमत 44,276 है।

